महाराष्ट्र में और बढ़ी ओमिक्रोन संक्रमितों की संख्या , आठ नए मरीजों की पुष्टि; कुल संक्रमित 48
Omicron Case In Maharashtraनेशनल इंस्टीट्यूट ऑफ वायरोलॉजी की ओर से शुक्रवार को जारी की गई रिपोर्ट में आठ नए ओमिक्रोन संक्रमितों की पुष्टि हुई है। नए संक्रमितों में छह मरीज पुणे के एक मुंबई और एक अन्य कल्याण-डोंबिवली में पाया गया है।
मुंबई, मिड डे। महाराष्ट्र में ओमिक्रोन वैरिएंट के मामले लगातार बढ़ते ही जा रहे हैं। नेशनल इंस्टीट्यूट ऑफ वायरोलॉजी की शुक्रवार को जारी की गई रिपोर्ट केअनुसार राज्य में ओमिक्रोन वैरिएंट के आठ नए मामलों की पुष्टि हुई है। इन नए संक्रमितों में छह मरीज पुणे के एक मुंबई और एक अन्य कल्याण -डोंबिवली में पाया गया है।
बीएमसी के एक स्वास्थ्य अधिकारी ने कहा कि मुंबई में पाया गया संक्रमित की उम्र 29 वर्ष है, जो 9 दिसंबर को नेवार्क से यात्रा कर लौटा था। इसे एहतियात के तौर पर सेवनहिल्स में भर्ती कराया गया है। “मरीज ने फाइजर कोविड वैक्सीन की तीन खुराक ली है। इस संक्रमित के संपर्क में आये तो अन्य लोगों की रिपोर्ट नेगेटिव आयी है। बीएमसी स्वास्थ्य रिपोर्ट में कहा गया है कि शहर में अब तक 15 ओमिक्रोन वैरिएंट से संक्रमित मरीजों की पुष्टि हुई है जिनमें से 13 को छुट्टी दे दी गई है।
अब तक संक्रमित पाये गए सभी मरीज 29-45 आयु वर्ग के पुरुष हैं। राज्य के अधिकारियों ने कहा कि एक मरीज में हल्के लक्षण पाये गए थे जबकि अन्य संक्रमितों में कोई भी लक्षण नहीं पाया गया। इनमें से दो मरीज अस्पताल में हैं, बाकी को होम आइसोलेशन में रखा गया है। नए मामलों को छोड़कर, राज्य में अब तक 40 ओमिक्रोन मरीज सामने आए थे- मुंबई -14, पिंपरी चिंचवाड़ -10, पुणे (ग्रामीण) -6, पुणे नगर निगम -2, कल्याण डोंबिवली -2, उस्मानाबाद -2, लातूर -1, बुलढाणा-1, नागपुर-1, और वसई विरार-1 मरीज की पुष्टि हुई थी।
गौरतलब है कि महाराष्ट्र में वीरवार को जारी की गई रिपोर्ट में ओमिक्रोन वैरिएंट से संक्रमित चार मरीजों की पुष्टि हुई थी। इनमें सभी की उम्र 16 से 67 वर्ष थी। इनमें उस्मानाबाद से सामने आया मरीज शारजाह की यात्रा करके लौटा था जबकि दूसरा मरीज उसके संपर्क में आया था। तीसरा संक्रमित बुलढाणा का रहने वाला था जो कुछ समय पहले दुबई से लौटा था जबकि चौथा मरीज मुंबई का था जो आयरलैंड की यात्रा करके लौटा था। इन सभी को अस्पतालों में आइसोलेट किया गया था। इन चार संक्रमितों में से तीन वैक्सीन की डोज ले चुके थे जबकि चौथे संक्रमित की उम्र कम होने की वजह से उसे वैक्सीन की डोज नहीं दी गई थी।