NCP नेताओं ने सुनेत्रा पवार को फडणवीस से मुलाकात की जानकारी नहीं दी, तटकरे बोले- राजनीतिक बैठक नहीं थी
एनसीपी महाराष्ट्र अध्यक्ष सुनील तटकरे ने पार्टी में किसी भी मतभेद की खबरों का खंडन किया है। उन्होंने स्पष्ट किया ...और पढ़ें
-1784211818919_m.webp)
NCP महाराष्ट्र अध्यक्ष सुनील तटकरे ने किया खबरों का खंडन(फोटो: सोशल मीडिया)
राज्य ब्यूरो, मुंबई। राष्ट्रवादी कांग्रेस पार्टी (राकांपा) के महाराष्ट्र अध्यक्ष एवं सांसद सुनील तटकरे ने पार्टी में किसी भी तरह के मतभेद या अंदरूनी कलह की अटकलों को सिरे से खारिज करते हुए कहा कि राष्ट्रीय अध्यक्ष सुनेत्रा पवार को सभी महत्वपूर्ण राजनीतिक घटनाक्रमों की नियमित जानकारी दी जाती है।
उन्होंने स्पष्ट किया कि मुख्यमंत्री देवेंद्र फडणवीस से उनकी हालिया मुलाकात को लेकर फैलाई जा रही अफवाहों में कोई सच्चाई नहीं है और पार्टी पूरी तरह एकजुट है।
मुख्यमंत्री फडणवीस के सरकारी आवास ‘वर्षा’ में मंगलवार रात सुनील तटकरे और प्रफुल पटेल की मुलाकात के बाद राजनीतिक गलियारों में कई तरह की चर्चाएं शुरू हो गई थीं।
कुछ खबरों में दावा किया गया कि इस बैठक की जानकारी राष्ट्रीय अध्यक्ष सुनेत्रा पवार और पार्थ पवार को नहीं थी। इसके बाद पार्टी के भीतर मतभेद की अटकलें तेज हो गई थीं।
गुरुवार को मुंबई में पत्रकारों से बातचीत में तटकरे ने कहा कि सुनेत्रा पवार पार्टी की राष्ट्रीय अध्यक्ष हैं और उन्हें हर महत्वपूर्ण राजनीतिक गतिविधि से पहले और बाद में पूरी जानकारी दी जाती है। उन्होंने कहा कि पार्टी के भीतर संवाद और समन्वय पूरी तरह मजबूत है। उन्होंने इस बात का भी खंडन किया कि सुनेत्रा पवार ने उन्हें किसी स्पष्टीकरण के लिए तलब किया था।
तटकरे ने कहा कि मुख्यमंत्री से होने वाली हर मुलाकात का राजनीतिक अर्थ निकालना उचित नहीं है। उन्होंने बताया कि वह सांसद होने के नाते अपने संसदीय क्षेत्र से जुड़े कई विकास कार्यों के प्रस्ताव लेकर मुख्यमंत्री से मिले थे, जिन्हें राज्य सरकार के माध्यम से केंद्र सरकार को भेजा जाना है।
ऐसे प्रशासनिक विषयों की अलग-अलग जानकारी देना न तो व्यावहारिक है और न ही आवश्यक। हालांकि, यदि कोई राजनीतिक या संगठनात्मक विषय होता है तो उस पर पार्टी नेतृत्व से विस्तार से चर्चा की जाती है।
उन्होंने अपने लंबे राजनीतिक अनुभव का उल्लेख करते हुए कहा कि चार दशक के सार्वजनिक जीवन में वह राजनीतिक मर्यादाओं और प्रक्रियाओं से भलीभांति परिचित हैं। इसी कारण संगठन से जुड़े प्रत्येक महत्वपूर्ण निर्णय राष्ट्रीय नेतृत्व के साथ साझा किए जाते हैं।
तटकरे ने उन खबरों का भी खंडन किया जिनमें दावा किया गया था कि शरद पवार गुट के वरिष्ठ नेता जयंत पाटिल भी ‘वर्षा’ बंगले में मौजूद थे और वहां राकांपा (शरद पवार) के एनडीए में शामिल होने अथवा वित्त मंत्रालय की मांग जैसे मुद्दों पर चर्चा हुई। उन्होंने स्पष्ट कहा कि मुख्यमंत्री से उनकी बैठक के दौरान जयंत पाटिल न तो मौजूद थे और न ही उनसे कोई मुलाकात हुई।
तटकरे ने बताया कि मुख्यमंत्री से मिलने का समय उन्होंने पहले ही मांगा था। भाजपा कोर कमेटी की बैठक और प्रफुल पटेल की प्रस्तावित विदेश यात्रा को देखते हुए पटेल भी उनके साथ गए ताकि उनके निर्वाचन क्षेत्रों से जुड़े लंबित मामलों का शीघ्र समाधान कराया जा सके। पार्टी से जुड़े कानूनी मामलों पर उन्होंने कहा कि अजीत पवार के कार्यकाल में शुरू हुई विलय प्रक्रिया पर उनकी असामयिक मृत्यु के बाद विराम लग गया था।
पूर्व राष्ट्रीय महासचिव सच्चिदानंद सिंह की ओर से भेजे गए कानूनी नोटिस पर विचार-विमर्श के लिए वह रविवार को पार्थ पवार और प्रफुल पटेल के साथ दिल्ली जाएंगे। उन्होंने यह भी बताया कि पार्टी जल्द ही युवा, महिला और मुंबई इकाई सहित कई रिक्त संगठनात्मक पदों पर नियुक्तियां करेगी।
देश और दुनिया की ताजा खबरों के लिए Hindi News देखें। Live Cricket Score , IPO Listings, Shiv Chalisa, राशिफल और दुर्गा चालीसा पर अन्य जानकारी पाएं।