ममेरी बहन ने किया शादी से इंकार, चाकू से लहूलुहान कर आरोपी फरार
ममेरी बहन के शादी से इंकार करने पर युवक उसे लहूलुहान कर फरार हो गया ।
ठाणे, प्रेट्र। मुंबई के सम्राट नगर इलाके में एक 25 साल के लड़के ने 19 वर्षीय अपनी ममेरी बहन पर चाकू से आठ वार कर उसे मारने की कोशिश की। लड़की को बुरी तरह लहूलुहान कर ये युवक मौके से फरार हो गया। लड़की को तुरंत अस्पताल में भर्ती करवाया गया जहां उसकी हालत स्थिर बतायी जा रही है।
दरअसल ये लड़का अपनी ममेरी बहन से शादी करना चाहता था लेकिन बहन ने उसके प्रपोजल को नकार दिया था। हमला करने वाला आरोपी लड़की के सगे मामा का बेटा है। वह उससे एकतरफा प्रेम करता था और उसके सामने कई बार शादी का प्रस्ताव रख चुका था। पुलिस के मुताबिक लड़का कोई काम धंधा नहीं करता था और नशे का भी आदी था।
मुंब्रा पुलिस स्टेशन के सीनियर इंस्पेक्टर किशोर पासलकर ने कहा, उसने मामा की बेटी को शादी के लिए प्रपोज किया। वह कौसा में अपने मामा के परिवार से मिलने अकसर जाता था और मामा की लड़की की ओर आकर्षित होता गया। पहले भी उसे शादी का प्रस्ताव रखा था लेकिन लड़की ने ठुकरा दिया था।
रविवार रात भी उसने लड़की के सामने एक बार फिर शादी का प्रस्ताव रखा लेकिन उसने इनकार कर दिया और कहा कि ऐसा कभी भी संभव नहीं हो सकता। उसे पता था कि इस बार भी वह उसका प्रपोजल ठुकरा देगी। इसलिए वह उसी तैयारी से आया था। उसने लड़की पर चाकू से हमला करते हुए कहा कि अगर तुम मेरी नहीं हुई तो तुम किसी से भी शादी नहीं कर सकती। उसने लड़की के पेट, चेहरे और सीने पर चाकू से हमला किया।
लड़की की चीख पुकार सुनकर उसके पिता और बहन मौके पर पहुंचे लेकिन तब तक आरोपी फरार हो गया था। परिवार वाले लड़की को अस्पताल ले गए जहां फिलहाल उसकी हालत स्थिर बताई जा रही है। सीनियर इंस्पेक्टर के सी पासलकर ने बताया कि आरोपी के खिलाफ आईपीसी की धारा 307 के तहत हत्या की कोशिश के आरोप में एफआइआर दर्ज की गई है। फरार आरोपी की तलाश जारी है।