'हम तुम्हें मार डालेंगे', मुंबई में चाकू की नोक पर छात्र से छीने 14 हजार; कैब में किया था अगवा
मुंबई में 18 वर्षीय छात्र को कैब में अगवा कर चाकू की नोक पर 14,250 रुपये लूटे गए। पुलिस ने ...और पढ़ें
-1791885922846_m.webp)
18 वर्षीय छात्र को कैब में अगवा किया गया। (फोटो- AI जेनरेटेड)
HighLights
18 वर्षीय छात्र को कैब में अगवा किया गया।
चाकू की नोक पर 14,250 रुपये ऐंठे गए।
पुलिस ने 12 घंटे में तीनों आरोपी पकड़े।
डिजिटल डेस्क, मुंबई। मुंबई में 18 साल के फर्स्ट ईयर के स्टूडेंट को तीन लोगों ने कैब में अगवा कर लिया। बदमाशों ने चाकू के बल पर छात्र को लगभग 15 मिनट तक जबरन इलाके में घुमाया और छात्र से जबरन 14,250 रुपये ऐंठने के बाद 10 अक्टूबर को सुबह छोड़ दिया।
12 घंटे के अंदर तीनों आरोपी गिरफ्तार
जुहू पुलिस ने हिस्ट्रीशीटर आजाद मनियार, दीपेश चव्हाण और मोंडाया देवेंद्र उर्फ किशन के खिलाफ अपहरण, जबरन वसूली और लूट का मामला दर्ज किया है। इन लोगों ने कथित तौर पर पीए अग्रवाल को जबरन कैब में बैठाया उसके बाद जेब से 5 हजार 250 रुपये चुराए और उससे ई-वॉलेट के जरिए 9 हजार रुपये ट्रांसफर करवाए।
पुलिस ने इस मामले में त्वरित कार्रवाई करते हुए वारदात के सिर्फ 12 घंटे के अंदर ही तीनों आरोपियों को अंधेरी में उनके ठिकाने से गिरफ्तार कर लिया है।
10 अक्टूबर की रात क्या हुआ?
जानकारी के मुताबिक 18 साल का पीड़ित छात्र 9 अक्टूबर की रात खाना खाने के बाद अपनी मौसी की बेटी और उसकी तीन सहेलियों को छोड़ने विले पार्ले स्थित गर्ल्स हॉस्टल गया था। अग्रवाल की शिकायत के मुताबिक उन लोगों को छोड़ने के बाद उसने एक कैब बुक की।
जैसे ही अग्रवाल कैब में बैठा, तीन अज्ञात लोगों ने आकर ड्राइवर का दरवाजा खोला और ड्राइवर थप्पड़ मार दिया। बदमाशों ने दावा किया कि वे यूनियन के सदस्य है और पिछले दिन एक गर्ल्स हॉस्टल में हुई दुष्कर्म की घटना का हवाला देकर पीड़ित को कार में ही बंधक बनाए रखा।
इसके बाद मुख्य आरोपी आजाद मनियान जबरन कार में बैठ गया और ड्राइवर को तेज गति में गाड़ी भगाने के लिए कहा जबकि उसके दो अन्य साथी स्कूटर से कैब का पीछा करते रहे।
चाकू दिखाकर ऐंठे रुपये
करीब 15 मिनट तक कैब घुमाने के बाद बदमाशों ने जुहू रुइया पार्क के पास गाड़ी रुकवाई और अग्रवाल पर चाकू तान दिया। आरोपियों ने पहले पीड़ित की जेब से 5 हजार 250 रुपये नकद निकाल लिए और फिर डरा धमाकाकर UPI के जरिए एक ई-वॉलेट में 5 हजार रुपये ट्रांसफर करवाए।
आरोपी इतने पर ही नहीं रुके इसके बाद उन्होंने पीड़ित छात्र को अपनी बहन से फोन करके 4 हजार रुपये मांगने के लिए मजबूर किया। छात्र से कुल 14 हजार 250 रुपये ऐंठने के बाद बदमाशों ने मिठीबाई कॉलेज के पास छात्र को फेंक दिया और किसी को बताने पर जान से मारने की धमकी दी।
दोस्तों के साथ जाकर दर्ज की FIR
घटना के बाद पीड़ित छात्र ने दोस्तों से संपर्क किया और शिकायत दर्ज कराई। पुलिस अधिकारी के मुताबिक जिस फोन नंबर पर ई-वॉलेट से UPI ट्रांसफर हुआ था, उस नंबर के टेक्निकल एनालिसिस की मदद से आरोपियों का सुराग मिला।
