टाइगर श्रॉफ फायरिंग केस का इंदौर से जुड़ा कनेक्शन, मुंबई पुलिस ने 11वें संदिग्ध को किया गिरफ्तार
मुंबई पुलिस ने फिल्म अभिनेता टाइगर श्रॉफ की कार पर फायरिंग के मामले में इंदौर से प्रांजल नामक युवक को ...और पढ़ें

टाइगर श्रॉफ फायरिंग केस में इंदौर से 11वां संदिग्ध गिरफ्तार

समय कम है?
जानिए मुख्य बातें और खबर का सार एक नजर में
डिजिटल डेस्क, इंदौर। फिल्म अभिनेता टाइगर श्रॉफ की कार पर फायरिंग के मामले में मुंबई पुलिस ने इंदौर से प्रांजल नाम के युवक को पकड़ा है। पुलिस को संदेह है कि वह फायरिंग करने वाले शूटर के संपर्क में था। मुंबई पुलिस मोबाइल लोकेशन के आधार पर उसकी तलाश कर रही थी। शनिवार को उसकी लोकेशन इंदौर में मिलने के बाद मुंबई पुलिस की टीम यहां पहुंची और इंदौर पुलिस की मदद से उसे पकड़ लिया।
प्रारंभिक पूछताछ में प्रांजल और फायरिंग करने वाले शूटर के बीच संपर्क होने की जानकारी सामने आई है। हालांकि, फायरिंग की साजिश में उसकी वास्तविक भूमिका क्या थी, इसकी पुष्टि पूछताछ और जांच के बाद ही हो सकेगी। हिरासत में लिया गया आरोपी इस केस में 11वां संदिग्ध है।
मोबाइल लोकेशन से इंदौर तक पहुंची पुलिस
मुंबई में अभिनेता टाइगर श्रॉफ की कार पर फायरिंग के बाद से ही पुलिस आरोपी और उनके मददगारों की तलाश में जुटी है। इसी कड़ी में जांच के दौरान प्रांजल का नाम सामने आया। मुंबई पुलिस उसकी मोबाइल लोकेशन ट्रेस कर रही थी। शनिवार को लोकेशन इंदौर में मिलने पर पुलिस दल यहां पहुंचा। इसके बाद मुंबई और इंदौर पुलिस की संयुक्त टीम ने कार्रवाई कर उसे पकड़ लिया।
शूटर से संपर्क की जांच
प्रांजल को पकड़ने के बाद मुंबई पुलिस और इंदौर क्राइम ब्रांच की टीम उससे पूछताछ कर रही है। जांच में यह पता लगाया जा रहा है कि वह शूटर के संपर्क में कब और किस माध्यम से आया, फायरिंग से पहले या बाद में उसकी क्या भूमिका रही और क्या उसने आरोपी को किसी तरह की मदद पहुंचाई थी।
पुलिस उसके मोबाइल फोन और संपर्कों से जुड़े तथ्यों की भी पड़ताल कर सकती है। फिलहाल पुलिस पूछताछ के आधार पर मामले की कड़ियां जोड़ने में जुटी है। जांच आगे बढ़ने के साथ फायरिंग की साजिश में प्रांजल की भूमिका स्पष्ट होने की उम्मीद है।
