मुंबई के पार्क में तस्वीरें ले रहे युवक-युवती को नाबालिगों ने पीटा, आठ हिरासत में
मुंबई के कुर्ला स्थित प्रमोद महाजन उद्यान में तस्वीरें ले रहे एक युवक और उसकी महिला मित्र पर नाबालिगों के समूह ने हमला कर दिया।

कुर्ला के पार्क में नाबालिगों ने युवक-युवती को पीटा। (फोटो- स्क्रीनग्रैब, सोशल मीडिया)
HighLights
कुर्ला के पार्क में नाबालिगों ने युवक-युवती को पीटा।
तस्वीरें लेने पर शुरू हुआ विवाद, डंडों-पत्थरों से हमला।
किरीट सोमैया के हस्तक्षेप पर आठ नाबालिग हिरासत में।
जागरण न्यूज नेटवर्क, नई दिल्ली। मुंबई के कुर्ला इलाके में फीनिक्स माल के पास प्रमोद महाजन उद्यान में नाबालिगों की खुलेआम गुंडागर्दी सामने आई। उन्होंने युवक और उसकी महिला मित्र के साथ मारपीट की, जब वे तस्वीरें ले रहे थे।
मुंबई राज्य ब्यूरो के अनुसार, 20 नवंबर को हुई इस घटना में आठ से 10 नाबालिग लड़कों ने युवक-युवती को घेरकर डंडों, बेल्ट, चप्पलों और पत्थरों से हमला किया। हमलावरों की उम्र सात से 15 वर्ष के बीच बताई जा रही है।
घटना का वीडियो इंटरनेट मीडिया पर प्रसारित होने के बाद पूर्व भाजपा सांसद किरीट सोमैया के हस्तक्षेप पर घाटकोपर पुलिस ने आठ नाबालिगों के खिलाफ प्राथमिकी दर्ज कर उन्हें हिरासत में ले लिया है। आइएएनएस के अनुसार, सोमैया ने दावा किया कि जिन लड़कों ने जोड़े के साथ मारपीट की, वे मुस्लिम समुदाय से जुड़े हैं।
मिड डे के अनुसार, पीड़ित सौरभ श्रीनिवास कुशवाहा ने पुलिस में दी गई शिकायत में कहा है कि वह अपनी दोस्त से मिलने आए थे। वे खरीदारी के लिए फीनिक्स मार्केटसिटी माल गए, और उसके बाद शाम करीब चार बजे प्रमोद महाजन उद्यान चले गए। वे जब तस्वीरें ले रहे थे, तभी लड़के आए और परेशान करने लगे। लड़कों ने उन पर अश्लील फब्तियां कसनी शुरू कर दीं।
विरोध किया, तो लड़के हिंसक हो गए। उनमें से एक ने सौरभ पर डंडे से हमला किया, जबकि दूसरे ने चेहरे पर मुक्का मारा। बाकी ने भी हमला बोल दिया। जब उसकी दोस्त ने बीच-बचाव की कोशिश की तो उस पर भी हमला बोला गया।
दोनों को इलाज के लिए राजावाड़ी अस्पताल ले जाया गया। मुंबई राज्य ब्यूरो के अनुसार, पुलिस ने पांच नाबालिगों के अभिभावकों को भी कानूनी नोटिस जारी किया है।
सभी आरोपितों को किशोर न्याय बोर्ड के समक्ष पेश किया जाएगा। सोमैया ने आरोप लगाया कि हमलावरों ने युवा जोड़े के पहनावे तथा इलाके में आने पर आपत्ति जताते हुए मारपीट की। उन्होंने इसे मुस्लिम गुंडई करार देते हुए दोषियों के साथ उनके अभिभावकों के विरुद्ध भी सख्त कार्रवाई की मांग की है। हालांकि, पुलिस ने अब तक अपने आधिकारिक बयान में आरोपितों की धार्मिक पहचान या घटना के किसी सांप्रदायिक पहलू की पुष्टि नहीं की है।
देश और दुनिया की ताजा खबरों के लिए Hindi News देखें। Live Cricket Score ,IPO Listings, Shiv Chalisa, राशिफल और दुर्गा चालीसा पर अन्य जानकारी पाएं।