मुंबई में एफडीए की बड़ी कार्रवाई, Dominos समेत 3 फूड आउटलेट्स के लाइसेंस सस्पेंड
महाराष्ट्र खाद्य एवं औषधि प्रशासन (एफडीए) ने मुंबई में तीन खाद्य प्रतिष्ठानों के लाइसेंस निलंबित कर दिए हैं, जिनमें परेल का डोमिनोज पिज्जा भी शामिल है।

मुंबई एफडीए ने तीन खाद्य प्रतिष्ठानों के लाइसेंस निलंबित किए
HighLights
मुंबई एफडीए ने तीन खाद्य प्रतिष्ठानों के लाइसेंस निलंबित किए
परेल स्थित डोमिनोज पिज्जा भी निलंबित प्रतिष्ठानों में शामिल
जांच में खाद्य सुरक्षा नियमों के गंभीर उल्लंघन उजागर हुए
डिजिटल डेस्क, मुंबई। महाराष्ट्र खाद्य एवं औषधि प्रशासन (एफडीए) ने मुंबई में तीन खाद्य प्रतिष्ठानों के लाइसेंस को निलंबित कर दिया। इनमें परेल में डोमिनोज पिज्जा आउटलेट भी शामिल है। यह कार्रवाई खाद्य सुरक्षा नियमों के गंभीर उल्लंघन के बाद की गई।
एफडीए ने एक बयान में कहा कि जांच के बाद जुबिलेंट फूडवर्क्स लिमिटेड (जो परेल में डोमिनोज पिज्जा चलाती है), भांडुप वेस्ट में माज फूड पार्सल एंड कैटरिंग और कुर्ला वेस्ट में मुगल ढाबा के लाइसेंस या रजिस्ट्रेशन को निलंबित कर दिया गया।
अधिकारियों ने जांच में पाया कि पिज्जा आउटलेट अगस्त में जारी नोटिस में बताई गई कमियों को ठीक करने में नाकाम रहा था।
एफडीए ने बताया कि नौ अक्टूबर को दोबारा जांच में पाया गया कि शाकाहारी और मांसाहारी खाद्य पदार्थों को एक ही डीप फ्रीजर में रखा गया था। चिकन और पनीर को एक ही ओवन या ग्रिल पर पकाया जा रहा था।
एक अलग कार्रवाई में एफडीए ने छत्रपति संभाजीनगर में बजरंग ट्रेडिंग कंपनी नाम की तेल रीपैकिंग यूनिट से 12,382 किलोग्राम संदिग्ध मिलावटी और गलत लेबल वाला खाद्य तेल जब्त किया। इस तेल की कीमत 23.35 लाख रुपये है।
(न्यूज एजेंसी पीटीआई के इनपुट के साथ)
