विज्ञापन हटाएंसिर्फ खबर पढ़ें

बॉम्बे हाई कोर्ट से टाटा ट्रस्ट को नहीं मिली अंतरिम राहत, तय समय पर होगी बोर्ड मीटिंग

Published: Fri, 27 Nov 2026 07:19 PM (IST)Updated: Fri, 27 Nov 2026 08:00 PM (IST)

बॉम्बे हाई कोर्ट ने टाटा संस के नियंत्रण विवाद में टाटा ट्रस्ट्स को अंतरिम राहत देने से इनकार कर दिया है।

बॉम्बे हाईकोर्ट ने टाटा संस की बोर्ड बैठक पर रोक लगाने से इनकार किया। (फोटो-रॉयटर्स)

बॉम्बे हाईकोर्ट ने टाटा संस की बोर्ड बैठक पर रोक लगाने से इनकार किया। (फोटो-रॉयटर्स)

HighLights

  1. बॉम्बे हाईकोर्ट ने टाटा ट्रस्ट्स की याचिका खारिज की।

  2. टाटा संस की बोर्ड बैठक अब तय समय पर होगी।

  3. ट्रस्ट ने चंद्रशेखरन की पुनर्नियुक्ति पर सवाल उठाया था।

डिजिटल डेस्क, मुंबई। बॉम्बे हाई कोर्ट ने शुक्रवार को टाटा ट्रस्ट्स की उस याचिका पर कोई तत्काल राहत देने से इनकार कर दिया, जिसमें एन. चंद्रशेखरन को तीसरे पांच साल के कार्यकाल के लिए कार्यकारी चेयरमैन के तौर पर फिर से नियुक्त करने को चुनौती दी गई थी। कोर्ट ने कहा कि टाटा संस की 30 नवंबर को होने वाली बोर्ड मीटिंग आयोजित की जा सकती है।

जस्टिस अभय आहूजा की पीठ ने कहा कि बोर्ड मीटिंग का जो भी नतीजा निकलेगा वह कोर्ट के अंतिम आदेश के अधीन होगा। बता दें कि टाटा ट्रस्ट्स ने कोर्ट से मांग की थी कि बैठक को टाल दिया जाए या उस पर रोक लगा दी जाए। अगर इन दोनों मांगों पर रोक नहीं लगाई जाए तो कम से कम चंद्रशेखरन कार्यकारी चेयरमैन के तौर पर अपने वोट का इस्तेमाल नहीं कर सकें।

कोर्ट ने कहा, 'हम आज कोई राहत नहीं दे रहे हैं। 30 नवंबर को होने वाली टाटा संस की बैठक तय कार्यक्रम के अनुसार होने दें। मीटिंग का जो भी नतीजा होगा, वह हमारे अंतिम आदेशों के अधीन होगा।' पीठ ने टाटा संस और मामले के अन्य प्रतिवादियों (जिनमें बोर्ड के सदस्य भी हैं) को गुरुवार को दायर किए गए दो मुकदमों पर अपना हलफनामा दाखिल करने का निर्देश दिया।

साथ ही, मामले की अगली सुनवाई 18 जनवरी, 2027 के लिए तय कर दी। सर दोराबजी टाटा ट्रस्ट (एसडीटीटी) और आरडी टाटा ट्रस्ट (आरडीटीटी) ने टाटा संस और उसके छह निदेशकों के खिलाफ हाई कोर्ट में मुकदमे दायर किए थे। इनमें चंद्रशेखरन को तीसरे पांच साल के कार्यकाल के लिए एग्जीक्यूटिव चेयरमैन के तौर पर फिर से नियुक्त करने को चुनौती दी गई है।

एसडीटीटी ने 50 करोड़ रुपये और आरडीटीटी ने 15 करोड़ रुपये के हर्जाने की मांग की है। इतना ही नहीं इस राशि पर दोनों ट्रस्ट ने 18 प्रतिशत वार्षिक ब्याज भी मांगा है। याचिका में यह दावा किया गया था कि 17 सितंबर के टाटा संस के बोर्ड का वह प्रस्ताव अमान्य था, जिसके जरिये चंद्रशेखरन को फिर से नियुक्त किया गया था।

ऐसा इसलिए है क्योंकि इसे कंपनी के 'आर्टिकल्स ऑफ एसोसिएशन' (एओए) के अनुच्छेद 121 के तहत जरूरी समर्थन (वोट) नहीं मिला था। तत्काल राहत के तौर पर यह मांग की गई थी कि अगर नामित निदेशकों के बीच राय बंटी हो तो टाटा संस के चेयरमैन को 30 नवंबर की बोर्ड मीटिंग के दौरान अपना निर्णायक वोट डालने से रोका जाए।

टाटा संस ने कहा-आरबीआई के निर्देशों के तहत बोर्ड मीटिंग करना जरूरी

शुक्रवार को ट्रस्ट्स के वकीलों ने मीटिंग को टालने की भी मांग की, जिसका टाटा संस ने विरोध किया। टाटा संस की ओर से पेश हुए वरिष्ठ वकील हरीश साल्वे ने कहा कि बोर्ड मीटिंग करना ज़रूरी है, क्योंकि उन्हें आरबीआइ से निर्देश मिला है।

इसमें 12 दिसंबर की समय-सीमा दी गई है, जिसके भीतर टाटा संस को अपने फैसले (अनिवार्य लिस्टिंग का पालन करने के निर्णय) के बारे में केंद्रीय बैंक को सूचित करना है। साल्वे ने कहा कि मीटिंग में पास होने वाला कोई भी प्रस्ताव हाई कोर्ट के आदेशों के अधीन होगा।

एसडीटीटी की ओर से पेश हुए वरिष्ठ वकील अभिषेक मनु सिंघवी ने कहा कि आरबीआइ का यह निर्देश महज एक चाल है, जिसका इस्तेमाल टाटा संस मीटिंग बुलाने के लिए बनावटी जल्दबाज़ी दिखाने के वास्ते कर रहा है।


सोर्स- न्यूज एजेंसी PTI के इनपुट के अनुसार

देश और दुनिया की ताजा खबरों के लिए Hindi News देखें। Live Cricket Score ,IPO Listings, Shiv Chalisa, राशिफल और दुर्गा चालीसा पर अन्य जानकारी पाएं।