अमित शाह से मुलाकात को लेकर उठे सवालों पर राकांपा ने दी सफाई, कहा- सुनेत्रा पवार की सहमति से दिल्ली में हुई थी बैठक
राकांपा ने केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह से पार्टी नेताओं की मुलाकात में सुनेत्रा पवार की अनुपस्थिति पर सफाई दी है।

अमित शाह से मुलाकात को लेकर उठे सवालों पर राकांपा ने दी सफाई।
HighLights
राकांपा ने अमित शाह मुलाकात पर उठे सवालों पर सफाई दी।
पार्टी ने कहा सुनेत्रा पवार की सहमति से हुई थी बैठक।
कोर कमेटी बैठकों में सुनेत्रा पवार की सक्रिय भागीदारी दिखी।
राज्य ब्यूरो, मुंबई। महाराष्ट्र की सत्तारूढ़ राष्ट्रवादी कांग्रेस पार्टी (एनसीपी) में अंदरूनी खींचतान की अटकलों के बीच पार्टी नेतृत्व ने एक बार फिर एकजुटता का संदेश देने की कोशिश की है।
केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह से पार्टी के वरिष्ठ नेताओं की मुलाकात में उपमुख्यमंत्री एवं एनसीपी अध्यक्ष सुनेत्रा पवार की अनुपस्थिति को लेकर उठे सवालों पर पार्टी ने बुधवार को सफाई दी। एनसीपी ने स्पष्ट किया कि दिल्ली में हुई बैठक सुनेत्रा पवार की जानकारी और सहमति से ही आयोजित की गई थी। इस बीच, तीन दिनों में दूसरी बार पार्टी की कोर कमेटी की बैठक हुई, जिसमें सुनेत्रा पवार भी शामिल हुईं।
एनसीपी प्रवक्ता उमेश पाटिल ने उन खबरों को पूरी तरह गलत बताया, जिनमें दावा किया गया था कि पार्टी के वरिष्ठ नेताओं ने सुनेत्रा पवार को विश्वास में लिए बिना अमित शाह से मुलाकात की थी।
उन्होंने कहा कि सुनेत्रा पवार ने ही केंद्रीय गृह मंत्री से वरिष्ठ नेताओं के प्रतिनिधिमंडल को मिलने का समय देने का अनुरोध किया था। सुनेत्रा और उनके बेटे पार्थ पवार पिछले महीने भी शाह से दो बार मिल चुके हैं। इन मुलाकातों में पार्टी से जुड़े विभिन्न मुद्दों पर चर्चा हुई थी।
पाटिल के मुताबिक, सुनेत्रा ने ही उन वरिष्ठ नेताओं से शाह की मुलाकात कराने की पहल की थी, जिन्होंने एनसीपी के राजग में शामिल होने के समय भाजपा नेतृत्व के साथ बातचीत की थी।
बता दें कि रविवार को एनसीपी के कार्यकारी अध्यक्ष प्रफुल्ल पटेल, प्रदेश अध्यक्ष सुनील तटकरे, दिलीप वलसे पाटिल, हसन मुश्रीफ, छगन भुजबल और धनंजय मुंडे ने दिल्ली में अमित शाह से मुलाकात की थी। इस बैठक में सुनेत्रा पवार और उनके दोनों बेटे पार्थ तथा जय शामिल नहीं थे। इसे लेकर राजनीतिक गलियारों में पार्टी के भीतर मतभेद और नेतृत्व को लेकर खींचतान की चर्चाएं शुरू हो गई थीं।
इन अटकलों के बीच बुधवार सुबह मुंबई में एनसीपी की कोर कमेटी की बैठक हुई। तीन दिनों के भीतर यह दूसरी बैठक थी। इससे पहले सोमवार को भी कोर कमेटी की बैठक हुई थी। मंगलवार रात सुनेत्रा पवार ने अपने सरकारी आवास देवगिरी में पार्टी के विधायकों और मंत्रियों के साथ बैठक की थी। इसमें करीब 50 विधायक शामिल हुए थे। पार्थ और जय पवार भी मौजूद थे।
मुंबई एनसीपी अध्यक्ष जीशान सिद्दीकी ने दावा किया कि बैठक में सभी विधायकों, मंत्रियों और पदाधिकारियों ने सुनेत्रा पवार के नेतृत्व में पार्टी की एकजुटता पर सर्वसम्मति जताई।
पार्टी प्रवक्ता ने पार्थ पवार की राजनीतिक गतिविधियों में भूमिका का भी बचाव किया। उन्होंने कहा कि अजित पवार के निधन के बाद सुनेत्रा, पार्थ और जय ने खुद को पूरी तरह पार्टी के लिए समर्पित कर दिया है।
सुनेत्रा पवार के राजनीतिक अनुभव पर विपक्षी एनसीपी (शरदचंद्र पवार) के विधायक रोहित पवार की टिप्पणी को भी उन्होंने खारिज किया। उन्होंने रोहित पवार पर पलटवार करते हुए कहा कि उन्हें दूसरों के नेतृत्व पर सवाल उठाने के बजाय पहले अपने निर्वाचन क्षेत्र करजत-जामखेड़ पर ध्यान देना चाहिए।
देश और दुनिया की ताजा खबरों के लिए Hindi News देखें। Live Cricket Score , IPO Listings, Shiv Chalisa, राशिफल और दुर्गा चालीसा पर अन्य जानकारी पाएं।