3 गाड़ियां, 3 रास्ते और 3 राज्य… टाइगर श्रॉफ के शूटर्स को कैसे महाराष्ट्र लाई पुलिस?
बॉलीवुड अभिनेता टाइगर श्रॉफ पर गोलीबारी के तीन आरोपियों को राजस्थान के कोटा से मुंबई लाया गया है। पुलिस ने ...और पढ़ें

टाइगर श्रॉफ के शूटर्स को कैसे महाराष्ट्र लाई पुलिस(फाइल फोटो)

समय कम है?
जानिए मुख्य बातें और खबर का सार एक नजर में
डिजिटल डेस्क, मुंबई। बॉलीवुड अभिनेता टाइगर श्रॉफ की कार पर गोलीबारी करने के आरोपी तीन संदिग्धों को राजस्थान के कोटा से मुंबई लाते समय सुरक्षा के मद्देनजर पुलिस के काफिले ने अपना रास्ता कम से कम तीन बार बदला।
मुंबई के जुहू में हुई इस फायरिंग के एक दिन बाद सोमवार सुबह इन तीनों आरोपियों को कोटा रेलवे स्टेशन पर पुणे-जयपुर सुपरफास्ट एक्सप्रेस से गिरफ्तार किया गया था। तीनों आरोपियों का नेपाल भागने की योजना थी, जिन्हें कोटा पुलिस ने गिरफ्तार कर औपचारिक रूप से मुंबई पुलिस को सौंप दिया।
कैसे किया कोटा से मुंबई का सफर?
एनडीटीवी की रिपोर्ट के अनुसार, मंगलवार सुबह करीब 10:30 बजे पुलिस टीम दो इनोवा क्रिस्टा कारों के साथ कोटा से मुंबई के लिए रवाना हुई। दिल्ली-मुंबई एक्सप्रेसवे के जरिए तय किए गए इस करीब 900 किलोमीटर के सफर में आरोपियों को शुरुआत में सफेद इनोवा में रखा गया था, जबकि पुलिस अधिकारी दूसरी कार में सवार थे।
शाम करीब 6:45 बजे गुजरात के भरूच के पास काफिला रुका और आरोपियों को सिल्वर-मेटैलिक इनोवा में शिफ्ट कर दिया गया। इसके बाद सफेद इनोवा की गति धीमी होकर 40 किमी/घंटा से नीचे आ गई, जबकि आरोपियों वाली कार 130 से 140 किमी/घंटा की रफ्तार से आगे बढ़ी।
रात करीब 9:30 बजे महाराष्ट्र नंबर की एक अन्य सिल्वर इनोवा सादी वर्दी में तैनात अधिकारियों के साथ काफिले में शामिल हुई। रात 10:10 बजे गुजरात के वलसाड में एक पेट्रोल पंप पर तीनों गाड़ियां इकट्ठा हुईं और 10:50 बजे वापी पार कर महाराष्ट्र सीमा में प्रवेश कर गईं।
करीब 16 घंटे के लंबे सफर के बाद तड़के 2:30 बजे काफिला मुंबई पहुंचा, जहां आरोपियों को मेडिकल जांच के लिए अस्पताल ले जाया गया। सुरक्षा कारणों और रास्ते में पूछताछ के चलते आरोपियों को यात्रा के दौरान कम से कम चार बार अलग-अलग कारों में बदला गया।
टाइगर श्रॉफ पर हमले की घटना
यह घटना रविवार शाम करीब 7 बजे की है, जब अभिनेता जैकी श्रॉफ के बेटे टाइगर श्रॉफ (36) फुटबॉल खेलकर लौट रहे थे। वह अपनी बीएमडब्ल्यू कार की अगली पैसेंजर सीट पर बैठे थे।
घटना के सामने आए वीडियो में दो हमलावर कार पर कम से कम सात राउंड फायरिंग करते नजर आए। गोलीबारी के दौरान टाइगर श्रॉफ बाल-बाल बच गए, जबकि उनके कार चालक और एक ऑटो रिक्शा चालक को गोलियां लगीं। हमले के तुरंत बाद टाइगर श्रॉफ खुद ड्राइविंग सीट पर बैठे और घायल ड्राइवर को इलाज के लिए अस्पताल पहुंचाया।
नेपाल भागने की थी प्लानिंग
गोलीबारी करने वाले दो शूटर अपने तीसरे साथी के साथ एक बाइक पर सवार होकर मौके से फरार हो गए थे। वारदात में इस्तेमाल की गई मोटरसाइकिल बाद में अंधेरी इलाके से लावारिस हालत में बरामद हुई।
पुलिस जांच के अनुसार, आरोपी मुंबई से सूरत पहुंचे और वहां से जयपुर जाने वाली ट्रेन में सवार हो गए। पकड़े गए आरोपियों की पहचान बिहार निवासी ऋतिक कुमार उर्फ रोशन (22) तथा हरियाणा निवासी रेहान (18) और फूल सिंह (18) के रूप में हुई है।
उनकी योजना जयपुर पहुंचकर बस से दिल्ली जाने और वहां से सीमा पार कर नेपाल भागने की थी, जिसे पुलिस ने समय रहते नाकाम कर दिया।
यह भी पढ़ें- टाइगर श्रॉफ फायरिंग केस में गिरफ्तार बबीता और राधा यूपी की रहने वाली, दिल्ली से मुंबई में पहुंचाए थे हथियार
यह भी पढ़ें- एन्क्रिप्टेड एप, लेडी कूरियर और 20 कारतूस... ऐसे रची गई टाइगर श्रॉफ पर हमले की साजिश
