मुंबई में ओवरहेड तार टूटने से थमी लोकल ट्रेनों की रफ्तार, ऑफिस जाने वाले यात्री परेशान
मुंबई में सेंट्रल रेलवे की मेन लाइन पर ओवरहेड इक्विपमेंट (OHE) तार लटकने से लोकल ट्रेन सेवाएं बाधित हुईं।

मुंबई में लोकल ट्रेन की रफ्तार पर लगा ब्रेक।
HighLights
सेंट्रल रेलवे की लोकल ट्रेनें तकनीकी खराबी से बाधित।
मुलुंड-ठाणे के बीच ओवरहेड इक्विपमेंट का तार लटका।
यात्रियों को 15-20 मिनट की देरी का सामना करना पड़ा।
डिजिटल डेस्क, मुंबई। मुंबई की लाइफलाइन कही जाने वाली लोकल ट्रेन सेवाएं सोमवार सुबह तकनीकी समस्या के कारण बाधित हो गई।
मुलुंड और ठाण रेलवे स्टेशनों के बीच ओवरहेड इक्विपमेंट से एक बाहरी तार लटकता हुआ पाए जाने के बाद सेंट्रल रेलवे की मेन लाइन पर उपनगरीय ट्रेनों की आवाजाही प्रभावित हुई, जिससे दफ्तर जाने वाले यात्रियों को भारी असुविधा का सामना करना पड़ा।
सुबह 9:23 बजे लटकता दिखा तार
सेंट्रल रेलवे के मुख्य जनसंपर्क अधिकारी स्वप्निल नीला ने न्यूज एजेंसी पीटीआई को मामले की जानकारी देते हुए बताया कि सुबह 9:23 बजे छत्रपति शिवाजी महाराज टर्मिनस से 31.146 किलोमीटर दूर, डाउन स्लो लाइन पर एक बाहरी तार देखा गया।
तार लटकने के कारण सुरक्षा को ध्यान में रखते हुए ट्रेनों की गति धीमी कर दी गई। इसके चलते मेन लाइन पर लोकल ट्रेनें अपने निर्धारित समय से 15 से 20 मिनट की देरी से चलने लगीं।
रेलवे प्रशासन ने स्थिति को तुरंत नियंत्रित करने और तार को हटाने के लिए सुबह 10 बजे ओवरहेड इक्विपमेंट ब्लॉक लिया। जिसके बाद आवश्यक मरम्मत कार्य शुरू किया गया।
ऑफिस जाने में यात्रियों को हुई परेशानी
सोमवार सुबह जब बड़ी संख्या में लोग अपने दफ्तरों और कार्यस्थलों के लिए निकले थे, उसी समय ट्रेनें लेट होने से प्लेटफॉर्मों और ट्रेनों के भीतर भारी भीड़ जमा हो गई। यात्रियों ने सोशल मीडिया पर ट्रेनों के देरी से चलने की शिकायत की।
सेंट्रल रेलवे की यह मुख्य लाइन दक्षिण मुंबई के CSMT को ठाणे जिले के कल्याण जंक्शन से जोड़ती है। कल्याण से आगे यह मार्ग दो हिस्सों में बंटता है एक रूट ठाणे के कसारा की ओर और दूसरा रायगढ़ जिले के खोपोली की ओर जाता है। जिससे रोजाना लाखों दैनिक यात्री सफर करते हैं। मरम्मत कार्य पूरा होने के बाद ट्रेनों का परिचालन धीरे-धीरे सामान्य किया जा रहा है।
