शिंदे से शरद पवार की मुलाकात पर सियासी बवाल, पृथ्वीराज चव्हाण बोले- राजनीतिक रूप से अस्थिर
शरद पवार की उपमुख्यमंत्री एकनाथ शिंदे से मुलाकात पर राजनीतिक तूफान थम नहीं रहा है। कांग्रेस नेता पृथ्वीराज चव्हाण ने ...और पढ़ें

पृथ्वीराज चव्हाण ने पवार को 'राजनीतिक रूप से अस्थिर' कहा

समय कम है?
जानिए मुख्य बातें और खबर का सार एक नजर में
राज्य ब्यूरो, मुंबई। शरद पवार ने उपमुख्यमंत्री एकनाथ शिंदे के विधानभवन स्थित कक्ष में कुछ पल क्या गुजार लिए, इस पर आया राजनीतिक तूफान थमने का नाम ही नहीं ले रहा है। उनकी सहयोगी शिवसेना (यूबीटी) के बाद अब कांग्रेस नेता पृथ्वीराज चव्हाण ने भी उनपर यह कहते हुए निशाना साधा है कि शरद पवार अस्थिर दिखाई दे रहे हैं।
राष्ट्रवादी कांग्रेस पार्टी (शरदचंद्र पवार) के अध्यक्ष शरद पवार की महाराष्ट्र के उपमुख्यमंत्री एकनाथ शिंदे के विधानभवन स्थित कक्ष में हुई मुलाकात को लेकर महाविकास आघाड़ी (एमवीए) के भीतर सियासी हलचल थमने का नाम नहीं ले रही है।
शरद पवार-शिंदे मुलाकात पर MVA में सियासी हलचल
शिवसेना (उद्धव बालासाहेब ठाकरे) के सांसद संजय राउत की टिप्पणी के बाद अब कांग्रेस के वरिष्ठ नेता एवं पूर्व मुख्यमंत्री पृथ्वीराज चव्हाण ने भी पवार की राजनीतिक भूमिका पर सवाल उठाए हैं। उनके बयान से विपक्षी गठबंधन के भीतर बढ़ती असहजता एक बार फिर सामने आ गई है।
पृथ्वीराज चव्हाण ने कहा कि शरद पवार इन दिनों राजनीतिक रूप से अस्थिर नजर आ रहे हैं। उन्होंने कहा कि पवार के पांच-छह सांसदों के मन में क्या चल रहा है, इस बारे में अभी कुछ भी निश्चित तौर पर नहीं कहा जा सकता।
चव्हाण के इस बयान को ऐसे समय में महत्वपूर्ण माना जा रहा है, जब पवार की शिंदे से मुलाकात के बाद राजनीतिक गलियारों में नए समीकरणों को लेकर लगातार अटकलें लगाई जा रही हैं।
दरअसल, बुधवार को महाराष्ट्र-कर्नाटक सीमा विवाद से जुड़े सर्वदलीय प्रतिनिधिमंडल की बैठक में हिस्सा लेने के लिए शरद पवार विधानभवन पहुंचे थे। इसी दौरान वह उपमुख्यमंत्री एकनाथ शिंदे के कक्ष में गए। वहां दोनों नेताओं के बीच बातचीत हुई और पवार ने अपनी पार्टी के विधायकों के साथ बैठक भी शिंदे के कक्ष में ही की।
पवार की पार्टी ने मुलाकात को गैर-राजनीतिक बताया
इस घटनाक्रम के सामने आते ही विपक्ष और सत्ता पक्ष दोनों में राजनीतिक चर्चाओं का दौर शुरू हो गया है। इससे पहले शिवसेना (यूबीटी) के नेता संजय राउत भी इस मुलाकात पर अप्रसन्नता जता चुके हैं।
उन्होंने कहा था कि विपक्षी दलों के वरिष्ठ नेताओं को ऐसे कदम उठाने से बचना चाहिए, जिनसे जनता के बीच भ्रम की स्थिति पैदा हो। राउत ने यह भी कहा था कि विपक्ष की एकजुटता बनाए रखना समय की जरूरत है।
हालांकि, राष्ट्रवादी कांग्रेस पार्टी (शरदचंद्र पवार) की ओर से लगातार यह कहा जा रहा है कि इस मुलाकात का कोई राजनीतिक अर्थ नहीं निकाला जाना चाहिए। पार्टी नेताओं का कहना है कि महाराष्ट्र-कर्नाटक सीमा विवाद जैसे महत्वपूर्ण मुद्दे पर बैठक के सिलसिले में शरद पवार विधानभवन गए थे।
इस दौरान उनके विधायक उनके साथ बैठना चाहते थे। चूंकि शरद पवार को ज्यादा दूर तक चलने में परेशानी होती है, इसलिए वह विधानभवन के गेट के पास स्थित उपमुख्यमंत्री एकनाथ शिंदे के कक्ष में ही कुछ देर के लिए अपने विधायकों के साथ बैठ गए थे।
इस दौरान शिंदे से उनकी मुलाकात भी पूरी तरह आकस्मिक थी। इसके बावजूद पृथ्वीराज चव्हाण के ताजा बयान ने महाविकास आघाड़ी के भीतर मौजूद अविश्वास और असहजता को एक बार फिर सार्वजनिक कर दिया है।
यह भी पढ़ें- 'चाय के कप में तूफान', शरद पवार-एकनाथ शिंदे की मुलाकात पर मचा सियासी बवाल, सुप्रिया सुले ने दी सफाई
यह भी पढ़ें- एकनाथ शिंदे और शरद पवार ने की मुलाकात, सियासी हलचल तेज; संजय राउत ने उठाए सवाल
