चुनाव आयोग के खिलाफ मुंबई में आज ठाकरे ब्रदर्स की बड़ी रैली, SIR प्रक्रिया में गड़बड़ी का लगाया आरोप
राज ठाकरे और उद्धव ठाकरे ने चुनाव आयोग के खिलाफ मुंबई में एक बड़े विरोध प्रदर्शन का आह्वान किया है। ...और पढ़ें

ठाकरे बंधुओं का बड़ा एलान।
HighLights
राज और उद्धव ठाकरे ने चुनाव आयोग के खिलाफ मोर्चा खोला।
मतदाता सूची और SIR प्रक्रिया में गड़बड़ी का आरोप लगाया।
लोकतंत्र बचाने के लिए मुंबई में सार्वजनिक विरोध प्रदर्शन का आह्वान।
डिजिटल डेस्क, मुंबई। चुनाव आयोग के खिलाफ बढ़ते विरोध प्रदर्शन के बीच अब एक बड़ी खबर सामने आ रही है। कभी एक-दूसरे के धुर विरोधी रहे ठाकरे परिवार के दो बड़े चेहरे महाराष्ट्र नवभारत सेना (मनसे) प्रमुख राज ठाकरे और शिवसेना (UBT) नेता उद्धव ठाकरे ने चुनाव आयोग (ECI) के खिलाफ मोर्चा खोल दिया है। साथ ही आज यानी रविवार को मुंबई में एक सार्वजनिक विरोध प्रदर्शन का आह्वान किया है। यह मार्च मुंबई के मेट्रो सिनेमा से शुरू होगा।
किस बात का विरोध है?
बता दें कि मुख्य रूप से मतदाता सूची में कथित हेराफेरी और स्पेशल इंटेंसिव रिविजन (SIR) प्रक्रिया में गड़बड़ियों के खिलाफ यह प्रदर्शन किया जा रहा है। ठाकरे बंधुओं ने चुनाव आयोग पर तीखा हमला बोलते हुए आरोप लगाया है कि आयोग मतदाताओं को धोखा दे रहा है और केंद्र में बैठी सत्ताधारी पार्टी के इशारे पर काम कर रहा है।
राजनीति से ऊपर उठकर अपील
आयोजकों का कहना है कि यह सिर्फ किसी एक पार्टी की लड़ाई नहीं है। लोकतंत्र और संविधान को बचाने के लिए वे राज्य और देश के सभी विपक्षी दलों से इस मुहिम में शामिल होने की अपील कर रहे हैं।
राज ठाकरे का आयोग पर गंभीर आरोप
दूसरी ओर राज ठाकरे ने मुख्य चुनाव आयुक्त ज्ञानेंद्र कुमार और बीजेपी पर करारा हमला बोलते हुए 'स्पेशल इंटेंसिव रिविजन' (SIR) प्रक्रिया को तुरंत रद्द करने की मांग की है। साथ ही, देश में दोबारा बैलट पेपर से चुनाव कराने के लिए सभी विपक्षी दलों को एकजुट होने को कहा है।
उन्होंने जनता से सीधी अपील की है कि यह किसी एक पार्टी का नहीं, बल्कि आम जनता का आंदोलन है। देश के संविधान और लोकतंत्र को बचाने के लिए भारी संख्या में मुंबई की सड़कों पर उतरें और इस महा-मोर्चा का हिस्सा बनें।
