एन्क्रिप्टेड एप, लेडी कूरियर और 20 कारतूस... ऐसे रची गई टाइगर श्रॉफ पर हमले की साजिश
मुंबई में अभिनेता टाइगर श्रॉफ की कार पर फायरिंग मामले में रोहणा गांव निवासी कुणाल को हथियार मुहैया कराने के आरोप में दिल्ली पुलिस ने गिरफ्तार किया है।
-1792551915794_m.webp)
टाइगर श्रॉफ फायरिंग का हरियाणा कनेक्शन
HighLights
कुणाल ने टाइगर श्रॉफ फायरिंग मामले में हथियार उपलब्ध कराए थे
दिल्ली पुलिस ने कुणाल और साथी सुमित को गिरफ्तार किया
एन्क्रिप्टेड एप से युवतियों द्वारा हथियार मुंबई पहुंचाए गए
हरीश भौरिया, सोनीपत (खरखौदा)। अभिनेता टाइगर श्रॉफ की कार पर मुंबई में हुई फायरिंग के मामले में रोहणा गांव निवासी कुणाल पर हमलावरों को हथियार मुहैया कराने का आरोप है। दिल्ली पुलिस की स्पेशल सेल ने कुणाल को उसके साथी सुमित के साथ गिरफ्तार किया है। कुणाल झगड़े में घायल हुआ था।
इसके अलावा उसके सड़क हादसे का शिकार होने की जानकारी भी सामने आ रही है। बताया जा रहा है कि हादसे में उसके सिर में गंभीर चोट आई थी। हालांकि, इस संबंध में आधिकारिक पुष्टि नहीं हुई है।
रिकॉर्ड खंगालने में जुटी पुलिस
स्थानीय पुलिस अब कुणाल का आपराधिक रिकॉर्ड खंगालने में जुट गई है। पानीपत में भी उसके द्वारा फायरिंग करने का एक मामला सामने आने की जानकारी मिल रही है। पुलिस उसके पुराने मामलों और अन्य आपराधिक गतिविधियों में संलिप्तता की जानकारी जुटा रही है।
कुणाल कुछ दिन पहले गोली चलाने के एक मामले में जेल गया था। जमानत पर बाहर आने के बाद हरसाना गांव के एक दोस्त के माध्यम से उसकी पहचान अनिल पंडित से हुई। इसके बाद दोनों एन्क्रिप्टेड एप के जरिए बातचीत करने लगे। आरोप है कि अनिल पंडित के निर्देश पर कुणाल ने सुमित के साथ मिलकर अमृतसर से एक पिस्तौल और 20 कारतूस जुटाए थे।
युवतियों के जरिए मुंबई पहुंचाए हथियार
पुलिस के मुताबिक, कुणाल ने राधा को हथियार लेकर मुंबई जाने के लिए राजी किया। 15 अक्टूबर को वह राधा और बबीता को नई दिल्ली रेलवे स्टेशन लेकर पहुंचा। पिस्तौल राधा के बैग में थी। 17 अक्टूबर को दोनों युवतियां मुंबई पहुंचीं। अगले दिन टाइगर श्राफ की कार पर फायरिंग हुई।
इसके बाद अनिल पंडित ने कुणाल से संपर्क कर हमलावरों के भागने की व्यवस्था करने को कहा। 20 अक्टूबर को पुलिस ने राधा और बबीता को दिल्ली रेलवे स्टेशन से तथा कुणाल और सुमित को सोनीपत से गिरफ्तार किया। चारों को अदालत में पेश करने के बाद मुंबई पुलिस को ट्रांजिट रिमांड पर सौंप दिया गया।
