विज्ञापन हटाएंसिर्फ खबर पढ़ें

मुंबई में युवक-युवती से मारपीट करने वाले दो और मुस्लिम लड़के हिरासत में, बढ़ा राजनीतिक विवाद

Published: Tue, 24 Nov 2026 12:58 AM (IST)

मुंबई के कुर्ला में एक युवक-युवती से मारपीट के आरोप में दो और नाबालिग मुस्लिम लड़कों को हिरासत में लिया गया है, जिससे कुल गिरफ्तारियां आठ हो गई हैं। इस घटना ने राजनीतिक विवाद को जन्म दिया है।

News Article Hero Image

HighLights

  1. कुर्ला मारपीट मामले में दो और नाबालिग हिरासत में लिए गए।

  2. कुल आठ नाबालिगों को सुधार गृह भेजा गया है।

  3. घटना पर नितेश राणे और कांग्रेस में राजनीतिक विवाद छिड़ा।

डिजिटल डेस्क, मुंबई। मुंबई के कुर्ला स्थित एक सार्वजनिक उद्यान में युवक और युवती के साथ कथित तौर पर मारपीट करने के आरोप में दो और नाबालिग मुस्लिम लड़कों को हिरासत में लिया गया है। इसके साथ ही इस मामले में अब तक कुल आठ लोगों को पकड़ा जा चुका है।

इस घटना ने राजनीतिक विवाद को भी जन्म दे दिया है। इसमें महाराष्ट्र के मंत्री नितेश राणे भी शामिल हो गए हैं। जहां एक ओर राणे ने मदरसों को निशाने पर लिया, वहीं कांग्रेस ने भाजपा पर अपराध को "धार्मिक रंग" देने का आरोप लगाया।

एक अधिकारी ने बताया कि इन दोनों लड़कों को जुवेनाइल जस्टिस बोर्ड (जेजेबी) के सामने पेश किया गया, जहां से उन्हें चार दिसंबर तक के लिए सुधार गृह भेज दिया गया। इससे पहले शनिवार को 12 से 15 साल की उम्र के छह अन्य नाबालिगों को हिरासत में लिया गया था, जो पहले से ही चार दिसंबर तक के लिए उसी सुधार गृह में रखे गए हैं।

यह घटना कुर्ला पश्चिम में एक माल के पीछे स्थित प्रमोद महाजन गार्डन में हुई थी। शुक्रवार को इंटरनेट मीडिया पर इसका एक वीडियो प्रसारित होने के बाद यह मामला सामने आया, जिससे लोगों में भारी आक्रोश फैल गया। वीडियो में दिख रहा है कि एक युवक और उसकी महिला मित्र को नाबालिगों के एक समूह ने घेर लिया है।

उन्होंने उन पर डंडे से हमला किया, मुक्के और लातें मारीं और जब वे वहां से भागने की कोशिश करने लगे तो उनका पीछा भी किया। बाद में पुलिस ने हमले में शामिल नाबालिगों की पहचान की और विभिन्न धाराओं के तहत मामला दर्ज किया।

इस घटना पर प्रतिक्रिया देते हुए भाजपा नेता और राज्य के मंत्री नितेश राणे ने आरोप लगाया कि मदरसों (इस्लामिक शिक्षण संस्थानों) में कोई उचित शिक्षा नहीं दी जाती, बल्कि वहां छात्रों को केवल नफरत करना, मतांतरण कराना और हिंदुओं की हत्या करना सिखाया जाता है।

पत्रकारों से बात करते हुए उन्होंने आरोप लगाया कि वहां डॉक्टर या इंजीनियर नहीं बनाए जाते। वहां बस हिंदुओं को मारना और उनका मतांतरण कराना सिखाया जाता है। मदरसों में कोई अच्छी शिक्षा नहीं दी जाती।

उन्होंने कहा कि महाराष्ट्र में यदि कोई हिंदुओं की तरफ बुरी नीयत से देखता है तो शुक्रवार के दिन उसे खड़े होने या बैठने में भी दिक्कत होगी। उसके पैर कांपने लगेंगे। महाराष्ट्र पुलिस ऐसा करके दिखाएगी।

राणे ने कहा कि हिंदुओं को सतर्क रहना चाहिए, केवल हिंदुओं के साथ व्यापार करना चाहिए और अपने घर भी केवल अपने समुदाय के लोगों को ही बेचने चाहिए।

महाराष्ट्र कांग्रेस के प्रवक्ता सचिन सावंत ने कहा कि अपराधियों को धार्मिक आधार पर बांटना या किसी एक व्यक्ति के अपराध के लिए पूरे समुदाय को निशाना बनाना समानता, धर्मनिरपेक्षता और भाईचारे जैसे संवैधानिक मूल्यों के खिलाफ है।

उन्होंने कहा कि यदि मुस्लिम समुदाय का कोई व्यक्ति अपराध करता है तो उसे 'टाइम बम' कहा जाता है, जबकि किसी दूसरे समुदाय का व्यक्ति अपराध करे तो उसे 'फुलझड़ी' कहा जाता है। यह दोहरा मापदंड क्यों। आपराधिक प्रवृत्ति के लोगों का कोई धर्म नहीं होता।
(समाचार एजेंसी पीटीआई के इनपुट के साथ)

देश और दुनिया की ताजा खबरों के लिए Hindi News देखें। Live Cricket Score ,IPO Listings, Shiv Chalisa, राशिफल और दुर्गा चालीसा पर अन्य जानकारी पाएं।