विज्ञापन हटाएंसिर्फ खबर पढ़ें

महाराष्ट्र के ठाणे में 25 दिन के बच्चे का अपहरण, पुलिस ने चार घंटे में मुंबई से बचाया

Published: Tue, 13 Oct 2026 11:38 PM (IST)

महाराष्ट्र के ठाणे जिले में 25 दिन के नवजात बच्चे का अपहरण कर लिया गया था। पुलिस ने तेजी से ...और पढ़ें

25 दिन के बच्चे का अपहरण पुलिस ने चार घंटे में मुंबई से बचाया। (यह तस्वीर एआई द्वारा बनाई गई है)

25 दिन के बच्चे का अपहरण पुलिस ने चार घंटे में मुंबई से बचाया। (यह तस्वीर एआई द्वारा बनाई गई है)

HighLights

  1. ठाणे में 25 दिन के नवजात बच्चे का अपहरण हुआ।

  2. पुलिस ने चार घंटे में मुंबई से बच्चे को बचाया।

  3. इस मामले में पांच आरोपी गिरफ्तार किए गए।

डिजिटल डेस्क, ठाणे। महाराष्ट्र के ठाणे जिले से महज 25 दिन के नवजात बच्चे का अपहरण कर लिया गया। आरोप है कि बच्चे को अगवा कर बेचने की साजिश रची गई थी।

हालांकि, पुलिस ने तेजी से कार्रवाई करते हुए अपहरण के महज चार घंटे के भीतर मुंबई के धारावी से बच्चे को सुरक्षित बरामद कर लिया। अधिकारी ने मंगलवार को बताया कि इस मामले में महिला समेत पांच लोगों को गिरफ्तार किया गया है।

अंबरनाथ पुलिस थाने के सीनियर इंस्पेक्टर शब्बीर सैय्यद ने बताया कि आरोप है कि एक गूंगी महिला ने अंबरनाथ क्षेत्र में कचरा बीनने वाली एक महिला से 10 अक्टूबर को शाम करीब सात बजे बच्चे को छीन लिया। इसके बाद उसने बच्चे को अपने साथियों को सौंप दिया।

पुलिस को संदेह है कि बच्चे को बेचने की साजिश थी। जांच के दौरान पुलिस ने एक आरोपित सोनी गणेश को हिरासत में लिया। पूछताछ में उसने कथित तौर पर बताया कि बच्चे को धारावी में रहने वाली अपनी रिश्तेदार रुखसार फारुख शेख को सौंपा गया था।

पुलिस टीमों ने तकनीकी जानकारी और फोन रिकॉर्ड की मदद से संदिग्ध का पता लगाया और धारावी से बच्चे को सुरक्षित बरामद कर लिया। इस मामले में पांच लोगों को गिरफ्तार किया गया है। इनमें गूंगी महिला पार्वती नागराज, सोनी गणेश, शक्तिवेल परमेश्वरम, निशा शक्तिवेल और रुखसार फारुख शेख शामिल हैं।

(समाचार एजेंसी पीटीआई के इनपुट के साथ)