मुंबई: दादर की 50 मंजिला कोहिनूर स्क्वायर बिल्डिंग स्थित होटल के किचन में लगी आग
मुंबई के दादर वेस्ट स्थित 50 मंजिला कोहिनूर स्क्वायर बिल्डिंग की पहली मंजिल पर एक होटल की रसोई में आग ...और पढ़ें
HighLights
आग दादर वेस्ट के कोहिनूर स्क्वायर की पहली मंजिल पर लगी।
होटल की किचन में लगी आग, कोई हताहत नहीं हुआ।
दमकल विभाग ने 9:25 बजे लेवल-1 की आग घोषित किया।
डिजिटल डेस्क, मुंबई। मुंबई के दादर वेस्ट के 50 मंजिला कमर्शियल बिल्डिंग कोहिनूर स्क्वायर में सोमवार सुबह आग लग गई। मुंबई फायर ब्रिगेड के अनुसार, आग इमारत की पहली मंजिल पर संचालित एक होटल की किचन में लगी थी। समय रहते कार्रवाई होने से इस घटना में कोई हताहत नहीं हुआ।
यह घटना दादर वेस्ट में शिवसेना भवन के ठीक सामने स्थित कोहिनूर स्क्वायर टावर में हुई। मुंबई फायर ब्रिगेड के नियंत्रण कक्ष को सुबह 9:18 बजे आग लगने की सूचना प्राप्त हुई थी। मौके की स्थिति और इमारत के आकार को देखते हुए दमकल विभाग ने सुबह 9:25 बजे इसे आधिकारिक तौर पर लेवल-1 की आग घोषित किया।
राहत और बचाव कार्य के लिए एजेंसियां तैनात
आग की खबर मिलते ही प्रशासनिक अमला तुरंत हरकत में आ गया। स्थिति को नियंत्रित करने के लिए मुंबई फायर ब्रिगेड की गाड़ियों के साथ-साथ मुंबई पुलिस, बेस्ट, लोक निर्माण विभाग (PWD), स्वास्थ्य विभाग के अधिकारी और 108 एम्बुलेंस सेवा को तुरंत मौके पर भेजा गया। स्थानीय वार्ड स्तर के कर्मचारियों ने भी पहुंचकर परिसर को खाली कराने और व्यवस्था संभालने में मदद की।
आपातकालीन सेवाओं की मुस्तैदी से आग को समय रहते काबू में कर लिया गया, जिससे कोई जानमाल का बड़ा नुकसान नहीं हुआ।
हादसे के दौरान किसी भी व्यक्ति के घायल होने की खबर नहीं है। होटल के किचन में आग किस वजह से लगी, इसके सटीक कारणों की विस्तृत जांच की जा रही है।
यह भी पढ़ें- नवी मुंबई शिफ्ट होने से एयरलाइंस का इनकार, मुंबई एयरपोर्ट के समर स्लॉट में कटौती की योजना को दी चुनौती
