आईएस आतंकी साजिश मामले में डॉक्टर को छह साल की कठोर कारावास, NIA कोर्ट का बड़ा फैसला
एनआईए की विशेष अदालत ने एक एनेस्थेसियोलॉजिस्ट डॉ. अदनान अली सरकार को आईएस आतंकी साजिश मामले में छह साल की कठोर कारावास की सजा सुनाई।

NIA कोर्ट का बड़ा फैसला।
HighLights
एनेस्थेसियोलॉजिस्ट को आईएस आतंकी साजिश में सजा।
डॉ. अदनान अली सरकार को छह साल कठोर कारावास।
एनआईए विशेष अदालत ने राष्ट्रीय सुरक्षा पर जोर दिया।
डिजिटल डेस्क, मुंबई। एनआईए की एक विशेष अदालत ने शनिवार को एक एनेस्थेसियोलॉजिस्ट को छह साल की कठोर कारावास की सजा सुनाई। उसने 2023 के इस्लामिक स्टेट आफ इराक एंड सीरिया (आईएस) आतंकी साजिश मामले में अपना गुनाह कुबूल कर लिया था।
आरोपी डॉक्टर अदनान अली सरकार ने अदालत से कहा कि वह अपने गलत कामों पर पछतावा कर रहा है। अपने तथा अपने परिवार के भविष्य के लिए अपना गुनाह कुबूल कर रहा है।
विशेष एनआईए जज अभय ए. जोगलेकर ने उसे गैरकानूनी गतिविधियां (रोकथाम) अधिनियम और भारतीय दंड संहिता के तहत आपराधिक साजिश रचने और सुबूत मिटाने का दोषी ठहराया।
अदनान का गुनाह कुबूलनामा स्वीकार करते हुए जज ने कहा कि भले ही यह उसका पहला अपराध था, लेकिन उस पर लगे आरोप गंभीर हैं। जज ने कहा कि अदालत का मानना है कि समाज में एक कड़ा संदेश जाना चाहिए, ताकि इस तरह की हरकतें समाज में दोबारा न पनपें।
खासकर तब, जब ऐसे तत्वों की वजह से राष्ट्रीय सुरक्षा खतरे में पड़ रही हो। अदनान और अन्य आरोपितों को एक आइएस माड्यूल का पर्दाफाश होने के सिलसिले में गिरफ्तार किया गया था। उन पर प्रतिबंधित आतंकी संगठन को सक्रिय रूप से समर्थन देने का आरोप था।