Covid19: महाराष्ट्र में कोरोना के 26538 नए मामले, मुंबई में छह से 13 जनवरी के बीच पीक पर होंगे कोविड केस
Covid19 महाराष्ट्र में कोरोना के 26538 नए मामले सामने आए है। इस दौरान 5331 लोग डिस्चार्ज हुए और आठ लोगों की मौत हुई है। राज्य में अब तक ओमिक्रोन के मामले 797 है जिसमें से 330 लोग डिस्चार्ज हो चुके हैं।
मुंबई, एएनआइ/ प्रेट्र। महाराष्ट्र में पिछले 24 घंटे में कोरोना के 26538 नए मामले सामने आए है। इस दौरान 5331 लोग डिस्चार्ज हुए और आठ लोगों की मौत हुई है। राज्य में अब तक ओमिक्रोन के मामले 797 है, जिसमें से 330 लोग डिस्चार्ज हो चुके हैं। इधर, मुंबई में बुधवार को कोरोना के 15166 नए मामले सामने आए और तीन लोगों की मौत हुई है। सक्रिय मामले 61923 हैं। इस बीच, टाटा इंस्टीट्यूट आफ फंडामेंटल रिसर्च (टीआइएफआर) के शोधकर्ताओं के मुताबिक, छह से 13 जनवरी के बीच मुंबई में कोरोना संक्रमण के मामले अपने पीक पर होंगे और इनके न्यूनतम स्तर पर आने में एक महीने का वक्त लग सकता है। टीआइएफआर में स्कूल आफ टेक्नोलाजी एंड कंप्यूटर साइंस के सीनियर प्रोफेसर संदीप जुनेजा ने कहा कि कोरोना से मरने वालों की संख्या फरवरी में सबसे अधिक हो सकती है, लेकिन ये पिछले साल मार्च से मई के बीच दूसरी लहर के दौरान दर्ज मौतों से लगभग 30 से 50 प्रतिशत तक कम हो सकती हैं। हालांकि उन्होंने यह नहीं बताया कि छह से 13 जनवरी के बीच पीक के दौरान शहर में कितने मामले सामने आ सकते हैं। प्रोफेसर जुनेजा ने कहा कि अस्पताल में भर्ती होने वाले संक्रमितों की संख्या भी दूसरी लहर के मुकाबले 50 से 70 प्रतिशत कम रहने की संभावना है।
मुंबई में 34 प्रतिशत बढ़े नए मामले
देश की आर्थिक राजधानी मुंबई में कोरोना संक्रमण के मामले तेजी से बढ़ रहे हैं। एक दिन पहले के मुकाबले मुंबई में 34.37 प्रतिशत और दिल्ली में 33 प्रतिशत नए मामले बढ़े हैं। इन दोनों महानगरों के साथ ही देश के दूसरे भागों में बढ़ते संक्रमण से तीसरी लहर की शुरुआत के स्पष्ट संकेत मिलने लगे हैं। मंगलवार रात आठ बजे तक सिर्फ सात राज्यों में ही 40 हजार से अधिक नए मामले मिले हैं। ओमिक्रोन के मामले भी तेजी से बढ़ रहे हैं।राज्यों से मिली सूचनाओं के मुताबिक मुंबई में 10,860 और दिल्ली में 5,481 नए मामले मिले हैं। मुंबई में पिछले साल सात अप्रैल के बाद एक दिन में नए मामलों की यह सबसे अधिक संख्या भी है। महाराष्ट्र में सरकारी अस्पतालों के 170 रेजीडेंट डाक्टर भी संक्रमित हो गए हैं। दिल्ली में संक्रमण दर बढ़कर 8.4 प्रतिशत हो गई है। अगर महाराष्ट्र की बात करें तो वहां 18,466 नए केस मिले हैं।