यह एक आर्काइव लेख है, जिसे Oct 20, 2022 को प्रकाशित किया गया था। इसमें दी गई जानकारी वर्तमान समय के लिहाज से पुरानी हो सकती है।
होलसेल बिजनेस शुरू करना चाहते हैं तो रखें इस बात का ध्यान, थोड़ी सी चूक पड़ सकती है भारी
अजय के पिता फलों की दुकान चलाते हैं। वह इससे हटकर कुछ करना चाहता था इसलिए उसने अंडों का हाेलसेल ...और पढ़ें

मुंबई, मिड डे। मुंबई के चारकोप में एक 22 वर्षीय स्टूडेंट अंडों के चक्कर में धोखाधड़ी का शिकार हो गया। उसने इलाके की पुलिस स्टेशन में इसकी शिकायत दर्ज कराई है। शिकायतकर्ता का नाम अजय गुप्ता है। अजय अंडों का होलसेल बिजनेस करता है। सितंबर, 2021 को उसने किसी शख्स को 30,000 अंडों का आर्डर दिया था, जिससे उसकी मुलाकात जस्ट डायल के जरिए हुई थी और इसके लिए उसने एडवांस में 44,200 रुपये भी चुकाए थे।
गुप्ता ने उस शख्स को कुल राशि का 40 फीसदी भुगतान कर दिया था जिसमें जीएसटी के रूप में 10,200 रुपये भी शामिल था। इसके बाद अजय को इंश्योरेंस के लिए अतिरिक्त 42,750 रुपये चुकाने के लिए कहा गया। अजय ने इससे इंकार करते हुए पहले दिए हुए पैसों को वापस करने को कहा, लेकिन आरोपित गुरमीत सिंह ने ऐसा करने से मना कर दिया।
पिता से अलग कुछ करने की थी ख्वाहिश
इसके बाद अजय ने चारकोप पुलिस स्टेशन में शिकायत दर्ज कराई, लेकिन अजय ने आरोप लगाते हुए कहा कि उस वक्त पुलिस स्टेशन में तैनात अफसर ने ऐसा करने से इंकार कर दिया। थक-हारकर अजय ने मई, 2022 में कोर्ट का दरवाजा खटखटाया।
कोर्ट ने पुलिस स्टेशन को केस दर्ज करने के लिए कहा। इस सिलसिले में तीन लोगों को मंगलवार हिरासत में लिया गया है। पुलिस सूत्रों के मुताबिक, गुप्ता बीकॉम फाइनल इयर का स्टूडेंट है और चारकोप मार्केट में उसके पिता की फलों की एक दुकान है।
2021 में होलसेलर बनने की ठानी
अजय अपना खुद का बिजनेस शुरू करना चाहता था इसलिए उसने 2021 में अंडों का होलसेलर बनने का सोचा। मिली जानकारी के अनुसार अजय ने बताया, 'मुझे जस्ट डायल पर पैराडाइज एक्सपोर्ट्स के बारे में पता चला। मैंने कंपनी की वेबसाइट में अपना पंजीकरण कराया। कुछ ही मिनटों में मुझे डीलर का काल आया, जिसने मुझे 30 अंडों के एक ट्रे के लिए 95 रुपये देने को कहा। जब मैंने उससे कहा कि मुझे 1,000 ट्रे चाहिए क्योंकि मुझे बिजनेस शुरू करना है, तो वह 85 रुपये प्रति ट्रे के हिसाब से सप्लाइ देने के लिए तैयार हो गया। जब हमारे बीच बात फाइनल हो गई, तो उसने मुझे कुल राशि का 40 प्रतिशत पहले और माल मिलने के बाद बाकी के पैसे चुकाने को कहा। उस पर यकीन करते हुए मैंने उसे 34,000 रुपये दे दिए। इसके बाद उसने जीएसटी का रमक भरने को कहा और वह भी मैंने किया।'
व्हाट्स एप पर हुआ सच्चाई का खुलासा
अजय ने आगे कहा, 'उसी रात को मुझे एक अनजान नंबर से व्हाट्स एप पर काल आया, मैंने फोन उठाया तो किसी ने मुझे कहा कि गुरप्रीत को आगे से बिल्कुल भी पैसा न दे क्योंकि वह धोखेबाज है और पहले भी कई लोगों को ठग चुका है।'
गुप्ता ने आगे कहा, 'अगले दिन सुबह मैं गुरप्रीत को काल किया और उसे बीती रात आए फोन के बारे में बताया। उसने बताया कि कोई उसके बारे में गलत बोल रहा है। इसी के साथ उसने मुझे 42,750 रुपये देने को कहा।'
पुलिस ने किया केस दर्ज
चारकोप पुलिस स्टेशन के एक अधिकारी ने कहा, हमने आरोपित के खिलाफ भारतीय दंड संहिता की धारा 120बी, 34, 406, 420 और आइटी एक्ट की विभिन्न धाराओं के तहत मामला दर्ज किया है।
