New corona strain: देर रात ब्रिटेन से भारत पहुंचे यात्री हुए क्वारंटाइन, 31 दिसंबर तक रद रहेंगी उड़ान
नए कोरोना स्ट्रेन (New corona strain) के खतरे को देखते हुए ब्रिटेन से आने वाली उड़ानों को 31 दिसंबर तक के लिए रद कर दिया गया है सुरक्षा के मद्देनजर देर रात पहुंचे यात्रियों को क्वारंटाइन में रखा गया है।
मुंबई, एएनआइ। ब्रिटेन में नए कोरोना स्ट्रेन को देखते हुए यूरोपीय और मिडिल ईस्ट के देशों से आने वाले यात्रियों को अनिवार्य इंस्टीट्यूशनल क्वारनटीन से गुजरना होगा। देर रात मुंबई में ब्रिटेन से आने वाले यात्रियों को क्वारंटीन में भेज दिया गया इनके संबंधियों ने इस पर सवाल उठाते हुए कहा कि सरकार को इस बारे में पहले बताना चाहिए था। क्या यात्रियों को अधिकारियों की सहमति के बाद विमान में बैठने की अनुमति नहीं मिली थी?
बीएमसी के कमिश्नर इकबाल सिंह चहल के अनुसार, ब्रिटेन से देर रात 2:30 बजे के बाद कोई फ्लाइट नहीं आएगी। जो यात्री रात को यहां पहुंचे हैं उन्हें क्वारंटाइन से गुजरना होगा। स्पर्शोन्मुख को होटलों में क्वारंटाइन किया जाएगा जबकि पॉजिटिव पाये गए यात्रियों को जीटी अस्पताल में भर्ती कराया जाएगा। यूरोप एवं मध्यपूर्व के देशों से महाराष्ट्र आने वालों को 14 दिनों तक संस्थागत क्वारंटाइन व अन्य देशों से आने वाले लोगों को अपने घरों पर क्वारंटाइन में रहना होगा।
गौरतलब है कि स्ट्रेन को देखते हुए भारत में सतर्कता बढ़ गई है। भारत सरकार ने ब्रिटेन से आने वाली सभी उड़ानें 31 दिसंबर तक के लिए रद कर दी हैं। वहीं महाराष्ट्र सरकार ने भी सतर्कता दिखाते हुए मंगलवार से राज्य में के नगर निगमों में नाइट कर्फ्यू की घोषणा कर दी है। ये कर्फ्यू रात 11 बजे से सुबह 6 बजे तक लगा रहेगा। महाराष्ट्र सरकार ने आदेश दिया है ये नाइट कर्फ्यू 22 दिसंबर 2020 से 5 जनवरी 2021 तक प्रभावी रहेगा।
महाराष्ट्र के मुख्यमंत्री उद्धव ठाकरे ने ब्रिटेन में कोरोना के नए स्ट्रेन के सामने के बाद इससे पैदा होने वाली मुश्किलों को देखते हुए बैठक बुलाई थी। बैठक में राज्य के महानगर निगमों के इलाकों में रात 11 बजे से सुबह 6 बजे तक नाइट कर्फ्यू लगाने का निर्णय लिया गया। बता दें कि देश में सबसे अधिक कोरोना संक्रमण के मामले महाराष्ट्र में ही सामने आये हैं।
स्वास्थ्य मंत्री हर्षवर्धन बोले भारत में स्थिति नियंत्रण में
नए कोरोना को लेकर भारत में स्थिति नियंत्रण में स्वास्थ्य मंत्री हर्षवर्धन ने कहा कि घबराने की कोई बात नहीं है भारत में स्थिति नियंत्रण में है। नए संक्रमण को भारत में आने से रोकेन के लिए हर संभव कदम उठाये जा रहे हैं। सरकार पूरी तरह से अलर्ट है। कोविड-19 पर काबू पाने के लिए भी सरकार ने सभी जरूरी कदम उठाये हैं और हमारे वैज्ञानिक भी इससे निपटने में महत्वपूर्ण योगदान दे रहे हैं।
इन देशों में लग चुका है प्रतिबंध
कोरोना के नए स्ट्रेन को देखते हुए नीदरलैंड, बेल्जियम, ऑस्ट्रिया, फ्रांस, जर्मनी, इटली, तुर्की, कनाडा और इस्राइल भी ब्रिटेन आने जाने वाली उड़ानों पर पहले ही प्रतिबंध लगा चुका है। ब्रिटिश सरकार ने इस संबंध में चेतावनी जारी करते हुए बताया है की वायरस का नया स्ट्रेन नियंत्रण से बाहर है। मौजूदा कोरोना वायरस से 70 फीसदी अधिक तेजी से फैलता है। इसे देखते हुए लंदन और दक्षिण इंग्लैंड में तेजी से बढ़ रहे मामलों के बाद ब्रिटेन ने रविवार से लॉकडाउन लगाने का फैसला किया था।