विज्ञापन हटाएंसिर्फ खबर पढ़ें

मुंबई में बम धमाकों की धमकी से हड़कंप; मुंबई एयरपोर्ट, अमिताभ बच्चन के आवास और बैंकों को उड़ाने का आया मेल

Published: Thu, 12 Nov 2026 08:53 PM (IST)

मुंबई में छत्रपति शिवाजी महाराज अंतरराष्ट्रीय हवाई अड्डे, अमिताभ बच्चन के आवास 'जलसा' और बैंकों सहित कई प्रमुख स्थानों पर बम धमाकों की धमकी भरा ई-मेल मिला है।

मुंबई में कई प्रमुख स्थानों पर बम धमाकों की धमकी का आया मेल

मुंबई में कई प्रमुख स्थानों पर बम धमाकों की धमकी का आया मेल

HighLights

  1. मुंबई में कई प्रमुख स्थानों पर बम धमाकों की धमकी।

  2. हवाई अड्डे, अमिताभ बच्चन के आवास 'जलसा' को निशाना बनाने की धमकी।

  3. सुरक्षा एजेंसियां हाई अलर्ट पर, ई-मेल की जांच जारी।

राज्य ब्यूरो, मुंबई। मुंबई में गुरुवार सुबह एक बार पुनः बम धमाकों की धमकी भरा ई-मेल मिलने से सुरक्षा एजेंसियां सतर्क हो गई हैं। ई-मेल में छत्रपति शिवाजी महाराज अंतरराष्ट्रीय हवाई अड्डे, महापौर कार्यालय, सिने अभिनेता अमिताभ बच्चन के बंगले 'जलसा' और पंजाब नेशनल बैंक (पीएनबी) की शाखा सहित महानगर के कई प्रमुख स्थानों पर बम विस्फोट करने की धमकी दी गई है। इसके बाद मुंबई पुलिस और अन्य सुरक्षा एजेंसियों को हाई अलर्ट पर रखा गया है। मुंबई में पहले भी ऐसी धमकियां मिलती रही हैं।

एक अधिकारी के अनुसार, सुबह 10 बजकर 52 मिनट पर भेजा गया यह ई-मेल मुंबई स्थित पीएनबी के जोनल कार्यालय, कफ परेड स्थित स्थानीय अपराध शाखा (एलसीबी) और दक्षिण मुंबई के जवेरी बाजार स्थित बैंक की शाखा को भेजा गया था। ई-मेल में मुंबई की एक पीएनबी शाखा में दोपहर 1 बजकर 11 मिनट पर बम विस्फोट करने की धमकी दी गई थी। मेल में 27 नवंबर और 31 दिसंबर की तारीखों का भी उल्लेख किया गया है।

इसमें मुंबई के विभिन्न बैंकों, छत्रपति शिवाजी महाराज अंतरराष्ट्रीय हवाई अड्डे, अमिताभ बच्चन के आवास 'जलसा' और महापौर कार्यालय को निशाना बनाने की धमकी दी गई है। अधिकारी ने बताया कि ई-मेल में कथित खालिस्तानी संगठन 'खालिस्तान नेशनल आर्मी' का भी उल्लेख किया गया है। हालांकि, धमकी की प्रामाणिकता और ई-मेल भेजने वाले व्यक्ति की वास्तविक पहचान का तत्काल पता नहीं चल सका है।

धमकी मिलने के बाद सुरक्षा एजेंसियां सतर्क हो गई हैं। संबंधित स्थानों की सुरक्षा व्यवस्था को लेकर एहतियाती कदम उठाए जा रहे हैं। पुलिस ई-मेल के स्रोत और उसमें किए गए दावों की जांच कर रही है।

देश और दुनिया की ताजा खबरों के लिए Hindi News देखें। Live Cricket Score , IPO Listings, Shiv Chalisa, राशिफल और दुर्गा चालीसा पर अन्य जानकारी पाएं।