मुंबई की गलियों में प्रिंस विलियम-कैथरीन ने खेला क्रिकेट, सचिन को किया आउट
ब्रिटेन के प्रिंस विलियम और प्रिंसेस कैथरीन ने अपनी भारत यात्रा की शुरुआत मुंबई से की। उन्होंने सचिन तेंदुलकर के ...और पढ़ें

प्रिंस विलियम और कैथरीन ने मुंबई में खेला क्रिकेट

समय कम है?
जानिए मुख्य बातें और खबर का सार एक नजर में
राज्य ब्यूरो, मुंबई। ब्रिटेन के प्रिंस विलियम और प्रिंसेस कैथरीन ने सोमवार को अपनी भारत यात्रा की शुरुआत मुंबई से खास अंदाज में की। शाही ठाठ-बाट से दूर दोनों ने मुंबई की गलियों में क्रिकेट खेला, सचिन तेंदुलकर के साथ बल्लेबाजी और गेंदबाजी में हाथ आजमाया और सड़क किनारे चाय की दुकान पर कुल्हड़ में कटिंग चाय का स्वाद लिया।
इतना ही नहीं, मुंबई की मेट्रो में सफर कर उन्होंने महानगर की आम जिंदगी को भी करीब से महसूस किया।
बेलार्ड एस्टेट के एन. मोरारजी रोड पर आयोजित एक अनौपचारिक क्रिकेट मुकाबले में प्रिंस और प्रिंसेस ने स्कूली छात्राओं तथा गली क्रिकेट से जुड़े खिलाड़ियों के साथ हिस्सा लिया। एडवर्डियन और नवशास्त्रीय वास्तुकला वाली ऐतिहासिक इमारतों के बीच आयोजित इस कार्यक्रम में पारंपरिक ढोल-ताशे के साथ शाही मेहमानों का स्वागत किया गया।
क्रिकेट के इस आयोजन में महान क्रिकेटर सचिन तेंदुलकर भी मौजूद रहे। सफेद शर्ट, गहरे नीले रंग की जैकेट और काली पतलून पहने प्रिंस विलियम ने बल्लेबाजी करते हुए करीब पांच गेंदें खेलीं। पांचवीं गेंद पर वह बोल्ड हो गए। इसके बाद उन्होंने गेंदबाजी भी की और सचिन तेंदुलकर को आउट कर दिया। सचिन का ऊंचा शाट हवा में गया और फील्डर ने कैच लपक लिया।
सचिन तेंदुलकर ने इस मौके पर बताया कि प्रिंस विलियम के साथ उन्होंने पिछली बार ओवल मैदान पर क्रिकेट खेला था, जबकि इस बार मुंबई की गलियों में गली क्रिकेट खेलने का अनुभव मिला। इस आयोजन में स्कूल की छात्राओं के साथ इंस्टाग्राम पर लोकप्रिय गली क्रिकेट पेज से जुड़े सदस्य भी शामिल हुए।
कार्यक्रम के दौरान प्रिंस और प्रिंसेस ने बरगद के पेड़ के नीचे लगी एक छोटी-सी चाय की दुकान पर रुककर कटिंग चाय भी पी। करीब 200 मीटर दूर दुकान चलाने वाले बेहरूलाल चौधरी और मनोज ठाकुर ने उन्हें चाय परोसी। ठाकुर ने बताया कि उन्होंने पहली बार सचिन को इतने करीब से देखा।
प्रिंसेस कैथरीन ने चाय की तारीफ करते हुए उसे शानदार बताया। इस आयोजन की गोपनीयता का अंदाजा इसी से लगाया जा सकता है कि कई छात्राओं को शुरुआत में पता ही नहीं था कि वे किन खास मेहमानों के साथ कार्यक्रम में शामिल होने जा रही हैं।
नागपाड़ा स्थित अंजुमन-ए-इस्लाम के बेगम शरीफा कलसेकर गर्ल्स इंग्लिश स्कूल की आठवीं कक्षा की छात्राओं बतूल फातिमा शेख और उम्मे हानी ने बताया कि शिक्षकों ने 16 नवंबर को होने वाले कार्यक्रम के लिए इच्छुक छात्राओं के नाम मांगे थे। दीपावली की छुट्टियां होने के कारण उन्होंने अपना नाम दर्ज करा दिया था। बाद में जब उन्हें बताया गया कि प्रिंस ऑफ वेल्स कार्यक्रम में आए हैं, तो वे आश्चर्यचकित रह गईं।
क्रिकेट और चाय के इस खास अनुभव के बाद शाही दंपत्ति ने विधान भवन से बांद्रा-कुर्ला कांप्लेक्स (बीकेसी) तक मेट्रो से सफर किया। प्रिंस विलियम और प्रिंसेस कैथरीन की यह दूसरी आधिकारिक भारत यात्रा है। इससे पहले दोनों अप्रैल 2016 में भारत आए थे। अपनी यात्रा के दौरान वे 18 नवंबर को नई दिल्ली में प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी से भी मुलाकात करेंगे।
देश और दुनिया की ताजा खबरों के लिए Hindi News देखें। Live Cricket Score , IPO Listings, Shiv Chalisa, राशिफल और दुर्गा चालीसा पर अन्य जानकारी पाएं।