आज से भारत दौरे पर प्रिंस विलियम और प्रिंसेस केट, 18 नवंबर को PM मोदी से करेंगे मुलाकात
ब्रिटेन के प्रिंस विलियम और प्रिंसेस केट मिडलटन आज से भारत दौरे पर हैं, जहां वे मुंबई में अर्थशॉट पुरस्कार समारोह में शामिल होंगे।

भारत दौरे पर प्रिंस विलियम और प्रिंसेस केट। (रॉयटर्स)
HighLights
प्रिंस विलियम और केट आज से भारत दौरे पर आ रहे हैं।
मुंबई में अर्थशॉट पुरस्कार समारोह में शामिल होंगे, पर्यावरण पर चर्चा।
शाही दंपती 18 नवंबर को प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी से मिलेंगे।
डिजिटल डेस्क, मुंबई। ब्रिटेन की राजगद्दी के उत्तराधिकारी प्रिंस विलियम और उनकी पत्नी प्रिंसेस केट मिडलटन भारत के आधिकारिक दौरे पर आ रहे हैं। वह इस दौरान 16 से 18 नवंबर तक मुंबई में रहेंगे,जहां वह पर्यावरण संबंधी अर्थशॉट पुरस्कार समारोह में हिस्सा लेंगे। जबकि 18 नवंबर को ही ब्रिटेन के शाही दंपती प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी से मुलाकात करेंगे।
भारत में ब्रिटेन के कार्यवाहक उच्चायुक्त बेन मिलर ने रविवार को बताया कि मुंबई में प्रिंस विलियम गली क्रिकेट से जुड़े एक कार्यक्रम में भी हिस्सा लेंगे और मेट्रो रेल की सवारी करेंगे। शाही दंपती 18 नवंबर को राजधानी दिल्ली में प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी से मुलाकात करेंगे।
मिलर ने कहा, "बुधवार को जब प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी उनकी शाही मेहमानों से मिलेंगे, तो वे भविष्य को ध्यान में रखते हुए सहयोग के क्षेत्रों पर चर्चा करेंगे।"
मिलर ने कहा कि यह दौरा जलवायु के क्षेत्र में भारत के नेतृत्व का जश्न मनाने और यह दिखाने का शानदार अवसर है। भारत पहले ही दुनिया का तीसरा सबसे बड़ा नवीकरणीय ऊर्जा बाजार है। मुक्त व्यापार समझौते से द्विपक्षीय व्यापार में 25.5 अरब पाउंड की वृद्धि होने की उम्मीद है।
पुरस्कार राशि होगी दस लाख पाउंड
प्रिंस विलियम ने छह साल पहले इस वार्षिक पुरस्कार की शुरुआत की थी। इस पर्यावरण पुरस्कार के पांच फाइनलिस्ट में से प्रत्येक को 10 लाख पाउंड (करीब 13 लाख अमेरिकी डॉलर) की पुरस्कार राशि दी जाती है। कैंसर का इलाज करा रही प्रिंसेस केट यहां एक अस्पताल का दौरा करेंगी, जबकि प्रिंस विलियम एक प्रोडक्शन हाउस जाएंगे, जहां वह बॉलीवुड की हस्तियों से बातचीत करेंगे।
श्रेया घोषाल समेत शामिल होंगे कई दिग्गज
भारत के सबसे बड़े इलेक्ट्रिक तिपहिया वाहन निर्माताओं में से एक महिंद्रा लास्ट माइल मोबिलिटी इस साल के फाइनलिस्ट में शामिल है। समारोह की शुरुआत अर्थशाट आर्केस्ट्रा करेगा। गायिका श्रेया घोषाल ब्रिटेन के चार्ट में शीर्ष पर रहे टेक दैट समूह के साथ प्रस्तुति देंगी। सचिन तेंदुलकर, आलिया भट्ट, करण जौहर समेत संगीत, फिल्म और खेल जगत की कई हस्तियां इसमें शामिल होंगी।
(समाचार एजेंसी पीटीआई के इनपुट के साथ)
देश और दुनिया की ताजा खबरों के लिए Hindi News देखें। Live Cricket Score , IPO Listings, Shiv Chalisa, राशिफल और दुर्गा चालीसा पर अन्य जानकारी पाएं।