बालासाहेब ठाकरे की तस्वीर फाड़ने पर शाइना एनसी ने मांगी माफी, कहा- अनादर करने का इरादा नहीं था
शिवसेना नेता शाइना एनसी ने एक प्रेस कॉन्फ्रेंस के दौरान गलती से बालासाहेब ठाकरे की तस्वीर फाड़ने पर माफी मांगी ...और पढ़ें

शाइना एनसी की तस्वीर (एएनआई)
HighLights
शाइना एनसी ने बालासाहेब ठाकरे की तस्वीर फाड़ी।
गलती का एहसास होने पर तुरंत माफी मांगी।
अनादर का कोई इरादा नहीं था, शाइना ने कहा।
डिजिटल डेस्क, मुंबई। पार्टी की प्रेस कॉन्फ्रेंस में उस वक्त शिवसेना नेता शाइना एनसी असहज हो गईं जब उन्होंने विरोध के दौरान गलती से शिवसेना के संस्थापक बालासाहेब ठाकरे की तस्वीर फाड़ दी। इस गलती का अहसास होने पर शाइना ने माफी मांग ली है।
उन्होंने सोशल मीडिया एक्स पर पोस्ट के जरिए अपनी भावना को व्यक्त किया है। इसमें उन्होंने कहा कि कल की प्रेस कॉन्फ्रेंस में, मैंने बालासाहेब के विचारों का जिक्र किया था। लेकिन, मेरे कामों और बयानों को जानबूझकर गलत तरीके से पेश किया गया। मेरा मकसद कभी भी बालासाहेब का अपमान करना नहीं था; बल्कि, उन्होंने जीवन भर जिन प्रखर आदर्शों का पालन किया, उनसे मुझे प्रेरणा मिलती है।
क्या था मामला
शिवसेना ने बुधवार को प्रेस कॉन्फ्रेंस कर कांग्रेस नेता सोनिया गांधी का विरोध जताया था। इस दौरान शिवसेना नेता शाइना एनसी और पार्टी के अन्य नेताओं ने उद्धव ठाकरे (जो अब कांग्रेस के सहयोगी हैं) की एक तस्वीर दिखाई। सोनिया गांधी की किताब 'बिलॉन्गिंग: अ जर्नी ऑफ लव' में सावरकर के चित्रण का विरोध करते हुए, उन्होंने दर्जनों कैमरों के सामने इस तस्वीर को फाड़ा। इस दौरान वो मुस्कुरा रही थीं।
इसके बाद वाली तस्वीर पर हुआ विवाद
इसके बाद उन्होंने एक और तस्वीर उठाई। उसे कैमरों के सामने दिखाया और बीच से फाड़ दिया। लेकिन फाड़ते-फाड़ते उन्हें एहसास हुआ कि यह वो तस्वीर नहीं जिसे फाड़ना था। इस दौरान उनके चेहरे पर गलती के भाव आ गए। शाइना इस दौरान थोड़ी सी घबरा भी गईं। उन्होंने तुरंत उस आधी फटी तस्वीर को कागजों के नीचे छिपा दिया। वापस सहज होकर कैमरों की ओर देखकर मुस्कुराने लगीं।
क्यों उस तस्वीर पर उठा विवाद
उस तस्वीर में बालासाहेब ठाकरे हाथ में चप्पल लिए हुए थे और उनके एक तरफ मणिशंकर अय्यर थे। बताया जा रहा है कि शायना एनसी ने बालासाहेब की तस्वीर फाड़ दी। बता दें कि बालासाहेब ठाकरे शिवसेना के संस्थापक सदस्य थे। उनकी पार्टी उनके बेटे उद्धव को विरासत में मिली लेकिन वो उस तरह नहीं चला पा रहे जिस तरह से बालासाहेब की तूती बोला करती थी।
इस वजह से विवाद बढ़ा
केंद्र की सरकार से लेकर राज्य सरकार में बालासाहेन ने गहरी पैठ बना रखी थी। पार्टी के कार्यकर्ता उनके एक इशारे पर कुछ भी करने के लिए तैयार रहते थे। पार्टी में विवाद के बाद एकनाथ शिंदे ने कई विधायकों और सांसदों को तोड़ कर शिवसेना पर कब्जा जमा लिया। वहीं उद्धव को पार्टी के निशान से साथ पार्टी के नाम से भी हाथ धोना पड़ा, हालांकि विवाद अभी कोर्ट में जारी है। इसलिए ऐसे शख्स की तस्वीर फाड़ना जो दोनों ही पार्टी के सबसे सम्मानित शख्स हैं इस वजह से विवाद बढ़ गया।
विपक्ष ने अपमान का लगाया आरोप
यहीं से मामला राजनीतिक हो गया। विपक्ष ने उन पर बालासाहेब का अपमान करने का आरोप लगाया। हालांकि विवाद के बाद शुरुआत में, शिवसेना नेता शाइना एनसी ने कड़ा रुख अपनाया था। एक दिन बाद, उनका लहजा माफी मांगने वाला हो गया।इसको लेकर उन्होंने सोशल मीडिया पर पोस्ट करते हुए बालासाहेब के साथ तस्वीरों की झड़ी लगा दी।
शाइना ने मांगी माफी
उन्होंने आगे कहा कि अगर अनजाने में मेरे किसी काम से सच्चे शिवसैनिकों या बालासाहेब के प्रशंसकों की भावनाएं आहत हुई हैं, तो मैं उनसे दिल से माफी मांगती हूं। लेकिन, जिन लोगों ने मेरे कामों को गलत तरीके से पेश करके राजनीतिक फायदा उठाने की कोशिश की है, उनसे मैं साफ तौर पर कहना चाहती हूं बालासाहेब के प्रति मेरे प्यार और निष्ठा को साबित करने के लिए मुझे किसी के सर्टिफिकेट की जरूरत नहीं है! इसके साथ ही उन्होंने दिवंगत नेता के साथ बिताए गए सालों की कुछ तस्वीरें भी साझा कीं।
उद्धव ने दिया ताना
उद्धव सेना पर निशाना साधते हुए उन्होंने कहा कि जो लोग सत्ता और अपने स्वार्थ के लिए बालासाहेब के आदर्शों से समझौता कर लेते हैं, उन्हें मुझे बालासाहेब के बारे में उपदेश नहीं देना चाहिए।
उन्होंने कहा कि कुछ रिश्ते और कुछ एहसान सत्ता और स्वार्थ की राजनीति से कहीं ऊपर होते हैं। बालासाहेब का आशीर्वाद और उनसे जुड़ी यादें ही मेरी असली ताकत हैं, और कोई भी इन्हें मुझसे छीन नहीं सकता। 'हिंदू हृदय सम्राट' बालासाहेब ठाकरे को मेरा सादर नमन।
पिता के सामान थे बालासाहेब ठाकरे
इधर, शाइना एनसी ने बालासाहेब को अपने जीवन में "पिता समान" और "ईश्वर तुल्य" बताया। उन्होंने बताया कि वह इस प्रखर नेता से पहली बार तब मिली थीं जब वह बहुत छोटी थीं, क्योंकि बालासाहेब उनके पिता के सबसे करीबी दोस्त थे और दोनों परिवारों के बीच बहुत गहरा रिश्ता था।
देश और दुनिया की ताजा खबरों के लिए Hindi News देखें। Live Cricket Score , IPO Listings, Shiv Chalisa, राशिफल और दुर्गा चालीसा पर अन्य जानकारी पाएं।