अब डराने लगे ओमिक्रोन के बढ़ते मामले, महाराष्ट्र में 7 नए केस से मचा हडकंप
Omicron Cases in Maharashtra कोरोना के नए वैरिएंट ओमिक्रोन के मामले सामने आने से पूरे देश में हडकंप मचा हुआ है। महाराष्ट्र में सात नए मामले सामने आने के बाद से चिंता का माहौल पैदा हो गया है। इनमें एक मरीज पुणे व अन्य छह मरीज पिंपरी चिंचवाड़ से हैं।
मुंबई, मिड डे। महाराष्ट्र में कोरोना के नए वैरिएंट ओमिक्रोनके सात नए मामले सामने आने के बाद से हडकंप मच गया है। इन सात मरीजों में एक पुणे का है और अन्य छह मरीज पिंपरी चिंचवाड़ के नगरपालिका इलाके से हैं। इनमें नाइजीरिया से आये तीन आगंतुक भी शामिल हैं। संक्रमितों में चार वयस्क हैं जो वैक्सीन की दोनों खुराक ले चुके हैं। बता दें कि महाराष्ट्र में ओमिक्रोन वैरिएंट के अब तक कुल आठ मरीज पाये गए हैं।
स्वास्थ्य विभाग से मिली जानकारी के अनुसार पिंपरी चिंचवाड़ में छह में से तीन मामले नाइजीरिया से आए हैं और बाकी उनके करीबी हैं जो उनके संपर्क में आये हैं। “भारतीय मूल की एक 44 वर्षीय नाइजीरियाई नागरिक और उसकी 12 और 18 साल की बेटियां 24 नवंबर को अपने भाई से मिलने पिंपरी-चिंचवाड़ आई थीं। एक अधिकारी ने बताया कि वे सभी ओमाक्रोन वैरिएंट से संक्रमित पाए गए हैं। ” उन्होंने कहा कि तीन आगंतुकों के 13 संपर्कों का पता लगाया गया और उनका परीक्षण किया गया है। नाइजीरियाई महिला में हल्के लक्षण पाये गए हैं जबकि अन्य पांच में कोई लक्षण नहीं है। तीन वयस्क कोविड वैक्सीन की दोनों खुराक ले चुके थे, इनमें दो कोविशील्ड और एक ने कोवैक्सीन ली थी।
सभी संक्रमितों को जीजामाता अस्पताल में भर्ती कराया गया है और उनकी हालत स्थिर है। पुणे के मरीज, एक 47 वर्षीय वैक्सीन की दोनों खुराक ले चुके थे। नियमित निगरानी के माध्यम से उनकी पहचान हो पायी है, उन्होंने 18 से 25 नवंबर तक फिनलैंड का दौरा किया था। लौटने पर, उन्हें हल्का बुखार हो गया था और 29 नवंबर को उन्होंने अपना कोविड टेस्ट करवाया था। उनकी रिपोर्ट पॉजिटिव आई है। हालांकि अब उनकी हालत स्थिर बतायी गई है और उसमें कोई लक्षण नहीं दिख रहा हैं।