विज्ञापन हटाएंसिर्फ खबर पढ़ें

मुंबई में मानसून का रौद्र रूप: तीन की मौत पर उठे सवाल, स्कूल-कॉलेज बंद; फ्लाइट्स ठप-अलर्ट पर प्रशासन

Published: Sun, 05 Jul 2026 10:08 PM (GMT+05:30)

मुंबई में मानसून की भारी बारिश ने तबाही मचाई, जिससे तीन लोगों की मौत हो गई, हवाई यात्रा बाधित हुई और स्कूल-कॉलेज बंद करने पड़े।

मुंबई में मानसून का रौद्र रूप। (एएनआई)

मुंबई में मानसून का रौद्र रूप। (एएनआई)

HighLights

  1. मुंबई में भारी बारिश से तीन लोगों की मौत हुई।

  2. हवाई अड्डे पर उड़ानें बाधित, स्कूल-कॉलेज बंद किए गए।

  3. मानसून तैयारियों पर राजनीतिक दलों में बहस छिड़ी।

डिजिटल डेस्क, मुंबई। मानसून की बारिश मुंबई के लिए आफत बनकर आई है। रविवार को मुंबई में भारी बारिश और तेज हवाओं ने भारी तबाही मचाई, जिससे हवाई यात्रा बाधित हुई, तीन व्यक्ति की मौत हो गई और शहर में मानसून की तैयारियों को लेकर नई राजनीतिक बहस छिड़ गई।

देश की आर्थिक राजधानी के कई इलाकों में पिछले 24 घंटों में 200 से 300 मिलीमीटर तक वर्षा दर्ज की गई। मरीन ड्राइव व गेटवे ऑफ इंडिया के पास ऊंची लहरें देखी गईं। शहर के अलग-अलग हिस्सों से आईं तस्वीरों में समुद्र का उग्र रूप दिखाई दिया, जबकि लगातार हो रही वर्षा से जनजीवन प्रभावित होता रहा।

बारिश के कारण स्कूलों की छु्ट्टी घोषित

मुंबई में मौसम विभाग के ऑरेंज अलर्ट के मद्देनजर सोमवार को सभी सरकारी एवं निजी स्कूल-कॉलेजों में अवकाश घोषित किया गया है। रातभर हुई भारी बारिश के कारण रविवार को छत्रपति शिवाजी महाराज अंतरराष्ट्रीय हवाई अड्डे पर रनवे का संचालन एक घंटे के लिए रोकना पड़ा।

एयरपोर्ट पर रवने का कामकाज एक घंटे रहा ठप

छत्रपति शिवाजी महाराज इंटरनेशनल एयरपोर्ट पर रवने का कामकाज लगभग एक घंटे के लिए बंद होने से फ्लाइट्स संचालन बुरी तरह प्रभावित हुआ, जबकि IMD ने और तेज बारिश की चेतावनी देते हुए ऑरेंज अलर्ट जारी किया है।

फ्लाइट्स उड़ानों पर असर

भारी बारिश और तेज हवाओं के कारण मुंबई इंटरनेशनल एयरपोर्ट को सुबह 10.17 बजे से 11.17 बजे के बीच रनवे का कामकाज रोकना पड़ा, जिससे आने और जाने वाली दोनों तरह की फ्लाइट्स बाधित हुई।

CST ani

इंडिगो ने 4 फ्लाइट्स रद कीं

खराब मौसम के कारण इंडिगो की चार फ्लाइट्स रद करनी पड़ीं और अलग-अलग एयरलाइंस की 13 आने वाली फ्लाइट्स का रास्ता बदलना पड़ा। सूत्रों के मुताबिक, हालात सुधरने के बाद रास्ता बदली गई सभी फ्लाइट्स मुंबई लौट गईं और सुरक्षित उतर गईं।

जानलेवा साबित हुई बारिश

मुंबई में बारिश जानलेवा साबित हो रही है। लगातार हो रही बारिश की वजह से अब तक 3 लोगों की मौत हो गई। कुर्ला वेस्ट के कमानी इलाके में गोम्स गाउन बिल्डिंग के पास हिंदी बीएमसी स्कूल के पास एक दुकान पर पेड़ गिरने से 63 वर्षीय यूनुस कुंडावाला की मौत हो गई। यह घटना दोपहर करीब 12:40 बजे हुई।

मुंबई के कुर्ला में रविवार को भारी बारिश के दौरान एक दुकान पर पेड़ गिरने से 63 वर्षीय व्यक्ति की मौत के बाद लोगों ने विरोध प्रदर्शन किया।

1002026318

गोरेगांव में पेड़ गिरने से दो महिलाएं घायल

मुंबई के गोरेगांव में MG रोड पर एक केमिस्ट की दुकान के बाहर एक बड़ा पेड़ गिर गया, जिससे दो महिलाएं उसके नीचे दब गईं और गंभीर रूप से घायल हो गईं। यह घटना CCTV में कैद हो गई।

पेड़ गिरते ही स्थानीय लोग मदद के लिए दौड़े और पेड़ के नीचे फंसी दोनों महिलाओं को बाहर निकालने की कोशिश की। जल्द ही नगर निगम की टीम मौके पर पहुंची और लगभग 15 मिनट में पेड़ को हटा दिया गया, जिससे सड़क पर ट्रैफिक फिर से शुरू हो सका।

कांग्रेस ने भाजपा पर उठाए सवाल

भारी बारिश ने मुंबई के सिविक इंफ्रास्ट्रक्चर को लेकर राजनीतिक लड़ाई को फिर से हवा दे दी है। मुंबई कांग्रेस अध्यक्ष वर्षा गायकवाड़ ने शहर के खराब होते इंफ्रास्ट्रक्चर के लिए बीजेपी को जिम्मेदार ठहराया। उन्होंने कहा कि लगभग तीन दशकों तक बृहन्मुंबई नगर निगम (BMC) पर प्रभावी नियंत्रण रखने के बाद पार्टी अपनी जिम्मेदारी से बच नहीं सकती।

उन्होंने कहा कि बीजेपी ने शिवसेना के साथ गठबंधन में 25 सालों तक नगर निकाय पर शासन किया और 2022 में नगर निकाय चुनाव न होने के बाद नियुक्त प्रशासक के माध्यम से अपना प्रभाव बनाए रखा।

इसे भी पढ़ें: मानसून की रफ्तार: दिल्ली-यूपी-राजस्थान समेत उत्तर भारत में झमाझम बारिश; 11 जुलाई तक का अलर्ट