विज्ञापन हटाएंसिर्फ खबर पढ़ें

'प्रचारकों के जीवन से देश और दुनिया की प्रगति में योगदान की प्रेरणा मिलनी चाहिए', बोले मोहन भागवत

Published: Mon, 09 Nov 2026 07:38 PM (IST)

मोहन भागवत ने कहा कि संघ के प्रचारकों का निस्स्वार्थ एवं समर्पित जीवन समाज के लिए प्रेरणा का स्रोत है, ...और पढ़ें

प्रचारकों का निस्स्वार्थ जीवन समाज के लिए प्रेरणा स्रोत: मोहन भागवत

प्रचारकों का निस्स्वार्थ जीवन समाज के लिए प्रेरणा स्रोत: मोहन भागवत

timer icon

समय कम है?

जानिए मुख्य बातें और खबर का सार एक नजर में

संक्षेप में पढ़ें

राज्य ब्यूरो, मुंबई। राष्ट्रीय स्वयंसेवक संघ प्रमुख मोहन भागवत ने कहा है कि संघ के प्रचारकों और स्वयंसेवकों का निस्स्वार्थ एवं समर्पित जीवन समाज के लिए प्रेरणा का स्रोत है। उनके कार्यों से लोगों को देश और दुनिया की प्रगति में योगदान देने की प्रेरणा मिलनी चाहिए।

संघ की सौ वर्षों की यात्रा किसी की कृपा से नहीं, बल्कि हजारों प्रचारकों के निरंतर त्याग, समय और समर्पण के बल पर पूरी हुई है। संघ का मूल कार्य 'मनुष्य निर्माण पद्धति' है, जिसके माध्यम से व्यक्ति का विकास कर समाज और देश को बेहतर बनाने का प्रयास किया जाता है।

प्रचारकों का निस्स्वार्थ जीवन समाज के लिए प्रेरणा स्रोत

भागवत सोमवार को नागपुर नागरिक बैंक भवन के उद्घाटन और संघ प्रचारकों के जीवन एवं योगदान पर आधारित पुस्तक के विमोचन के अवसर पर आयोजित कार्यक्रम को संबोधित कर रहे थे। उन्होंने कहा कि प्रचारक बिना किसी स्वार्थ, अहंकार या व्यक्तिगत अपेक्षा के अपना पूरा जीवन संगठन को समर्पित कर देते हैं।

उनकी प्रतिबद्धता स्वयंसेवकों के लिए प्रेरणा के साथ-साथ संगठन को मजबूती देने वाला स्थिर आधार भी बनती है। भागवत ने कहा कि राष्ट्रीय स्वयंसेवक संघ के प्रचारक निस्स्वार्थता के प्रतीक हैं। वे स्वयं के लिए कोई अपेक्षा नहीं रखते। संघ का कार्य 'मनुष्य निर्माण की पद्धति' है। प्रचारक और स्वयंसेवक स्वयं को विकसित करने और अपना जीवन समाज को समर्पित करने का प्रयास करते हैं।

उन्होंने कहा कि प्रचारक भी सामान्य इंसान की तरह ही होता है, लेकिन उसकी शक्ति का स्रोत उसका पूर्ण समर्पण है। वह अपनी निजी इच्छाओं को भी संगठन के उद्देश्य के लिए समर्पित कर देता है। संगठन उसे जहां और जिस जिम्मेदारी के लिए भेजता है, वह बिना किसी सवाल के वहां जाकर काम करता है। उसके जीवन का एकमात्र उद्देश्य संघ की सेवा करना होता है।

संघ का मूल कार्य 'मनुष्य निर्माण पद्धति' पर आधारित

संघ प्रमुख ने कहा कि प्रचारक अपना पूरा जीवन संगठन को देने के बावजूद किसी प्रकार की पहचान, कृतज्ञता या पुरस्कार की अपेक्षा नहीं करते। उनके कार्य के बदले में कुछ नहीं मिलता। उन्हें धन्यवाद तक नहीं दिया जाता। सौ साल बाद प्रचारकों पर किताबें लिखी जा रही हैं।

लेकिन किसी भी प्रचारक ने इसकी उम्मीद नहीं की थी, और न ही भविष्य में कोई इसकी उम्मीद करेगा। उन्होंने कहा कि प्रचारकों के जीवन पर पुस्तकें उनके प्रति स्नेह और कृतज्ञता व्यक्त करने तथा समाज के सामने उनके उदाहरण प्रस्तुत करने के उद्देश्य से लिखी जा रही हैं। उनकी निष्ठा को शब्दों में व्यक्त करना संभव नहीं है।

इसे केवल जाना और अनुभव किया जा सकता है। भागवत ने संघ संस्थापक डॉ. केशव बलिराम हेडगेवार का उल्लेख करते हुए कहा कि वह समझते थे कि देश की प्रगति व्यक्तियों को बेहतर बनाने पर निर्भर करती है। उन्होंने अनुभव से सीखा था कि यदि किसी इंसान को अच्छा बना दिया जाए तो बाकी सब कुछ अच्छा हो जाता है। इसी सोच के आधार पर संघ ने व्यक्ति निर्माण की कार्यप्रणाली विकसित की।

भागवत ने कहा कि स्वयंसेवक इस विचार के साथ जीवन जीता है कि वह समाज के लिए जो भी अच्छा कर सकता है, उसके लिए स्वयं को विकसित और समर्पित करना चाहिए। हालांकि हर स्वयंसेवक इस आदर्श को शत-प्रतिशत हासिल नहीं कर पाता, लेकिन सभी की दिशा एक ही रहती है।

भागवत ने कहा कि कुछ लोग अपने समय का एक हिस्सा संघ कार्य के लिए देते हैं, जबकि कुछ अपना पूरा जीवन इसी काम के लिए समर्पित कर देते हैं। कार्यक्रम में प्रचारकों पर पुस्तक का विमोचन और बैंक भवन का उद्घाटन करते हुए उन्होंने दोनों अवसरों को व्यक्तियों की तपस्या और उनके प्रयासों के परिणाम का प्रतीक बताया। उन्होंने कहा कि एक प्रायश्चित है, दूसरा उसका परिणाम। हम दोनों का अनुभव एक साथ कर रहे हैं।

‘जब मुस्लिम ने किया था संघ का बचाव’

सरसंघचालक मोहन भागवत ने संघ के शुरुआती इतिहास का एक रोचक प्रसंग साझा किया। उन्होंने बताया कि 1930 के दशक में जब मध्य प्रांत विधानसभा में संघ पर प्रतिबंध लगाने की कोशिश हुई थी, तब इब्राहिम नाम के एक मुस्लिम व्यक्ति ने संगठन का बचाव करते हुए उसे गैर-सांप्रदायिक बताया था।

नागपुर नागरिक सहकारी बैंक लिमिटेड के नवनिर्मित सभागार के उद्घाटन समारोह में भागवत ने कहा कि उस समय संघ के समर्थन में कोई स्वयंसेवक विधानसभा में मौजूद नहीं था। ऐसे में इब्राहिम ने डॉ. केशव बलिराम हेडगेवार का हवाला देते हुए कहा था कि वे अच्छे इंसान हैं और संघ सांप्रदायिक संगठन नहीं हो सकता।

देश और दुनिया की ताजा खबरों के लिए Hindi News देखें। Live Cricket Score , IPO Listings, Shiv Chalisa, राशिफल और दुर्गा चालीसा पर अन्य जानकारी पाएं।