मुंबई में बीएमडब्ल्यू कार से ट्रैफिक पुलिसकर्मी को कुचलने की कोशिश, आरोपी महिला सीओओ गिरफ्तार
मुंबई के जुहू में एक मामूली सड़क दुर्घटना के बाद एक महिला ने ट्रैफिक पुलिस कांस्टेबल को अपनी बीएमडब्ल्यू कार से कुचलने का प्रयास किया।

महिला सीओओ ने ट्रैफिक पुलिसकर्मी को कुचलने का किया प्रयास

समय कम है?
जानिए मुख्य बातें और खबर का सार एक नजर में
डिजिटल डेस्क, मुंबई। मुंबई के जुहू इलाके में मामूली सड़क दुर्घटना के बाद ड्यूटी पर तैनात ट्रैफिक पुलिस कांस्टेबल को बीएमडब्ल्यू कार से कुचलने की कोशिश के आरोप में एक महिला को गिरफ्तार किया गया है। आरोपी की पहचान जुही मेहता के रूप में हुई है, जो मुंबई की एक डिजिटल मीडिया और कंटेंट कॉमर्स कंपनी में सीओओ हैं।
पुलिस के अनुसार,, घटना 30 अक्टूबर की रात करीब 8:15 से 8:30 बजे के बीच विले पार्ले पश्चिम स्थित संगीत महाभारती जंक्शन के पास हुई। उस समय सांताक्रूज ट्रैफिक डिवीजन के कांस्टेबल प्रशांत गोकुल हाके एनएस रोड नंबर 10 पर स्थित प्रतीक्षा बंगले के बाहर वर्दी में ड्यूटी पर तैनात थे।
पुलिस के अनुसार, बीएमडब्ल्यू और मारुति वैगनआर के बीच मामूली टक्कर हो गई थी। दोनों वाहन सड़क के बीच में खड़े होने से यातायात बाधित हो रहा था। कांस्टेबल हाके ने दोनों चालकों को गाड़ियां किनारे लगाने के निर्देश दिए। आरोप है कि बीएमडब्ल्यू चला रही जुही मेहता ने निर्देश मानने से इनकार कर दिया और पुलिसकर्मी से बहस करने लगीं।
पुलिस शिकायत के अनुसार, महिला ने कांस्टेबल को धमकी देते हुए कहा, मैं बहुत अमीर हूं, मेरी बहुत पहचान है। तुझे अपहरण और महिला के झूठे केस में फंसा दूंगी। वह बार-बार उनसे पूछ रही थीं, कितना पैसे चाहिए?
आरोप है कि कांस्टेबल जब बीएमडब्ल्यू के सामने खड़े होकर उन्हें गाड़ी रोकने के लिए कह रहे थे, तभी महिला ने कार उनकी ओर तेज गति से बढ़ा दी। जान बचाने के लिए कांस्टेबल को एक तरफ हटना पड़ा। इसके बाद वह कार लेकर जेवीपीडी जंक्शन की ओर फरार हो गईं। इस मामले में जुहू पुलिस ने एफआईआर दर्ज किया है।
पुलिस ने बीएमडब्ल्यू के खिलाफ ई-चालान भी जारी किया है। दुर्घटना में वैगनआर भी क्षतिग्रस्त हुई है। उसके मालिक ने भी पुलिस से शिकायत की है। पुलिस घटनास्थल के सीसीटीवी फुटेज की जांच कर रही है, ताकि टक्कर और उसके बाद हुई घटनाओं का क्रम स्पष्ट किया जा सके। मामले में आगे की जांच जारी है।
देश और दुनिया की ताजा खबरों के लिए Hindi News देखें। Live Cricket Score , IPO Listings, Shiv Chalisa, राशिफल और दुर्गा चालीसा पर अन्य जानकारी पाएं।