टाइगर श्रॉफ फायरिंग केस में बड़ा खुलासा, अमृतसर से ट्रेन के जरिए मुंबई पहुंचाए थे हथियार, सामने आए दो महिलाओं के नाम
अभिनेता टाइगर श्रॉफ पर गोलीबारी के मामले में इस्तेमाल हथियार अमृतसर से लाए गए थे, जिन्हें दो महिलाओं ने ट्रेन से मुंबई पहुंचाया।
-1793027114519_m.webp)
गोलीबारी के हथियार अमृतसर से लाए गए थे

समय कम है?
जानिए मुख्य बातें और खबर का सार एक नजर में
राज्य ब्यूरो, मुंबई। अभिनेता टाइगर श्रॉफ पर गोलीबारी के मामले में इस्तेमाल हथियार लेने के लिए आरोपित अमृतसर गए थे। पुलिस का आरोप है कि दो महिलाओं ने ट्रेन के जरिये हथियार मुंबई पहुंचाए और उन्हें सीधे हमलावरों को सौंप दिया।
इस मामले में हमलावरों की कथित तौर पर मदद करने के आरोप में गिरफ्तार दो महिलाओं समेत चार आरोपितों की पुलिस हिरासत अदालत ने 28 अक्टूबर तक बढ़ा दी है।
हरियाणा के सोनीपत निवासी कुणाल (21) और सुमित (19) तथा उत्तर प्रदेश की राधा (23) और बबीता (23) को सोमवार को अतिरिक्त मुख्य न्यायिक मजिस्ट्रेट एस. खेड़कर की अदालत में पेश किया गया।
पिछली रिमांड अवधि समाप्त होने के बाद पुलिस ने इनकी हिरासत बढ़ाने की मांग की। इस मामले में अब तक 11 लोगों को गिरफ्तार किया जा चुका है।
गोलीबारी के लिए हथियार अमृतसर से लाए गए थे
पुलिस ने अदालत को बताया कि आरोपितों को गोलीबारी की साजिश की पूरी जानकारी थी। वे सिग्नल एप के जरिये एक-दूसरे से बातचीत करते थे। आरोप है कि उन्होंने इस बातचीत से जुड़े साक्ष्य मिटा दिए।
जांच के दौरान उनके मोबाइल फोन से फोटो और वीडियो बरामद किए गए हैं। पुलिस के मुताबिक, इनमें वारदात में इस्तेमाल हथियारों से संबंधित सामग्री भी शामिल है।
पुलिस ने कहा कि मोबाइल फोन से मिले डेटा का विश्लेषण और सत्यापन करना बाकी है। इसके अलावा दो आरोपितों के आवाज के नमूने भी एकत्र किए जाने हैं।
जांच एजेंसी यह पता लगाना चाहती है कि गोलीबारी की साजिश में प्रत्येक आरोपित की क्या भूमिका थी और हथियार हमलावरों तक कैसे पहुंचे।
चार आरोपितों की पुलिस हिरासत 28 अक्टूबर तक बढ़ी
आरोपितों की ओर से पेश अधिवक्ता अजिंक्य मिग्रल ने पुलिस हिरासत बढ़ाने का विरोध किया। उन्होंने दलील दी कि यांत्रिक तरीके से हिरासत नहीं बढ़ाई जा सकती। आरोपितों का आमना-सामना कराने के लिए पुलिस हिरासत जरूरी नहीं है।
अदालत की अनुमति से यह प्रक्रिया न्यायिक हिरासत में भी पूरी की जा सकती है। दोनों पक्षों की दलीलें सुनने के बाद अदालत ने चारों आरोपितों की पुलिस हिरासत 28 अक्टूबर तक बढ़ा दी।
बता दें कि 18 अक्टूबर को मुंबई के जुहू इलाके में कम से कम दो हमलावरों ने टाइगर श्राफ की कार पर पांच से छह गोलियां चलाई थीं। इसके बाद वे मोटरसाइकिल से फरार हो गए।
वारदात में इस्तेमाल मोटरसाइकिल बाद में अंधेरी में लावारिस मिली थी। घटना में अभिनेता को मामूली चोटें आई थीं, जबकि उनका ड्राइवर और एक राहगीर घायल हो गए थे। पुलिस ने हत्या के प्रयास समेत अन्य आरोपों में भारतीय न्याय संहिता और शस्त्र अधिनियम के तहत मामला दर्ज किया है।
