नौसेना डॉकयार्ड में जासूसी का खुलासा: ट्रेनी ने बनाए 90 वीडियो, पाकिस्तानी एजेंटों से करता था ग्रुप कॉल
मुंबई पुलिस ने नौसेना डॉकयार्ड के एक प्रशिक्षु को पाकिस्तानी खुफिया एजेंटों के संपर्क में रहने और संवेदनशील सैन्य प्रतिष्ठानों के 90 वीडियो बनाने के आरोप में गिरफ्तार किया है।

नौसेना डॉकयार्ड प्रशिक्षु पर जासूसी का आरोप लगा (यह तस्वीर AI से बनाई गई है)

समय कम है?
जानिए मुख्य बातें और खबर का सार एक नजर में
राज्य ब्यूरो, मुंबई। मुंबई के नौसेना डॉकयार्ड में प्रशिक्षु के रूप में काम करने वाले 21 वर्षीय युवक पर पाकिस्तानी खुफिया एजेंटों के संपर्क में रहने और संवेदनशील सैन्य प्रतिष्ठानों के करीब 90 वीडियो बनाने का आरोप है।
मुंबई पुलिस ने नौसेना डॉकयार्ड में प्रशिक्षु के रूप में कार्यरत बंटी रामप्रकाश मीणा को पिछले सप्ताह जासूसी के आरोप में गिरफ्तार किया गया था।
कोलाबा के बधवार पार्क निवासी आरोपित के खिलाफ भारतीय न्याय संहिता (बीएनएस), आधिकारिक गोपनीयता अधिनियम और सूचना प्रौद्योगिकी अधिनियम के तहत मामला दर्ज किया गया है।
पुलिस ने सोमवार को स्थानीय अदालत में रिमांड बढ़ाने की मांग करते हुए बताया कि आरोपित ने नौसेना डॉकयार्ड के भीतर स्थित संवेदनशील सुविधाओं के करीब 90 वीडियो बनाए थे। वह अपने इंस्टाग्राम अकाउंट और एक व्हाट्सएप नंबर के माध्यम से पाकिस्तानी खुफिया एजेंटों के संपर्क में आया था।
आरोप है कि वह संदिग्ध पाकिस्तानी एजेंटों के साथ ग्रुप कॉल में भी शामिल होता था। पुलिस को संदेह है कि कुछ लोग जहाजों की मरम्मत करने वाली कंपनियों के कर्मचारी बनकर नौसेना डॉकयार्ड पहुंचने वाले युद्धपोतों और अन्य नौसैनिक जहाजों की जानकारी जुटाने का प्रयास कर रहे थे।
पुलिस अब आरोपित के संपर्कों, डिजिटल संवाद, संभावित वित्तीय लेनदेन और इस नेटवर्क में अन्य लोगों की भूमिका की जांच कर रही है।