5 राउंड फायरिंग, एक बंदूक जाम... टाइगर श्रॉफ पर हमले का नया वीडियो आया सामने
मुंबई के जुहू में टाइगर श्रॉफ की कार पर अंधाधुंध फायरिंग हुई, जिसमें उनकी जान बाल-बाल बची जब हमलावर की बंदूक जाम हो गई।
HighLights
जुहू में टाइगर श्रॉफ की कार पर फायरिंग हुई।
हमलावर की बंदूक जाम होने से अभिनेता बाल-बाल बचे।
लॉरेंस बिश्नोई गैंग ने हमले की जिम्मेदारी ली।
डिजिटल डेस्क, मुंबई। मुंबई के जुहू इलाके में रविवार शाम एक फुटबॉल ग्राउंड से बाहर निकलते समय बॉलीवुड अभिनेता टाइगर श्रॉफ की बीएमडब्ल्यू कार पर अंधाधुंध फायरिंग की गई। सामने आए एक नए वीडियो में दो हमलावर कार के बिल्कुल सामने और खिड़की के पास खड़े होकर सीधे अभिनेता पर गोलियां बरसाते दिख रहे हैं।
हमलावर जब टाइगर की खिड़की के बेहद करीब पहुंचकर छठा राउंड फायर करने वाला था, तभी ऐन मौके पर उसकी बंदूक अचानक जाम हो गई। इस तकनीकी खराबी के चलते अभिनेता बाल-बाल बच गए और उन्हें कोई चोट नहीं आई।
घायल ड्राइवर को बचाने खुद स्टीयरिंग पर बैठे टाइगर
गोलीबारी के तुरंत बाद कार का चालक फिरदौस गंभीर रूप से घायल हो गया और खून से लथपथ होकर बाहर की तरफ भागा। इस दौरान हमलावर मौके पर पहले से बाइक स्टार्ट कर तैयार खड़े अपने तीसरे साथी के साथ तेजी से फरार हो गए।
एक अन्य वीडियो क्लिप में देखा जा सकता है कि ड्राइवर के हटते ही टाइगर पैसेंजर सीट से फौरन ड्राइविंग सीट पर पहुंचे ताकि घायल चालक को जल्द से जल्द अस्पताल पहुंचाया जा सके।
मौके पर कार और सड़क पर खून बिखरा देख आसपास मौजूद लोगों में चीख-पुकार मच गई और एक महिला अभिनेता से घायल को तुरंत ले जाने की गुहार लगाती सुनाई दी। घायल ड्राइवर को नजदीकी अस्पताल में भर्ती कराया गया है, जबकि पास मौजूद एक अन्य व्यक्ति भी इस घटना में घायल हुआ है।
हमलावरों की तलाश में जुटीं टीमें
रविवार को मोटरसाइकिल सवार अज्ञात हमलावरों द्वारा अभिनेता टाइगर श्रॉफ की कार पर कई बार गोली चलाने के बाद, पुलिस ने FIR दर्ज की है। पुलिस अभिनेता से यह भी पूछ रही है कि क्या उन्हें हाल ही में कोई धमकी भरी कॉल या चेतावनी मिली थी।
हमलावरों का पता लगाने के लिए 15 टीमें बनाई गई हैं। जुहू पुलिस और मुंबई क्राइम ब्रांच के अधिकारी CCTV फुटेज की जांच कर रहे हैं, ताकि हमलावरों की पहचान की जा सके और यह पता लगाया जा सके कि वे किस रास्ते से भागे।
नानावटी अस्पताल के एक डॉक्टर ने बताया कि श्राफ को केवल मामूली खरोंचें आई हैं। जुहू स्थित बीएमसी के कूपर अस्पताल की डीन डॉ. छाया शिंदे के अनुसार, गोलीबारी में घायल हुए तीसरे व्यक्ति के सीने के दाईं ओर गोली लगी है, जो एक राहगीर था और जिसकी पहचान पुलिस ने 35 वर्षीय उमेश चरण के रूप में की है। एक डॉक्टर ने बताया कि फिलहाल उनकी हालत स्थिर है, लेकिन उन्हें तुरंत सर्जरी की जरूरत होगी।
बीएमसी ने एक प्रेस विज्ञप्ति में बताया कि तीसरा मरीज शाम 7:10 बजे कूपर अस्पताल के कैजुअल्टी विभाग में पहुंचा। उसे शाम 6:30 बजे विले पार्ले वेस्ट में गोली लगी थी, जहां वह टाइगर श्रॉफ के फुटबॉल मैच की कवरेज कर रहा था। विज्ञप्ति में आगे कहा गया कि मरीज के शरीर पर बाईं निप्पल के 2 सेमी नीचे गोली लगने का घाव था।
शुरुआत में पुलिस ने कहा था कि कार की खिड़कियां टूटने के बाद कांच के टुकड़ों से श्रॉफ को मामूली खरोंचें आई हैं, लेकिन वेस्ट जोन 2 के डीसीपी मोहित गर्ग ने स्पष्ट किया कि अभिनेता को कोई चोट नहीं आई है।
बिश्नोई गैंग ने ली हमले की जिम्मेदारी
इस हमले के फौरन बाद एक ऑडियो क्लिप सामने आई, जिसमें लॉरेंस बिश्नोई गैंग से जुड़े अनिल पंडित ने हमले की पूरी जिम्मेदारी ली। उसने दावा किया कि टाइगर श्रॉफ लगातार मिल रही चेतावनियों को नजरअंदाज कर रहे थे और अभिनेता सलमान खान के साथ काम कर रहे थे, जिसके चलते उन्हें निशाने पर लिया गया।
घटना की गंभीरता को देखते हुए राज्य सरकार ने मामले में कड़ा रुख अपनाया है और बिश्नोई गैंग के खिलाफ सख्त कार्रवाई का भरोसा दिया है। पुलिस सूत्रों के मुताबिक, मामले में तेजी से कार्रवाई करते हुए एक संदिग्ध व्यक्ति को हिरासत में ले लिया गया है और उससे बाकी फरार हमलावरों के बारे में सघन पूछताछ की जा रही है।
