मुंबई पुलिस ने AI वैन से किया ऑन-द-स्पॉट ड्रग टेस्ट, गांजा और कोकीन के नशे में मिले 12 लोग गिरफ्तार
मुंबई पुलिस ने वर्ली रेसकोर्स में एक म्यूजिक कॉन्सर्ट में पहली बार AI-आधारित फॉरेंसिक वैन तैनात की। इस वैन से मौके पर 55 लोगों की स्क्रीनिंग की गई, जिसमें 12 लोग ड्रग्स के सेवन में पॉजिटिव पाए गए और उन्हें गिरफ्तार किया गया।
-1795501728194_m.webp)
मुंबई पुलिस की AI वैन ने कॉन्सर्ट में ड्रग्स लेते लोगों को पकड़ा। (खबर की प्रस्तुतीकरण के लिए इस तस्वीर को AI की मदद से बनाया गाय है।)
HighLights
मुंबई पुलिस ने AI फॉरेंसिक वैन से ड्रग टेस्ट किया।
वर्ली कॉन्सर्ट में 12 लोग ड्रग्स के सेवन में पॉजिटिव मिले।
यह भारत में अपनी तरह की पहली हाई-टेक पहल है।
डिजिटल डेस्क, मुंबई। म्यूजिक कॉन्सर्ट और बड़े सार्वजनिक आयोजनों में नशे के बढ़ते चलन पर लगाम लगाने के लिए मुंबई पुलिस ने एक हाई-टेक कदम उठाया है। पुलिस के एंटी-नारकोटिक्स सेल (ANC) ने रविवार को वर्ली रेसकोर्स में आयोजित एक लाइव म्यूजिक कॉन्सर्ट के दौरान पहली बार 'AI-आधारित फॉरेंसिक वैन' तैनात की।
इस मोबाइल यूनिट के जरिए संदिग्धों की लार (ओरल-फ्लूइड) के नमूनों की मौके पर ही जांच की गई, जिसमें 55 लोगों की स्क्रीनिंग के बाद 12 लोगों में ड्रग्स के सेवन की पुष्टि हुई। पुलिस ने सभी 12 लोगों को गिरफ्तार कर आगे की कानूनी कार्रवाई के लिए ताड़देव पुलिस को सौंप दिया गया है।
पुलिस के अनुसार, पॉजिटिव पाए गए 12 लोगों में 11 पुरुष और एक महिला शामिल थी। 11 लोग कैनबिस (गांजा) के इस्तेमाल में पॉजिटिव पाए गए, जबकि महिला कोकीन के इस्तेमाल में पॉजिटिव पाई गई।
कैसे जांच करती है यह मशीन?
दरअसल, यह मोबाइल यूनिट (फोरेंसिक वैन) मुंह के लार के सैंपल के जरिए लोगों की ड्रग स्क्रीनिंग कर सकती है और संदिग्ध नशीले पदार्थों का शुरुआती टेस्ट कर सकती है। इसकी मदद से पुलिस किसी घटना के बाद पारंपरिक जांच पर पूरी तरह निर्भर रहने के बजाय, ओरल-फ्लूइड स्क्रीनिंग किट और एनालाइजर का इस्तेमाल करके संदिग्ध लोगों की जांच कर सकती है।
इन गाड़ियों में 'रमन स्पेक्ट्रोस्कोपी' का इस्तेमाल करके संदिग्ध नशीले पदार्थों की शुरुआती केमिकल पहचान भी की जा सकती है। हालांकि, पॉजिटिव स्क्रीनिंग के नतीजों की पुष्टि अधिकृत लैब टेस्ट के जरिए की जानी जरूरी है।
सीएम फडणवीस ने किया उद्घाटन
गौरतलब है कि शनिवार को मुख्यमंत्री देवेंद्र फडणवीस ने इस वैन का उद्घाटन किया। इसे भारत में अपनी तरह की पहली पहल बताया जा रहा है।
संयुक्त पुलिस आयुक्त (अपराध) अनिल कुंभारे ने कहा, 'कॉन्सर्ट में मोबाइल टेस्टिंग यूनिट की तैनाती सक्रिय पुलिसिंग की दिशा में एक अहम कदम है। इससे मौके पर ही ड्रग्स के सेवन का पता लगाने में मदद मिलेगी।
नशे की प्रवृत्ति पर अंकुश लगेगा और बड़े सार्वजनिक आयोजनों में सुरक्षा व्यवस्था और मजबूत होगी। हम जल्द ही अन्य सार्वजनिक कार्यक्रमों और कॉन्सर्ट के बाहर भी ऐसी और वैन तैनात करने की योजना बना रहे हैं।'