यह एक आर्काइव लेख है, जिसे Jan 08, 2024 को प्रकाशित किया गया था। इसमें दी गई जानकारी वर्तमान समय के लिहाज से पुरानी हो सकती है।
Maharashtra: 'प्रकाश अंबेडकर की VBA महाराष्ट्र में विपक्षी गठबंधन का हिस्सा', सांसद संजय राउत सीट-बंटवारे के फॉर्मूले पर बोले
Maharashtra News शिवसेना (यूबीटी) सांसद संजय राउत ने सोमवार को कहा कि कुछ महीनों में होने वाले लोकसभा चुनावों में ...और पढ़ें

पीटीआई, मुंबई। शिवसेना (यूबीटी) सांसद संजय राउत ने सोमवार को कहा कि कुछ महीनों में होने वाले लोकसभा चुनावों में सत्तारूढ़ भाजपा का मुकाबला करने के लिए प्रकाश अंबेडकर के नेतृत्व वाली वंचित बहुजन अगाड़ी (वीबीए) महाराष्ट्र में विपक्षी गठबंधन का "पूरी तरह से हिस्सा" है।
यहां पत्रकारों से बात करते हुए, राउत ने कहा कि अंबेडकर ने लोकसभा चुनाव और सीट-बंटवारे के फॉर्मूले के संबंध में राकांपा प्रमुख शरद पवार और सेना (यूबीटी) प्रमुख उद्धव ठाकरे के साथ कई बार बातचीत की है।
महाराष्ट्र में हैं 48 लोकसभा सीटें
राउत ने कहा, "अतीत में, अंबेडकर ने महाराष्ट्र के अकोला से लोकसभा चुनाव लड़ा था। वह इस बार भी चुनाव लड़ सकते हैं। हम उनके साथ हैं। वीबीए एमवीए का ही हिस्सा है।"
महा विकास अघाड़ी (एमवीए) में शिवसेना (यूबीटी), शरद पवार के नेतृत्व वाली राकांपा और कांग्रेस शामिल हैं।बता दें कि महाराष्ट्र में 48 लोकसभा सीटें हैं।
महाराष्ट्र के लोग PM मोदी को वोट नहीं देंगे
राउत ने दावा किया, "कुछ फैसले पहले ही किए जा चुके हैं। महाराष्ट्र के लोग प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी को वोट नहीं देंगे, जो डॉ. बाबासाहेब अंबेडकर द्वारा बनाए गए संविधान को नुकसान पहुंचा रहे हैं।"
शिव सेना (यूबीटी) और प्रकाश अंबेडकर की वंचित बहुजन अघाड़ी ने पिछले साल जनवरी में गठबंधन की घोषणा की थी। हालांकि, वीबीए के विपक्षी इंडिया ब्लॉक का हिस्सा होने की कोई आधिकारिक घोषणा नहीं की गई है, जो लोकसभा चुनावों में सत्तारूढ़ एनडीए से मुकाबला करने के लिए कई दलों द्वारा बनाया गया गठबंधन है।
