यह एक आर्काइव लेख है, जिसे Oct 19, 2022 को प्रकाशित किया गया था। इसमें दी गई जानकारी वर्तमान समय के लिहाज से पुरानी हो सकती है।
गुप्ता बिल्डर्स एंड प्रमोटर्स के 4 सदस्यों पर 50 हजार का इनाम, चंडीगढ़ में आरोपितों पर धोखाधड़ी के 19 केस दर्ज
चंडीगढ़ पुलिस ने गुप्ता बिल्डर्स एंड प्रमोटर्स के सदस्यों के खिलाफ इनाम घोषित कर दिया है। पुलिस के अनुसार आरोपितों ...और पढ़ें

कुलदीप शुक्ला, चंडीगढ़। चंडीगढ़ पुलिस विभाग के गुप्ता बिल्डर्स एंड प्रमोटर्स के डायरेक्टर सहित चार सदस्यों के खिलाफ बुधवार को 50 हजार रुपये का इनाम घोषित किया हैं। इसमें आरोपित सतीश गुप्ता, प्रदीप गुप्ता, रमन गुप्ता और अनुपम गुप्ता के नाम शामिल हैं। इनकी सूचना देने वाले मुखबीर की पहचान गुप्त रखने की शर्त पर पुलिस विभाग की तरफ से 50 हजार का इनाम दिया जाएगा।
पुलिस की ओर से इनाम की राशि घोषित करने की जानकारी दी गई। पुलिस अनुसार आरोपितों के खिलाफ धोखाधड़ी समेत अन्य धाराओं के तहत करीब 19 केस दर्ज है। सभी आरोपितों की मिलीभगत से शिकायतकर्ताओं को आवासीय और व्यावसायिक स्थानों पर जमीन, प्लाट, फ्लैट देने के बहाने मोटी रकम जमा करवा चुके है। अभी तक लगभग 40 करोड़ रुपये की कुल सम्पत्ति की ठगी सामने आई है।
अप्रैल में 1500 करोड़ की ठगी के 6 मामलों में केस
चंडीगढ़ के सेक्टर-34 थाना पुलिस ने अप्रैल में गुप्ता बिल्डर्स एंड प्रमोटर्स के खिलाफ 1500 करोड़ की धोखाधड़ी के मामलों में छह एफआईआर दर्ज की थीं। मामले में जीबीपी के साथ जीएंडजी बिल्डर्स के मैनेजिंग पार्टनर पर भी केस दर्ज हुआ था। जीरकपुर निवासी देवभूषण गुप्ता ने शिकायत में बताया था कि जीबीपी के डायरेक्टर रमन गुप्ता, प्रदीप गुप्ता व अन्य और जीएंडजी बिल्डर्स के मैनेजिंग पार्टनर नीरज गुप्ता ने करीब 2500 लोगों के साथ अलग-अलग प्रोजेक्ट में 1500 करोड़ रुपये की धोखाधड़ी की है।
ईडी भी कर रही कार्रवाई
प्रवर्तन निदेशालय (ईडी) ने मनी लान्ड्रिंग मामले में गुप्ता बिल्डर्स एंड प्रमोटर्स प्राइवेट लिमिटेड और उसके निदेशकों के खिलाफ छापामारी की थी। ईडी की टीम ने चंडीगढ़, अंबाला, पंचकूला, मोहाली और दिल्ली समेत 19 स्थानों पर छापामारी की। समाचार एजेंसी ने जानकारी देते हुए बताया कि केंद्रीय एजेंसी ने छापामारी के दौरान चल और अचल संपत्तियों, 85 लाख रुपये की अघोषित नकदी और एक आडी क्यू-7 कार से संबंधित विभिन्न दस्तावेजों को जब्त किया था।
