विज्ञापन हटाएंसिर्फ खबर पढ़ें

जेल से छूटे इंजीनियर ने रची थी टाइगर श्रॉफ पर हमले की साजिश, हथियार और पैसों का इंतजाम करने का आरोप

Published: Mon, 26 Oct 2026 01:56 PM (IST)

बॉलीवुड अभिनेता टाइगर श्रॉफ की कार पर गोलीबारी मामले में गिरफ्तार प्रांजल ठकराल पर लॉरेंस बिश्नोई गिरोह के मास्टरमाइंड अनिल ...और पढ़ें

इंजीनियर प्रांजल ठकराल ने मुहैया कराए थे हथियार और पैसा (स्क्रीनग्रैब)

इंजीनियर प्रांजल ठकराल ने मुहैया कराए थे हथियार और पैसा (स्क्रीनग्रैब)

timer icon

समय कम है?

जानिए मुख्य बातें और खबर का सार एक नजर में

संक्षेप में पढ़ें

डिजिटल डेस्क, मुंबई। बॉलीवुड अभिनेता टाइगर श्रॉफ की कार पर हुई गोलीबारी के मामले में मुंबई पुलिस की क्राइम ब्रांच ने एमपी के इंदौर से 22 वर्षीय डिप्लोमा इंजीनियर प्रांजल ठकराल को गिरफ्तार किया। प्रांजल इस मामले में पकड़ा गया 11वां आरोपी है।

आरोप है कि प्रांजल ने ही लॉरेंस बिश्नोई गिरोह के अमेरिका में बैठे मास्टरमाइंड अनिल पंडित के निर्देश पर शूटरों को पिस्तौल, रसद और वित्तीय मदद मुहैया कराई थी।

पुलिस के अनुसार, लॉरेंस बिश्नोई गिरोह के सदस्य के रूप में अमेरिका से काम करने वाले अनिल पंडित ने श्रॉफ पर हमले की योजना बनाई थी। प्रांजल को इस योजना को अंजाम देने की जिम्मेदारी सौंपी गई थी, जिसमें हमलावरों के लिए हथियार और पैसे की व्यवस्था करना शामिल था।

पुलिस की नजरों से बचने के लिए मास्टरमाइंड अनिल पंडित और प्रांजल ठकराल एक सीक्रेट (गुप्त) मैसेजिंग ऐप के जरिए आपस में जुड़े हुए थे। जांचकर्ताओं को उम्मीद है कि ठकराल के फोन से बरामद चैट के विश्लेषण और वित्तीय लेन-देन की पड़ताल से विदेश में सक्रिय पंडित के अंतरराष्ट्रीय सिंडिकेट और नेटवर्क का पर्दाफाश करने में अहम सुराग मिलेंगे।

प्रांजल ठकराल कौन हैं?

22 वर्षीय प्रांजल ठकराल के पास इंजीनियरिंग में डिप्लोमा है। वह पहले हरियाणा के पानीपत में मुख्य साजिशकर्ता अनिल पंडित के इशारे पर एक व्यापारी पर हमला करने के आरोप में जेल जा चुका था और इसी साल मार्च में जमानत पर रिहा हुआ था।

जेल से बाहर आते ही उसने मुंबई के जुहू में अभिनेता टाइगर श्रॉफ पर हमले की साजिश रचने के लिए विदेश में बैठे पंडित के साथ मिलकर काम करना शुरू कर दिया।

क्राइम ब्रांच के लिए ठकराल एक अहम कड़ी साबित हो सकता है, जिसके जरिए पुलिस विदेश में छिपे मुख्य आरोपी अनिल पंडित तक पहुंचने की कोशिश कर रही है। रविवार को ठकराल को किला कोर्ट की अवकाशकालीन पीठ के समक्ष पेश किया गया, जहां से अदालत ने उसे 31 अक्टूबर तक पुलिस हिरासत में भेज दिया।

टाइगर श्रॉफ फायरिंग केस

गौरतलब है कि बीते 18 अक्टूबर की शाम को कम से कम दो अज्ञात हमलावरों ने 36 वर्षीय अभिनेता टाइगर श्रॉफ की कार पर ताबड़तोड़ गोलियां चलाईं। यह हमला उस वक्त हुआ जब अभिनेता जुहू स्थित पुष्पा नरसी पार्क (ग्राउंड) में फुटबॉल मैच खेलने के बाद बाहर निकल रहे थे।

हमलावर बाइक से फरार हो गए, बाइक को हमलावरों ने अंधेरी इलाके में लावारिस छोड़ दिया। इसके बाद वे सूरत पहुंचे और वहां से पुणे-जयपुर एक्सप्रेस में सवार हो गए। राजस्थान के कोटा में पुलिस ने घेराबंदी कर तीनों हमलावरों को पकड़ लिया।

यह भी पढ़ें- टाइगर श्रॉफ फायरिंग केस का इंदौर से जुड़ा कनेक्शन, मुंबई पुलिस ने 11वें संदिग्ध को किया गिरफ्तार