विज्ञापन हटाएंसिर्फ खबर पढ़ें

संजय राउत पर मानहानि का केस करेंगे विधानसभा अध्यक्ष राहुल नार्वेकर, आदिवासियों की जमीन हड़पने के आरोपों को बताया बेबुनियाद

Published: Mon, 23 Nov 2026 08:16 PM (IST)

संजय राउत ने महाराष्ट्र विधानसभा अध्यक्ष राहुल नार्वेकर पर आदिवासी परिवारों की जमीन हड़पने और घर गिराने का आरोप लगाया है।

संजय राउत ने राहुल नार्वेकर पर लगाया आदिवासी जमीन हड़पने का आरोप (फाइल फोटो)

संजय राउत ने राहुल नार्वेकर पर लगाया आदिवासी जमीन हड़पने का आरोप (फाइल फोटो)

HighLights

  1. राउत ने नार्वेकर पर आदिवासी जमीन हड़पने, घर गिराने का आरोप लगाया।

  2. नार्वेकर ने आरोपों को बेबुनियाद बताया, मानहानि का मुकदमा करने की चेतावनी दी।

  3. राउत ने SIT जांच और नार्वेकर को पद से हटाने की मांग की।

राज्य ब्यूरो, मुंबई। शिवसेना (यूबीटी) के प्रवक्ता संजय राउत ने महाराष्ट्र में विधानसभा अध्यक्ष राहुल नार्वेकर पर आदिवासी परिवारों की जमीन पर अवैध कब्जा करने और उनके घरों को बुलडोजर से ध्वस्त कराने का आरोप लगाया है। संजय राउत ने मुख्यमंत्री देवेंद्र फडणवीस को पत्र लिखकर नार्वेकर के खिलाफ स्वतंत्र विशेष जांच दल (एसआईटी) गठित करने और उन्हें विधानसभा अध्यक्ष पद से तत्काल हटाने की मांग की है।

वहीं, नार्वेकर ने इन आरोपों को पूरी तरह बेबुनियाद बताते हुए राउत के खिलाफ मानहानि का मुकदमा दर्ज कराने की चेतावनी दी है।

राउत ने अपने पत्र में रायगढ़ जिले की अलीबाग तहसील के म्हात्रोली गांव में रहने वाले कातकरी जनजाति के परिवारों के साथ कथित अन्याय का मामला उठाया है। उनका आरोप है कि फरवरी 2024 में विधानसभा अध्यक्ष की पत्नी सरोजिनी नार्वेकर के नाम पर गाटा नंबर 148/1 में करीब 15 एकड़ जमीन खरीदी गई थी। इसके बाद जमीन पर रह रहे लगभग 20 आदिवासी परिवारों के घर 24 मार्च 2024 और उसके आसपास के दिनों में जेसीबी से गिरा दिए गए। राउत के अनुसार, ये परिवार कई पीढ़ियों से वहां रह रहे थे।

राउत ने आरोप लगाया कि नार्वेकर के एजेंट दशरथ पाटिल ने बड़ी संख्या में लोगों के साथ पहुंचकर बिना पूर्व सूचना आदिवासियों के घर ध्वस्त करा दिए। उनके घरेलू सामान को मिट्टी में दबा दिया गया और बोरवेल तक उखाड़ दिया गया, ताकि वहां आदिवासियों के रहने के साक्ष्य मिटाए जा सकें। विरोध करने पर परिवारों को मूल बस्ती से दो-तीन किलोमीटर दूर दूसरी जगह भेज दिया गया। कुछ परिवारों को मामूली आर्थिक सहायता मिली, जबकि कई को कुछ भी नहीं दिया गया।

राउत का दावा है कि विस्थापित परिवार आज भी पेयजल, बिजली और सड़क जैसी बुनियादी सुविधाओं के अभाव में जीवन गुजार रहे हैं। वहां के बोरवेल का पानी भी दूषित है और उन्हें उस जगह से भी हटाने की धमकी दी जा रही है। राउत ने यह भी आरोप लगाया कि पुलिस और राजस्व विभाग के अधिकारियों ने आदिवासियों की शिकायतें दर्ज करने के बजाय उन्हें धमकाया तथा बिना पढ़े कागजों पर उनके अंगूठे के निशान लिए गए।

दूसरी ओर संजय राउत के आरोपों को खारिज करते हुए राहुल नार्वेकर ने कहा कि उनके खिलाफ लगाए गए आरोपों में रत्ती भर भी सच्चाई नहीं है। उन्होंने कहा कि 2024 में तत्कालीन जमीन मालिकों और स्थानीय निवासियों के बीच विवाद सामने आया था, जिसकी जांच स्थानीय तहसीलदार ने की थी। प्रशासनिक जांच के अनुसार प्रभावित आदिवासी परिवारों को वैकल्पिक आवास, बुनियादी सुविधाएं और आर्थिक मुआवजा दिया गया था। परिवारों ने लिखित बयान देकर मुआवजा प्राप्त होने और कोई शिकायत शेष नहीं रहने की बात भी कही थी।

नार्वेकर ने दावा किया कि वर्ष 2024 में दर्ज किसी शिकायत में उनका या उनके परिवार का नाम नहीं था और वर्तमान में भी उनके खिलाफ कोई शिकायत लंबित नहीं है। उन्होंने राउत पर राजनीतिक प्रतिशोध का आरोप लगाते हुए कहा कि शिवसेना विधायकों की अयोग्यता के मामले में उनके फैसले के कारण राउत उनसे बदला लेना चाहते हैं।

देश और दुनिया की ताजा खबरों के लिए Hindi News देखें। Live Cricket Score ,IPO Listings, Shiv Chalisa, राशिफल और दुर्गा चालीसा पर अन्य जानकारी पाएं।