'विकास और पर्यावरण संरक्षण में भारत ने दुनिया को दिखाई नई राह', मुंबई में बोले प्रिंस विलियम
प्रिंस विलियम ने मुंबई में अर्थशॉट प्राइज 2026 इम्पैक्ट असेंबली में भारत की सराहना की, कहा कि भारत ने आर्थिक विकास के साथ पर्यावरण संरक्षण का नया मार्ग दिखाया है।

प्रिंस विलियम ने भारत को सराहा। (रॉयटर्स)
HighLights
भारत ने विकास संग पर्यावरण संरक्षण का नया मार्ग दिखाया।
गैर-जीवाश्म ईंधन लक्ष्य समय से पहले हासिल किए, सौर ऊर्जा बढ़ी।
भारतीय नवाचारों जैसे टाकाचार, महिंद्रा लास्ट माइल की सराहना।
राज्य ब्यूरो, मुंबई। ब्रिटेन के युवराज प्रिंस विलियम ने कहा है कि दुनिया की उभरती अर्थव्यवस्थाओं के सामने अक्सर विकास या पर्यावरण संरक्षण में से किसी एक को चुनने की चुनौती पेश की जाती है।
समृद्धि और प्रकृति की सुरक्षा को एक-दूसरे का विरोधी बताया जाता है, लेकिन भारत ने इस धारणा को गलत साबित करते हुए दुनिया को एक नई राह दिखाई है। भारत का अनुभव रंगों, विविधताओं और संभावनाओं से भरा है, जहां आर्थिक विकास के साथ पर्यावरण संरक्षण भी संभव है।
सोमवार को मुंबई में आयोजित अर्थशॉट प्राइज 2026 इम्पैक्ट असेंबली को संबोधित करते हुए प्रिंस विलियम ने कहा कि भारत ने अपनी स्थापित बिजली उत्पादन क्षमता का 50 प्रतिशत गैर-जीवाश्म ईंधन स्रोतों से हासिल करने का लक्ष्य निर्धारित समय से पांच साल पहले पूरा कर लिया। पिछले एक दशक से कुछ अधिक समय में देश की सौर ऊर्जा उत्पादन क्षमता भी 50 गुना से ज्यादा बढ़ी है।
प्रिंस विलियम ने कहा कि दुनिया का भविष्य केवल समस्याओं की ओर ध्यान दिलाने वालों से नहीं बदलेगा, बल्कि उन लोगों से बदलेगा जो अपने साहसिक विचारों और नवाचारों के माध्यम से यह दिखाने का प्रयास करते हैं कि क्या कुछ संभव है। अर्थशॉट प्राइज के अब तक के विजेताओं और फाइनलिस्टों में भारत की संख्या किसी भी अन्य देश से अधिक है। यह इस बात का प्रमाण है कि भारत पर्यावरण संरक्षण के क्षेत्र में महत्वपूर्ण भूमिका निभा रहा है।
प्रिंस विलियम ने दिल्ली की सामाजिक उद्यम संस्था 'टाकाचार' का उदाहरण देते हुए बताया कि वर्ष 2021 में यह अर्थशॉट प्राइज की 'क्लीन आवर एयर' श्रेणी की पहली विजेता बनी थी। संस्था ने ऐसी पोर्टेबल तकनीक विकसित की है, जिसे ट्रैक्टर पर लगाकर कृषि अवशेष और जंगलों के कचरे को उपयोगी ईंधन एवं खाद जैसे उत्पादों में बदला जा सकता है। इससे पराली और अन्य जैविक कचरे को जलाने से निकलने वाले धुएं में 98 प्रतिशत तक कमी आई और किसानों की आय भी बढ़ी है।
उन्होंने वर्ष 2026 के दो भारतीय फाइनलिस्टों की विशेष रूप से सराहना की। इनमें पहला महिला हाउसिंग ट्रस्ट है, जो कम आय वाली महिलाओं को भीषण गर्मी से बचाने के लिए ठंडी छतों और किफायती बीमा जैसी सुविधाओं के माध्यम से सशक्त बना रहा है। दूसरा महिंद्रा लास्ट माइल मोबिलिटी है, जो इलेक्ट्रिक रिक्शा को किफायती विकल्प बनाकर बड़े शहरों में प्रदूषण कम करने की दिशा में काम कर रहा है।
प्रिंस विलियम ने कहा कि ये केवल पर्यावरण संरक्षण से जुड़े दूरगामी लक्ष्य नहीं हैं, बल्कि ऐसे व्यावहारिक समाधान हैं, जो लोगों के जीवन में वास्तविक बदलाव ला रहे हैं। हालांकि, पर्यावरण संरक्षण की जिम्मेदारी केवल भारत की नहीं, बल्कि पूरी दुनिया की है। किसी एक देश, कंपनी या समुदाय के पास सभी समस्याओं का समाधान नहीं हो सकता। इसलिए एक-दूसरे के अनुभवों और सफल प्रयोगों से सीखना जरूरी है।
उल्लेखनीय है कि प्रिंस विलियम द्वारा स्थापित अर्थशॉट प्राइज के तहत पर्यावरण और जलवायु परिवर्तन से निपटने वाले पांच नवाचारों को प्रतिवर्ष 13-13 लाख डालर की पुरस्कार राशि दी जाती है। मुंबई में 17 नवंबर को इसके छठे पुरस्कार समारोह का आयोजन होगा।
देश और दुनिया की ताजा खबरों के लिए Hindi News देखें। Live Cricket Score , IPO Listings, Shiv Chalisa, राशिफल और दुर्गा चालीसा पर अन्य जानकारी पाएं।