ट्रेन से तस्करी कर हमलावर तक पहुंचाए थे हथियार, टाइगर श्रॉफ केस में UP की दो महिला समेत 4 गिरफ्तार
टाइगर श्रॉफ की कार पर गोलीबारी मामले में हथियारों की आपूर्ति में शामिल उत्तर प्रदेश की दो महिलाओं सहित चार आरोपी गिरफ्तार हुए हैं।

टाइगर श्रॉफ हमले मामले में यूपी की दो महिला गिरफ्तार
HighLights
टाइगर श्रॉफ गोलीकांड में हथियार आपूर्ति में दो महिलाएं शामिल।
उत्तर प्रदेश की दो महिलाओं सहित चार आरोपी गिरफ्तार।
पुलिस 26 अक्टूबर तक हिरासत में लेकर कर रही गहन जांच।
राज्य ब्यूरो, मुंबई। अभिनेता टाइगर श्रॉफ की कार पर हुई गोलीबारी के मामले में मुख्य शूटरों को हथियारों की आपूर्ति करने में उत्तर प्रदेश की दो महिलाएं भी शामिल थीं। पुलिस ने इस मामले में दो महिलाओं सहित चार आरोपितों को गिरफ्तार किया है। गुरुवार को मुंबई की एक मजिस्ट्रेट अदालत ने चारों आरोपितों को 26 अक्टूबर तक पुलिस हिरासत में भेज दिया।
पुलिस का दावा है कि आरोपितों ने हमले में इस्तेमाल किए गए हथियारों को हमलावरों तक पहुंचाने में अहम भूमिका निभाई थी। अब जांच एजेंसियां यह पता लगाने में जुटी हैं कि हथियार कहां से खरीदे गए और हमले की साजिश में कौन-कौन शामिल था। शूटरों को हथियार पहुंचाने के आरोप में गिरफ्तार हुए लोगों की पहचान हरियाणा के सोनीपत निवासी कुणाल (21) और सुमित (19) तथा उत्तर प्रदेश की राधा (23) और बबीता (23) के रूप में हुई है।
चारों को दिल्ली से मुंबई लाया गया था। पुलिस ने अदालत में उनकी हिरासत की मांग करते हुए कहा कि वे पहले गिरफ्तार किए गए आरोपितों के संपर्क में थे और साजिश में सक्रिय रूप से शामिल थे। पुलिस के अनुसार, इनमें से दो आरोपित हथियार खरीदने के लिए अमृतसर गए थे, जबकि दोनों महिलाओं ने कथित तौर पर ट्रेन से हथियारों की तस्करी कर उन्हें सीधे हमलावरों तक पहुंचाया।
हालांकि, बचाव पक्ष के वकील अजिंक्य मीरगुल और सत्यव्रत जोशी ने पुलिस रिमांड का विरोध किया। उनका कहना था कि आरोपितों के खिलाफ कोई ठोस सबूत नहीं है और उन्हें केवल संदेह के आधार पर गिरफ्तार किया गया है। ऐसे में हिरासत में पूछताछ की जरूरत नहीं है। दोनों पक्षों की दलीलें सुनने के बाद अदालत ने आरोपितों को 26 अक्टूबर तक पुलिस हिरासत में भेजने का आदेश दिया।
जांच से जुड़े पुलिस सूत्रों के मुताबिक, हमले को अंजाम देने से पहले आरोपियों ने मुंबई के पास एक स्थान पर हथियार चलाने का अभ्यास किया था। पूछताछ में सामने आया कि आरोपितों ने हथियारों को जांचने के लिए गोलियां चलाई थीं। इसके अलावा, अंधेरी स्थित एक होटल के कमरे में भी हथियार का परीक्षण किए जाने की बात सामने आई है। इस दौरान गलती से चली एक गोली बिस्तर पर जा लगी थी।
पुलिस अब कथित अभ्यास स्थल की जांच कर रही है और हमले से पहले की गई तैयारियों के बारे में जानकारी जुटा रही है। रविवार शाम मुंबई के जुहू इलाके में टाइगर श्राफ की कार पर कम से कम दो हमलावरों ने गोलियां चलाई थीं। इसके बाद वे मोटरसाइकिल से फरार हो गए। पुलिस के अनुसार, कार पर पांच से छह गोलियां दागी गईं।
अभिनेता सुरक्षित बच गए, जबकि उनके चालक और एक राहगीर घायल हो गए। वारदात में इस्तेमाल मोटरसाइकिल बाद में अंधेरी में लावारिस मिली। पुलिस ने हत्या के प्रयास और शस्त्र अधिनियम के तहत मामला दर्ज किया है।
इस मामले में अब तक कुल 10 लोगों की गिरफ्तारी हो चुकी है। बुधवार को अदालत ने रेहान उर्फ सुक्का, रितिक कुर्मी उर्फ रोशन और फूल सिंह को 31 अक्टूबर तक पुलिस हिरासत में भेजा था।
पुलिस अब आरोपितों के आपसी संपर्क, हथियारों की खरीद और आपूर्ति की कड़ियों को जोड़ने के साथ हमले की पूरी साजिश का पता लगाने में जुटी है। इसके अलावा, अभिनेता को कथित तौर पर दी गई धमकी से संबंधित ऑडियो क्लिप की भी जांच की जा रही है। अधिकारियों की योजना आवाज के नमूनों का मिलान पुलिस डेटाबेस में उपलब्ध रिकॉर्डिंग से कराने की है।
