यह एक आर्काइव लेख है, जिसे Jul 19, 2020 को प्रकाशित किया गया था। इसमें दी गई जानकारी वर्तमान समय के लिहाज से पुरानी हो सकती है।
Maharashtra: राम मंदिर बनाने से कोरोना नहीं जाएगाः शरद पवार
Sharad Pawar शरद पवार ने कहा है कि कोरोना के हालात दिन पर दिन बदतर होते जा रहे हैं लेकिन ...और पढ़ें

मुंबई, राज्य ब्यूरो। Sharad Pawar: राष्ट्रवादी कांग्रेस पार्टी (राकांपा) अध्यक्ष शरद पवार ने कहा है कि कुछ लोग सोचते हैं कि राम मंदिर बनने से कोरोना खत्म हो जाएगा। उनके अनुसार, सरकार को इसके बजाय लॉकडाउन से हुए नुकसान की चिंता करनी चाहिए। महाराष्ट्र की महाविकास आघाड़ी सरकार में शामिल राष्ट्रवादी कांग्रेस पार्टी के मुखिया शरद पवार रविवार को सोलापुर में एक संवाददाता सम्मेलन को संबोधित कर रहे थे। कोरोना के हालात का जायजा लेने सोलापुर गए पवार से पत्रकारों ने जब अयोध्या में राम मंदिर निर्माण की तिथि निर्धारित हो जाने से संबंधित सवाल पूछा तो शरद पवार ने कहा कि हमें तय करना होगा कि कौन सा काम कितना महत्त्वपूर्ण है?
कोरोना के हालात दिन पर दिन बदतर होते जा रहे हैं, लेकिन कुछ लोग सोचते हैं कि राममंदिर बनने से कोरोना देश से बाहर चला जाएगा। उन्होंने केंद्र सरकार को नसीहत देते हुए कहा कि सरकार को पहले लॉकडाउन से हुए नुकसान की चिंता करनी चाहिए। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी द्वारा पांच अगस्त को अयोध्या में श्रीराम मंदिर निर्माण के शुभारंभ की खबरें आ रही हैं। शरद पवार से इसी संदर्भ में सवाल पूछा गया था। जिसका उपयोग उन्होंने मोदी सरकार पर निशाना साधने के लिए किया। जबकि कोरोना महामारी की सूची में सबसे ऊपर महाराष्ट्र है, जहां रोगियों की संख्या तीन लाख से ऊपर पहुंच चुकी है।
यहां तक कि सोलापुर में भी हालात अच्छे नहीं हैं। पवार परिवार की राजनीति का केंद्र पुणे भी देश के सर्वाधिक बदतर हालात वाले शहरों में एक बना हुआ है। शरद पवार की पार्टी न सिर्फ महाराष्ट्र की सत्ता में साझेदार है, बल्कि स्वास्थ्य, गृह एवं वित्त जैसे महत्त्वपूर्ण मंत्रालय भी शरद पवार की पार्टी के पास हैं। विभागों के मामले में उनकी पार्टी राकांपा को शिवसेना से भी मजबूत माना जा रहा है। प्रदेश में कोरोना का प्रकोप लगातार बढ़ता ही जा रहा है।
