मुंबई: आदित्य ठाकरे और अमित ठाकरे समेत 25 नेताओं पर FIR, शिवाजी पार्क में प्रदर्शन के बाद पुलिस का एक्शन
मुंबई पुलिस ने शिवाजी पार्क में बिना अनुमति प्रदर्शन करने के आरोप में शिवसेना (UBT) नेता आदित्य ठाकरे और MNS ...और पढ़ें
HighLights
आदित्य और अमित ठाकरे सहित 25 नेताओं पर FIR।
शिवाजी पार्क में बिना अनुमति प्रदर्शन का मामला।
गैर-कानूनी सभा और नियमों के उल्लंघन के आरोप।
डिजिटल डेस्क, मुंबई। मुख्य चुनाव आयुक्त (CEC) ज्ञानेश कुमार के खिलाफ विरोध प्रदर्शन कर रहे कार्यकर्ताओं की हिरासत के खिलाफ शिवाजी पार्क पुलिस स्टेशन के बाहर प्रदर्शन करने के मामले में मुंबई पुलिस ने कड़ा एक्शन लिया है। शिवसेना (UBT) नेता आदित्य ठाकरे और महाराष्ट्र नवनिर्माण सेना (MNS) नेता अमित ठाकरे समेत 25 नेता शामिल हैं।
मुंबई पुलिस द्वारा यह कार्रवाई कल हुए विरोध प्रदर्शन के सिलसिले में की गई है। इन पर गैर-कानूनी तरीके से इकट्ठा होने और सार्वजनिक व्यवस्था के नियमों का उल्लंघन करने के आरोप हैं। FIR में नामजद अन्य प्रमुख नेताओं में MNS नेता संदीप देशपांडे और शिवसेना नेता वरुण सरदेसाई और महेश सावंत शामिल हैं।
आजाद मैदान पुलिस स्टेशन में मामला दर्ज
यह मामला आजाद मैदान पुलिस स्टेशन में तब दर्ज किया गया, जब विरोध मार्च बिना जरूरी पुलिस मंजूरी के निकाला गया और आरोप है कि इससे दक्षिण मुंबई में लागू निषेधाज्ञा का उल्लंघन हुआ।
अधिकारियों ने आरोपियों के खिलाफ भारतीय न्याय संहिता (BNS) की कई धाराएं लगाई हैं। यह मामला BNS की धारा 189(2) (गैर-कानूनी सभा के लिए सजा) के साथ-साथ धारा 37(1), 37(3) और 135 के तहत दर्ज किया गया है, जो सरकारी कर्मचारी द्वारा जारी आदेशों की अवहेलना और संबंधित अपराधों से जुड़ी हैं।
बताते चलें कि बीते रविवार को शिवसेना (UBT) नेता आदित्य ठाकरे और महाराष्ट्र नवनिर्माण सेना (MNS) नेता अमित ठाकरे ने शिवाजी पार्क पुलिस स्टेशन के बाहर विरोध प्रदर्शन किया। दोनों नेता हिरासत में लिए गए प्रदर्शनकारियों की रिहाई की मांग कर रहे थे।
भारत के लोगों से डरी हुई है भाजपा सरकार
हिरासत के बारे में बात करते हुए, आदित्य ठाकरे ने भाजपा पर उन नागरिकों से डरने का आरोप लगाया जो विरोध करने के लिए सड़कों पर उतर रहे थे। उन्होंने कहा, 'BJP सरकार भारत के लोगों, भारत के नागरिकों से डरी हुई है। और इसीलिए आप देख रहे हैं कि वे हर उस भारतीय को गिरफ्तार कर रहे हैं जो देशभक्त है और सड़कों पर उतर रहा है। BJP डरी हुई है।
सभी गद्दार अब क्या कह रहे हैं?
जो लोग हमसे दूर होकर BJP में शामिल हो गए, वे सभी गद्दार अब क्या कह रहे हैं? एकनाथ शिंदे कहां छिपे हैं? उनके साथ गए छह सांसद कहां छिपे हैं? उनके सभी सहयोगी कहां हैं?' (समाचार एजेंसी ANI के इनपुट के साथ)
