विज्ञापन हटाएंसिर्फ खबर पढ़ें

'शिवसेना (UBT) को अभी और झटके लगेंगे', एकनाथ शिंदे के बयान से महाराष्ट्र में सियासी हलचल तेज

Published: Tue, 23 Jun 2026 08:46 PM (IST)Updated: Tue, 23 Jun 2026 09:29 PM (IST)

उपमुख्यमंत्री एकनाथ शिंदे ने विधानसभा में विपक्ष को और झटके लगने की बात कही, जिससे महाराष्ट्र की राजनीति में हलचल तेज हो गई है।

ऑपरेशन टाइगर पर एकनाथ शिंदे का बयान (फोटो-पीटीआई)

ऑपरेशन टाइगर पर एकनाथ शिंदे का बयान (फोटो-पीटीआई)

HighLights

  1. शिंदे ने विधानसभा में विपक्ष को और झटके लगने की बात कही।

  2. यह बयान शिवसेना (यूबीटी) के 6 सांसदों के दल-बदल के बाद आया।

  3. संजय राउत ने दलबदल और राजनीतिक अवसरवादिता पर शिंदे को घेरा।

राज्य ब्यूरो, मुंबई। महाराष्ट्र के उपमुख्यमंत्री एकनाथ शिंदे ने विधानसभा में विपक्ष के हंगामे का जवाब देते हुए कहा कि उन्हें जोर का झटका लगने के कारण उनका मानसिक संतुलन बिगड़ गया है। भविष्य में उन्हें और भी झटके लगनेवाले हैं।

मंगलवार को महाराष्ट्र विधानमंडल के मानसून सत्र के दौरान विधानसभा अध्यक्ष राहुल नार्वेकर ने कुछ विभागों से संबंधित उत्तर देने के लिए उस विभाग से इतर मंत्रियों को जिम्मेदारी सौंपी थी।

विपक्ष के तीन दलों कांग्रेस, राकांपा (शरदचंद्र पवार) एवं शिवसेना (यूबीटी) ने विधानसभाध्यक्ष के इस निर्णय पर आपत्ति जताई और शिवसेना (यूबीटी) के विधायक आदित्य ठाकरे के साथ विपक्ष के सभी विधायकों ने सदन का बहिष्कार किया।

इसके बाद बोलते हुए उपमुख्यमंत्री एकनाथ शिंदे ने कहा कि सदन में उपस्थित रहना और सदस्यों के प्रश्नों का उत्तर देना सरकार की सामूहिक जिम्मेदारी है। मैं स्वयं सदन में आता हूं और मुख्यमंत्री स्वयं आकर जवाब देते हैं। इसलिए, यह हमारी सामूहिक जिम्मेदारी है।

'अभी और झटके लगने वाले हैं'

शिंदे ने इसी कड़ी में विपक्ष की खाली पड़ी बेंचों की ओर इशारा करते हुए कहा कि कल उन्हें जोर का झटका लगा है, इसलिए उनका मानसिक संतुलन बिगड़ गया है। अभी उन्हें और झटके लगनेवाले हैं।

शिंदे का इशारा छह सांसदों का शिवसेना (यूबीटी) छोड़कर उनकी पार्टी में आने की ओर था। माना जा रहा है कि जल्दी ही शिवसेना (यूबीटी) के कई विधायक भी पार्टी छोड़कर शिंदे की शिवसेना में आनेवाले हैं। संभवतः इसी ओर इशारा करके शिंदे ने भविष्य में और झटके लगने की बात कही है।

दूसरी ओर शिवसेना (यूबीटी) छह सांसदों वाले झटके को भूल नहीं पा रही है। उसके प्रवक्ता एवं राज्यसभा सांसद संजय राउत ने आज फिर पार्टी छोड़कर गए सांसदों एवं उपमुख्यमंत्री एकनाथ शिंदे पर जमकर हमला बोला।

आज एक संवाददाता सम्मेलन को संबोधित करते हुए राउत ने शिंदे के नेतृत्व वाले गुट में सांसदों की भूमिका पर सवाल उठाते हुए कहा कि महाराष्ट्र की राजनीति में बड़े पैमाने पर दलबदल और राजनीतिक अवसरवादिता देखने को मिल रही है।

राउत ने एक दिन पहले ही नासिक विधान परिषद चुनाव का उल्लेख करते हुए कहा कि कल ही नासिक में विधान परिषद चुनाव में उनकी पार्टी को करारी हार का सामना करना पड़ा।

भाजपा के सारे वोट दूसरे उम्मीदवार को मिले। इसके दो घंटे के भीतर ही जीते गोकुल गीते को खरीदकर पार्टी में शामिल कर लिया गया। महाराष्ट्र में इस समय इसी तरह की राजनीति चल रही है।

राउत ने कहा कि अब छिपे हुए गद्दारों की पहचान उसी तरह उजागर हो गई है, जैसे किसी मूर्ति के अनावरण के समय उस पर से पर्दा उठा दिया जाता है।

यह भी पढ़ें- शिंदे का ऑपरेशन टाइगर सफल, 6 बागियों पर संजय राउत बोले- उपमुख्यमंत्री ने 'गद्दारों' को जन्म दिया