मुंबई के सेवड़ी वर्कशॉप में XUV700 से कुचलकर वर्कर की मौत, नाबालिग ड्राइवर और ठेकेदार पर FIR
मुंबई के सेवड़ी में एक ऑटोमोबाइल वर्कशॉप में वर्कर साजिद अली शेख की XUV700 से कुचलकर मौत हो गई, जिसे 17 वर्षीय नाबालिग चला रहा था।

सेवड़ी वर्कशॉप में दबकर साजिद की मौत
HighLights
मुंबई के सेवड़ी वर्कशॉप में वर्कर साजिद की मौत।
17 वर्षीय नाबालिग ड्राइवर ने XUV700 से कुचला।
ठेकेदार पर बाल श्रम कानून के तहत मामला दर्ज।
डिजिटल डेस्क, मुंबई। मुंबई के सेवड़ी में एक ऑटोमोबाइल वर्कशॉप में बड़ा हादसा हो गया। यहां गाड़ी के नीचे दबकर 32 साल के एक वर्कर की दबकर मौत हो गई।
वर्कशॉप में यह हादसा तब हुआ, जब 17 साल का एक वर्कर XUV700 चला रहा था। 17 साल के उस वर्कर ने SUV आगे बढ़ाई, जिससे वो साजिद से टकरा गई।
वर्कशॉप में गाड़ी के नीचे दबकर साजिद की मौत
साजिद अली शेख कोल्गेट जेटी पर एक ऑटोमोबाइल फैसिलिटी के वॉशिंग एरिया में दीवार के पास बैठे थे, तभी सुबह करीब 11:30 बजे XUV700 आगे बढ़ी। उन्हें गंभीर चोटें आईं और उन्हें KEM अस्पताल ले जाया गया, जहां उन्हें मृत घोषित कर दिया गया।
इस घटना के सामने आने के साथ ही एक अहम सवाल खड़ा हुआ कि 17 साल का लड़का वर्कशॉप में कैसे काम कर रहा था और गाड़ी कैसे चला रहा था? पुलिस ने कॉन्ट्रैक्टर मोहम्मद गुड्डू खान के खिलाफ मामला दर्ज किया है और नाबालिग को हिरासत में लिया है।
FIR में सर्विस कर्मचारी मनोज वसंत शिवरीकर (56) और वॉशिंग-साइट सुपरवाइजर जफर शेख का भी नाम है। पुलिस ने भारतीय न्याय संहिता (BNS) की धारा 106(1) और बाल एवं किशोर श्रम (निषेध और विनियमन) अधिनियम की धारा 14 के तहत मामला दर्ज किया है।
17 साल के लड़के को काम पर कैसे रखा?
पीड़ित परिवार का आरोप है कि वॉशिंग कॉन्ट्रैक्ट लेने वाले खान ने लड़के को काम पर रखने से पहले उसकी उम्र की जांच नहीं की थी। परिवार की ओर से पेश वकील फहाद अली कुरैशी ने कहा कि वर्कर की तैनाती और देखरेख में शामिल सभी लोगों की भूमिका की जांच होनी चाहिए।
वडाला के सीनियर PI शशिकांत पड़ावे ने कहा कि आरोपियों को नोटिस जारी किए गए हैं, जिन धाराओं के तहत मामला दर्ज किया गया है, उनमें सात साल से कम की सजा का प्रविधान है।
सेवरी में रहने वाले उनके दूर के रिश्तेदार शेख मोहम्मद आमिर ने बताया, 'साजिद 3M के जरिए करीब 13-14 साल से गाड़ियों को धोने और उनके अंदर की सफाई का काम कर रहे थे और उन्हें महिंद्रा एंड महिंद्रा की फैसिलिटी में तैनात किया गया था। आमिर ने बताया कि वे महीने में करीब 16,000-18,000 रुपये कमाते थे।'
आमिर ने आगे बताया, 'साजिद की शादी को करीब दो-तीन साल हुए थे और वे और उनकी पत्नी बच्चे की उम्मीद कर रहे थे। साजिद परिवार में कमाने वाले मुख्य सदस्य थे और अपनी पत्नी और बुज़ुर्ग माता-पिता का ख्याल रखते थे।'
