विज्ञापन हटाएंसिर्फ खबर पढ़ें

मूसेवाला की हत्या से टाइगर पर फायरिंग तक... कब-कब और क्यों जुड़ा लॉरेंस बिश्नोई गैंग का नाम?

Published: Mon, 19 Oct 2026 11:55 PM (IST)

लारेंस बिश्नोई गैंग ने अभिनेता टाइगर श्रॉफ पर हमले की जिम्मेदारी ली है, जिससे गैंग की आपराधिक गतिविधियों पर फिर से ध्यान गया है।

बिश्नोई गैंग ने टाइगर श्रॉफ पर हमले की जिम्मेदारी ली

बिश्नोई गैंग ने टाइगर श्रॉफ पर हमले की जिम्मेदारी ली

timer icon

समय कम है?

जानिए मुख्य बातें और खबर का सार एक नजर में

संक्षेप में पढ़ें

राज्य ब्यूरो, मुंबई। अभिनेता टाइगर श्रॉफ पर हमले की जिम्मेदारी कथित रूप से लॉरेंस बिश्नोई गैंग ने ली है। पंजाब के एक गांव से निकलकर देश के कुख्यात गैंगस्टरों में शामिल हुआ लॉरेंस बिश्नोई आज हत्या, रंगदारी, धमकी और संगठित अपराध के अनेक मामलों को लेकर चर्चा में है।

उसका नाम पंजाबी गायक सिद्धू मूसेवाला की हत्या, अभिनेता सलमान खान को धमकाने और मुंबई में एनसीपी नेता बाबा सिद्दीकी की हत्या जैसे चर्चित मामलों से जुड़ा है।

कौन हैं लॉरेंस बिश्नोई?

लॉरेंस बिश्नोई मूल रूप से पंजाब के फाजिल्का जिले के अबोहर क्षेत्र का रहने वाला है। कालेज के दिनों में वह छात्र राजनीति से जुड़ा था। इसी दौरान उसका संपर्क ऐसे लोगों से हुआ, जिनके साथ मिलकर उसने कथित तौर पर आपराधिक नेटवर्क खड़ा किया।

वर्ष 2014 से वह अधिकांश समय जेल में रहा है। इसके बावजूद जांच एजेंसियों का आरोप है कि उसका गिरोह जेल के बाहर सक्रिय सहयोगियों के माध्यम से अपनी गतिविधियां संचालित करता रहता है। फिलहाल वह गुजरात की साबरमती केंद्रीय जेल में बंद है।

अब तक कितने अपराध में आया नाम?

लॉरेंस का नाम सबसे पहले पंजाब के सिद्धू मूसेवाला हत्याकांड (2022) से सुर्खियों में आया। 29 मई 2022 को पंजाब के मानसा जिले में पंजाबी गायक मूसेवाला की गोली मारकर हत्या कर दी गई थी।

जांच में बिश्नोई गिरोह का नाम सामने आया और गोल्डी बराड़ सहित गिरोह के सदस्यों पर साजिश में शामिल होने के आरोप लगे। इसके बाद लारेंस द्वारा अभिनेता सलमान खान को कई बार जान से मारने की धमकियां दी गईं।

बाबा सिद्दीकी की हत्या में भी जुड़ा नाम 

अप्रैल, 2024 में मुंबई स्थित उनके आवास के बाहर गोलीबारी की घटना में भी बिश्नोई गिरोह के सदस्यों की भूमिका की जांच हुई है। मुंबई में ही दो वर्ष पहले 12 अक्टूबर, 2024 को पूर्व मंत्री बाबा सिद्दीकी की गोली मारकर हत्या कर दी गई थी। इस मामले में भी बिश्नोई गिरोह से जुड़े लोगों पर आरोप लगे थे।

जांच एजेंसियों ने उसके गिरोह पर कारोबारियों को धमकाकर वसूली करने, सुपारी लेकर हत्या करने और अवैध हथियारों की व्यवस्था करने जैसे गंभीर आरोप लगाए हैं। एनआइए ने बिश्नोई गिरोह के कथित आपराधिक और आतंकी नेटवर्क की जांच की है।

अप्रैल, 2026 में प्रकाशित एक रिपोर्ट के अनुसार, पंजाब में उसके विरुद्ध 47 एफआइआर दर्ज थीं, लेकिन चार मामलों में ही दोष सिद्ध हुआ था। सिर्फ मुंबई में ही देखा जाए, तो कथित तौर पर पिछले चार वर्षों में लारेंस गिरोह द्वारा आठ फिल्मी हस्तियों को निशाना बनाया जा चुका है।

कौन है टाइगर पर हमला कराने वाला अनिल पंडित

टाइगर श्रॉफकी कार पर फायरिंग के बाद से लॉरेंस बिश्नोई गैंग से कथित तौर पर जुड़े अनिल पंडित का नाम सुर्खियों में है। अमेरिका में रह रहे पंडित ने इंटरनेट मीडिया पोस्ट और एक कथित आडियो संदेश के जरिये हमले की जिम्मेदारी लेने का दावा किया।करीब 32 वर्षीय अनिल पंडित मूल रूप से हरियाणा के पानीपत जिले का रहने वाला है।

बताते हैं कि वह 2023 में भारत छोड़कर कनाडा गया और बाद में अमेरिका पहुंचा। वहां उसकी मुलाकात लॉरेंस बिश्नोई गैंग से जुड़े रणदीप मलिक से हुई। इसके बाद वह भी लारेंस गिरोह की गतिविधियों में शामिल हो गया। जांच एजेंसियों के मुताबिक, पंडित विदेश में रहकर भारत में मौजूद कथित शूटरों और सहयोगियों के साथ संपर्क बनाए रखता है।

वह सुरक्षित मैसेजिंग एप के जरिये निर्देश देता है और रंगदारी के लिए धमकियां दिलाने व गोलीबारी की घटनाओं को अंजाम देता है। दिल्ली में गायक गुरु रंधावा के जिम के बाहर हुई गोलीबारी और हरियाणा में गायक दिलेर खरकिया की गाड़ी पर हमले की जांच में भी उसका नाम सामने आ चुका है।

गौरतलब है कि टाइगर श्रॉफकी कार पर फायरिंग के बाद अनिल पंडित और हरमन संधू के नाम से कथित जिम्मेदारी वाला संदेश सामने आया था। इसमें दावा किया गया कि सलमान खान के साथ काम करने के कारण टाइगर को निशाना बनाया गया। इसमें सलमान को भी धमकी दी गई है।

यह भी पढ़ें- टाइगर श्रॉफ की कार पर फायरिंग: 5 वीडियो में देखें हमलावारों ने कैसे बनाया निशाना?

यह भी पढ़ें- पानीपत का है टाइगर श्रॉफ पर फायरिंग कराने वाला अनिल पंडित, पुजारी का बेटा कैसे बना बिश्नोई गैंग का शॉर्प शूटर?