विज्ञापन हटाएंसिर्फ खबर पढ़ें

महाराष्ट्र के पालघर में कंटेनर और ट्रक की टक्कर में 13 बारातियों की मौत, 25 गंभीर रूप से घायल

Published: Mon, 18 May 2026 06:06 PM (IST)Updated: Tue, 19 May 2026 12:17 AM (IST)

महाराष्ट्र के पालघर जिले में मुंबई-अहमदाबाद हाईवे पर एक टेम्पो और कंटेनर ट्रक की भीषण टक्कर हो गई। इस हादसे ...और पढ़ें

मुंबई-अहमदाबाद हाईवे पर बड़ा हादसा। (पीटीआई)

मुंबई-अहमदाबाद हाईवे पर बड़ा हादसा। (पीटीआई)

HighLights

  1. मुंबई-अहमदाबाद हाईवे पर टेम्पो-कंटेनर की टक्कर।

  2. पालघर जिले में हुए हादसे में 13 लोगों की मौत।

  3. मृतकों के परिजनों के लिए 5-5 लाख की आर्थिक सहायता

राज्य ब्यूरो, मुंबई। महाराष्ट्र के पालघर जिले से सोमवार तड़के एक अत्यंत हृदयविदारक घटना सामने आई। मुंबई-अहमदाबाद राष्ट्रीय राजमार्ग पर कासा क्षेत्र के पास बारातियों से भरे एक ट्रक और तेज रफ्तार कंटेनर के बीच हुई भीषण टक्कर में 1 लोगों की मौके पर ही दर्दनाक मौत हो गई, जबकि 25 से अधिक लोग गंभीर रूप से घायल हो गए हैं।

मृतकों में महिलाएं और मासूम बच्चे भी शामिल हैं। दुर्घटना की सूचना मिलते ही शादी की खुशियां पल भर में मातम में बदल गईं।

पुलिस के प्रारंभिक निरीक्षण और चश्मदीदों के बयानों के अनुसार, दुर्घटना का मुख्य कारण कंटेनर चालक की तेज रफ्तार और घोर लापरवाही रही। सोमवार तड़के करीब चार बजे, जब राष्ट्रीय राजमार्ग पर अंधेरा और हल्का कोहरा था, गुजरात की ओर जा रहे एक विशाल कंटेनर ट्रक ने नियंत्रण खो दिया और सामने से आ रहे छोटे आईशर ट्रक को जोरदार टक्कर मार दी।

बारातियों से भरा ट्रक पूरी तरह क्षतिग्रस्त

टक्कर इतनी भयानक थी कि दोनों वाहन पलट गए और बारातियों से भरा ट्रक पूरी तरह क्षतिग्रस्त हो गया। स्थानीय लोगों का कहना है कि ट्रक में सवार लोग डहाणू तहसील के बापूगांव से एक शादी समारोह में जा रहे थे। इस छोटे ट्रक में 40 से अधिक लोग सवार थे। पुलिस आशंका जता रही है कि सुबह के वक्त कंटेनर ड्राइवर को नींद की झपकी आई होगी।

हादसे के बाद राजमार्ग पर चीख-पुकार मच गई। दुर्घटनास्थल पर मौजूद स्थानीय ग्रामीणों ने तत्परता दिखाते हुए सबसे पहले राहत कार्य शुरू किया और पुलिस को सूचित किया। इसके बाद कासा पुलिस और हाईवे रेस्क्यू टीम मौके पर पहुंची।

क्रेन की मदद से वाहनों को हटाकर घायलों को निकाला

क्रेन की मदद से क्षतिग्रस्त वाहनों को सीधा कर नीचे दबे यात्रियों को बाहर निकाला गया। 25 गंभीर घायलों को तुरंत पास के कासा उप-जिला अस्पताल में भर्ती कराया गया है, जहां छह लोगों की हालत नाजुक बनी हुई है। इनमें से गंभीर रूप से घायल चार लोगों को मुंबई और ठाणे के अस्पतालों में भेजा गया है।

इस भीषण दुर्घटना के कारण मुंबई-अहमदाबाद राष्ट्रीय राजमार्ग पर यातायात पूरी तरह ठप हो गया और कई किलोमीटर लंबा जाम लग गया। पुलिस ने पंचनामा कर शवों को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है और क्रेन से मलबे को हटाकर यातायात बहाल कराया।

मृतकों के परिजनों के लिए 5-5 लाख की आर्थिक सहायता

पुलिस अधीक्षक ने बताया कि फरार कंटेनर चालक के खिलाफ मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी गई है। कंटेनर चालक दुर्घटना के बाद से ही फरार है। पुलिस ने उसकी गिरफ्तारी के लिए दो टीमें गठित की हैं।

महाराष्ट्र सरकार की ओर से मृतकों के परिजनों के लिए पांच-पांच लाख रुपयों की अनुग्रह राशि की घोषणा की गई है, तथा घायलों को 50-50 हजार रुपए की सहायता दी जा रही है। घायलों का इलाज निशुल्क करने के निर्देश भी दिए गए हैं।

यह भी पढ़ें- महाराष्ट्र: पालघर में पटाखा फैक्ट्री में विस्फोट, दो लोगों की मौत; चार घायल