विज्ञापन हटाएंसिर्फ खबर पढ़ें

7 साल पुराना रिश्ता टूटा तो सनकी आशिक ने एक्स-गर्लफ्रेंड के घर में लगाई आग, समय रहते बची परिवार की जान

Published: Sun, 22 Nov 2026 02:20 PM (IST)

मुंबई के डोंबिवली में ब्रेकअप से नाराज एक युवक ने अपनी पूर्व प्रेमिका के घर में आग लगा दी। परिवार की सतर्कता से बड़ा हादसा टल गया और पुलिस ने आरोपी दीपेश रस्तोगी को गिरफ्तार कर लिया है।

ब्रेकअप से नाराज युवक ने एक्स-गर्लफ्रेंड के फ्लैट में लगाई आग (AI से बनाई गई सांकेतिक तस्वीर)

ब्रेकअप से नाराज युवक ने एक्स-गर्लफ्रेंड के फ्लैट में लगाई आग (AI से बनाई गई सांकेतिक तस्वीर)

HighLights

  1. ब्रेकअप से नाराज युवक ने पूर्व प्रेमिका के घर में आग लगाई।

  2. परिवार की सूझबूझ से बड़ा हादसा टला, कोई हताहत नहीं।

  3. पुलिस ने आरोपी दीपेश रस्तोगी को गिरफ्तार कर लिया है।

डिजिटल डेस्क, मुंबई। मुंबई से एक बड़ी खबर सामने आ रही है। यहां सात साल पुराना रिश्ता टूटने से नाराज एक युवक ने अपनी पूर्व प्रेमिका के घर को आग के हवाले करने की खौफनाक साजिश रची। मामला मुंबई से सटे डोंबिवली के एक पॉश इलाके का है, जहां आरोपी ने युवती के फ्लैट के मुख्य दरवाजे पर पेट्रोल छिड़ककर आग लगा दी।

गनीमत रही कि परिवार की सतर्कता से आग अंदर फैलने से पहले ही बुझा ली गई और एक बड़ा हादसा टल गया। इसके बाद मानपाड़ा पुलिस ने कार्रवाई करते हुए आरोपी युवक दीपेश रस्तोगी को गिरफ्तार कर लिया है।

समझिए क्या है पूरा मामला?

पुलिस के मुताबिक, पीड़ित युवती डोंबिवली के एक पॉश इलाके में अपने माता-पिता के साथ रहती है। युवती और आरोपी दीपेश रस्तोगी पिछले करीब सात से आठ साल से रिलेशनशिप में थे। हालांकि, बीते कुछ समय से दोनों के बीच मतभेद बढ़ गए थे, जिसके बाद युवती ने यह रिश्ता खत्म करने का फैसला किया और दीपेश को इस बारे में साफ बता दिया था।

दरवाजे पर पेट्रोल डालकर लगाई आग

पुलिस को शक है कि दीपेश इस ब्रेकअप को बर्दाश्त नहीं कर पाया। गुस्से में आकर उसने गुरुवार को युवती के फ्लैट के एंट्रेंस गेट (मुख्य दरवाजे) पर पेट्रोल डाला और आग लगा दी।

अचानक लगी आग से घर के अंदर मौजूद युवती और उसके माता-पिता में दहशत फैल गई। लेकिन परिवार ने घबराने के बजाय तुरंत सूझबूझ दिखाई और आग को घर के अंदर फैलने से पहले ही काबू में कर लिया। इस घटना में युवती और उसके माता-पिता पूरी तरह सुरक्षित हैं।

पुलिस कस्टडी में आरोपी, जांच जारी

गौरतलब है कि इस वारदात के बाद यह आशंका भी जताई जा रही है कि आरोपी पूरे परिवार को नुकसान पहुंचाना चाहता था। मानपाड़ा पुलिस स्टेशन के वरिष्ठ पुलिस निरीक्षक संदीपन शिंदे ने आरोपी की गिरफ्तारी की पुष्टि की है। उन्होंने बताया कि दीपेश रस्तोगी को गिरफ्तार कर लिया गया है और कोर्ट ने उसे 24 नवंबर तक पुलिस हिरासत में भेज दिया है। पुलिस मामले की हर एंगल से जांच कर रही है।

देश और दुनिया की ताजा खबरों के लिए Hindi News देखें। Live Cricket Score ,IPO Listings, Shiv Chalisa, राशिफल और दुर्गा चालीसा पर अन्य जानकारी पाएं।