फिर पटरियों पर दौड़ने लगी Mumbai Local, सिर्फ इन लोगों को मिली यात्रा की इजाजत
Mumbai local मुंबई की लाइफलाइन लोकल ट्रेन का परिचालन सोमवार सुबह से शुरु हो गया है लेकिन अभी कुछ खास लोग ही इसमें यात्रा कर सकेंगे।
मुंबई, जेएनएन। मुंबई की लाइफलाइन कही जाने वाली लोकल ट्रेन आज से आवश्यक सेवाओं से जुड़े लोगों के लिए शुरु कर दी गई है। गौरतलब है कि कोरोना वायरस लॉकडाउन के कारण काफी समय पहले इस सेवा को बंद कर दिया गया था। ये सेवा सेंट्रल रेलवे की मेन और हार्बर दोनों लाइनों के बीच शुरु की गई है। मिली जानकारी के अनुसार इससे आवश्यक सेवाओं से जुड़े लगभग 1.25 लाख लोगों को अपने गंतव्य तक पहुंचने में सुविधा होगी। सोमवार सुबह 5 बजकर 30 मिनट पर चर्चगेट से विरार के लिए पहली लोकल ट्रेन रवाना हुई।
कल्याण जंक्शन रेलवे स्टेशन पर पहुंची लोकल ट्रेन। पश्चिम रेलवे (डब्ल्यूआर) ने राज्य सरकार द्वारा निर्धारित आवश्यक कर्मचारियों की आवाजाही के लिए आज अपनी चयनित उपनगरीय सेवाओं को फिर से शुरु किया है।
रेलवे के ट्वीट के अनुसार पश्चिम रेलवे ने निर्णय लिया है कि मुंबई में सोमवार से चुनिंदा रूट पर ही नियम व शर्तों के साथ ट्रेनों का परिचालन किया जाएगा। सोमवार सुबह 5:30 बजे से ट्रेन चलनी शुरु हो गई है। 15 मिनट के अंतराल के साथ यह ट्रेनें रात 11:30 बजे तक चलाई जाएंगी।
गौरतलब है कि वीरवार को केंद्रीय स्वास्थ्य मंत्री हर्षवर्धन के साथ वीडियो कॉन्फ्रेंसिंग में महाराष्ट्र के स्वास्थ्य मंत्री राजेश टोपे ने आवश्यक सेवाओं में लगे लोगों की सुविधा व सुरक्षित आवागमन करने के लिए लोकल ट्रेनों के महत्व पर जोर दिया था। इसके अलावा, सीएम उद्धव ठाकरे ने पहले ही केंद्र से लोकल ट्रेन शुरु करने की बात कही थी।
ज्ञात हो कि आम दिनों में मुंबई की लाइफलाइन कही जाने वाली लोकल ट्रेन में प्रतिदिन लगभग 80 लाख लोग मुंबई के एक कोने से दूसरे कोने तक यात्रा करते हैं। इनमें तीन लोकल लाइन शामिल होती हैं। वेस्टर्न लाइन जो चर्चगेट से विरार तक, सेंट्रल लाइन जो CST से कल्याण के आगे तक जाती है और हार्बर लाइन शामिल है।