गोरा बनाने के नाम पर बेचा जा रहा था जहर! महाराष्ट्र में जब्त पाकिस्तानी क्रीम में तय सीमा से 48 हजार गुना ज्यादा मिला पारा
नांदेड़ पुलिस द्वारा जब्त 'मेड इन पाकिस्तान' सौंदर्य उत्पादों में भारी मात्रा में पारा और आर्सेनिक पाया गया है, एक सरकारी प्रयोगशाला रिपोर्ट ने इसकी पुष्टि की है।

महाराष्ट्र में 'मेड इन पाकिस्तान' ब्यूटी क्रीम जब्त
HighLights
नांदेड़ में 'मेड इन पाकिस्तान' सौंदर्य उत्पाद जब्त।
जब्त क्रीमों में भारी मात्रा में पारा, आर्सेनिक मिला।
पारे की मात्रा निर्धारित सीमा से 48 हजार गुना अधिक।
डिजिटल डेस्क, नांदेड़। लगभग चार माह पहले महाराष्ट्र के नांदेड़ पुलिस द्वारा जब्त किए गए ‘मेड इन पाकिस्तान’ लेबल वाले सौंदर्य उत्पादों में पारा और आर्सेनिक भारी मात्रा में पाया गया है। एक सरकारी प्रयोगशाला की रिपोर्ट में यह जानकारी सामने आई है।
पुलिस के एक अधिकारी ने बताया कि नौ जुलाई को नांदेड़ के मक्का गली इलाके में अफराह कलेक्शन (अफराह टूर्स एंड ट्रैवल्स) पर की गई छापेमारी के दौरान, लगभग 39.69 लाख रुपये मूल्य के उत्पाद जब्त किए गए थे।
पुलिस के अनुसार, छापेमारी के दौरान लिए गए नमूनों की प्रयोगशाला में की गई जांच में दो ब्यूटी क्रीम में पारे की मात्रा खतरनाक रूप से अधिक पाई गई, जो सौंदर्य प्रसाधन संबंधी नियमों में निर्धारित मान्य सीमा से कहीं ज्यादा थी।
‘पार्ले 24के गोल्ड ग्लीम ब्यूटी क्रीम’ में पारे की मात्रा 48,453.44 पार्ट्स प्रति मिलियन (पीपीएम) पाई गई, जबकि मान्य सीमा एक पीपीएम है। इसी तरह ‘गोरी ब्यूटी क्रीम विद लाइकोपीन’ में पारे की मात्रा 6,924.94 पीपीएम पाई गई। पुलिस के अनुसार, यह छापेमारी इतवारा थाने की एक टीम ने खाद्य एवं औषधि प्रशासन (एफडीए) के अधिकारियों के साथ मिलकर की थी।
सोर्स- न्यूज एजेंसी PTI के इनपुट के अनुसार