न दरवाजा टूटा, न ताला... अलमारी से गायब हो गए 26 लाख के गहने; 17वीं मंजिल पर कैसे हुई 'हाईटेक' चोरी?
मुंबई के हीरानंदानी गार्डन्स में एक फ्लैट से बिना ताला तोड़े 25.9 लाख के गहने, सोने के सिक्के और 7 लाख कैश चोरी हो गए।

बिना ताला तोड़े 26 लाख के गहने और कैश गायब

समय कम है?
जानिए मुख्य बातें और खबर का सार एक नजर में
डिजिटल डेस्क, मुंबई। मुंबई के पॉश इलाके हीरानंदानी गार्डन्स से एक हैरान करने वाला चोरी का मामला सामने आया है। यहां एक बहुमंजिला इमारत की 17वीं मंजिल पर स्थित फ्लैट में शातिर चोरों ने बिना ताला तोड़े या जबरन घुसे लगभग 25.9 लाख रुपये के सोने-हीरे के गहने, 20 सोने के सिक्के और 7 लाख रुपये कैश पर हाथ साफ कर दिया।
पुलिस इस बात से हैरान है कि दरवाजे या अलमारी का ताला टूटे बिना इतनी बड़ी चोरी को अंजाम कैसे दिया गया।
बचत और पैतृक संपत्ति का पैसा था सुरक्षित
पीड़ित कांसर परिवार के अनुसार, उन्होंने साल 2008 से 2014 के बीच अपनी बचत और बोनस से 10-10 ग्राम के 20 सोने के सिक्के जमा किए थे। इसके अलावा, हाल ही में कच्छ में जमीन बिकने के बाद दादी से मिली नकदी भी घर में रखी थी। 28 अगस्त को दंपति ने सभी गहने, सिक्के और कैश चेक करने के बाद अलमारी में रखे थे और चाबी अपने लैपटॉप बैग में रख दी थी।
लेकिन जब 15 सितंबर को अलमारी खोली गई तो परिवार के होश उड़ गए। क्योंकि अलमारी में रखा सारा कीमती सामान गायब था। शुरुआत में परिवार को लगा कि शायद किसी सदस्य ने सामान कहीं रखा होगा, लेकिन जब सच्चाई सामने आई तो 16 सितंबर तो पवई पुलिस स्टेशन में औपचारिक शिकायत दर्ज कराई गई।
रील बनाने वाली कामवाली पर शक
इस मामले की जांच के दौरान 16 सितंबर को घर की कुक जब बाथरूम का आउटलेट साफ कर रही थी, तब उसे सोने के सिक्कों के तीन खाली पैकेट मिले। इससे पुलिस को अंदेशा हुआ कि चोरी के दौरान पैकेट गलती से ड्रेनेज में चले गए होंगे।
कांसर परिवार ने अपनी पूर्व घरेलू सहायिका अनितादेवी प्रसाद पर शक जताया है, जिसे घर के अंदर इंस्टाग्राम वीडियो (रील) बनाने की वजह से नौकरी से निकाल दिया गया था। आरोप है कि नौकरी से हटाए जाने के बाद भी उसने घर की चाबी वापस नहीं की थी। हालांकि, पुलिस का कहना है कि वह केवल अभी संदिग्ध है और मामले में कोई आधिकारिक गिरफ्तारी नहीं हुई है।
सीसीटीवी कैमरे बढ़ा रहे पुलिस की उलझन
हादसे के समय इमारत के सीसीटीवी कैमरे बंद पड़े थे, जिससे पुलिस को अंदेशा है कि चोरी को सुरक्षा खामियों और कैमरों के खराब होने की पूरी जानकारी थी। पवई पुलिस अब विजिटर रजिस्टर खंगाल रही है और सुरक्षा गार्डों, मौजूदा व पूर्व कर्मचारियों से भी पूछताछ कर रही है।
