'2030 तक न भरें उड़ान..', मुंबई इंटरनेशनल एयरपोर्ट का एयरलाइंस को बड़ा झटका
मुंबई इंटरनेशनल एयरपोर्ट लिमिटेड (MIAL) ने 2027 से T2 पर 50 लाख यात्रियों की क्षमता सीमित करने की घोषणा की ...और पढ़ें

एयरलाइंस को नवी मुंबई शिफ्ट करने या उड़ानें रोकने का विकल्प।
HighLights
MIAL ने 2027 से T2 पर 50 लाख यात्री क्षमता सीमित की।
एयरलाइंस को नवी मुंबई शिफ्ट करने या उड़ानें रोकने का विकल्प।
एयरलाइंस और AOC ने MIAL के प्रस्ताव का कड़ा विरोध किया।
डिजिटल डेस्क, मुंबई। मुंबई इंटरनेशनल एयरपोर्ट लिमिटेड ने एयरलाइंस को बड़ा झटका देते हुए सूचित किया है कि साल 2027 के समर शेड्यूल से मुंबई एयरपोर्ट के टर्मिनल 2 पर सालाना लगभग 50 लाख यात्रियों की क्षमता को सीमित करना होगा। एयरपोर्ट ने एयरलाइंस को विकल्प दिया है कि वे अपनी एक तिहाई अंतरराष्ट्रीय उड़ानों को नवनिर्मित नवी मुंबई इंटरनेशनल एयरपोर्ट पर शिफ्ट कर सकते हैं।
एयरपोर्ट प्रशासन ने कहा कि इसके लिए एयरलाइंस खुद तय कर सकती हैं कि वे अपनी एक-तिहाई अंतरराष्ट्रीय उड़ानों को मुंबई T2 से नवी मुंबई शिफ्ट करें, 2030 तक इन उड़ानों को पूरी तरह से रोक दें, या फिर कोई अन्य विकल्प तलाशें।
एयरलाइन ऑपरेटर्स कमिटी को भेजे एक ईमेल में मुंबई इंटरनेशनल एयरपोर्ट लिमिटेड ने कहा कि सभी एयरलाइंस को 2027 के समर सीजन और उसके बाद के लिए अपनी ऑपरेशनल योजनाएं खुद तय करने की पूरी आजादी है।
मुंबई इंटरनेशनल एयरपोर्ट लिमिटेड का कहना है कि मुंबई एयरपोर्ट के सभी पुराने स्लॉट बरकरार रहेंगे और 2030 में टर्मिनल 1 का पुनर्विकास पूरा होने के बाद उन्हें बहाल कर दिया जाएगा। MIAL ने कहा, 'इन चर्चाओं का मकसद यह है कि ऐसा न लगे कि कोई फैसला एकतरफा लिया गया है।'
क्या है विवाद की मुख्य वजह?
T1 के पुनर्विकास का पहला चरण 15 जनवरी 2027 से शुरू होना तय हुआ है। इसमें T1B के उत्तरी हिस्से को तोड़ा जाएगा, जो टर्मिनल की कुल क्षमता का लगभग एक-तिहाई भाग है।
T1 का काम शुरू होने से प्रभावित होने वाले लगभग 50 लाख (5 मिलियन) घरेलू यात्रियों को संभालने के लिए MIAL ने T2 से अंतरराष्ट्रीय उड़ानों को कम करने का प्रस्ताव रखा है। MIAL का प्रस्ताव है कि मुंबई एयरपोर्ट के 770 साप्ताहिक अंतरराष्ट्रीय स्लॉट में से 265 स्लॉट कम किए जाएं, ताकि T2 पर घरेलू यात्रियों के लिए जगह बनाई जा सके।
एयरलाइंस का कड़ा विरोध: AOC ने खारिज किया प्रस्ताव
एयरलाइन ऑपरेटर्स कमिटी और विभिन्न एयरलाइंस ने स्लॉट में किसी भी तरह की एकतरफा कटौती या उड़ानों को रद्द किए जाने का जोरदार विरोध किया है। AOC ने पत्र लिखकर अंतरराष्ट्रीय उड़ानों को नवी मुंबई एयरपोर्ट शिफ्ट करने के प्रस्ताव को सिरे से खारिज कर दिया है।
कमिटी ने मांग की है कि मई 2013 के नागरिक उड्डयन मंत्रालय के स्लॉट-आवंटन दिशानिर्देशों और IATA के 'वर्ल्डवाइड एयरपोर्ट स्लॉट गाइडलाइंस' का सख्त पालन किया जाए।
एयरलाइंस ने MIAL से T1 के पुनर्विकास की पूरी समय-सीमा, स्ट्रक्चरल सेफ्टी असेसमेंट और क्षमता के सही आंकड़ों का विस्तृत ब्योरा मांगा है।
28 अक्टूबर की बैठक में फैसला
MIAL ने कहा, 'इन चर्चाओं का मकसद यह है कि ऐसा न लगे कि कोई फैसला एकतरफा लिया गया है।' विवाद को सुलझाने और आगामी योजनाओं पर रणनीति बनाने के लिए MIAL और एयरलाइन ऑपरेटर्स के बीच अगली महत्वपूर्ण बैठक 28 अक्टूबर को होने वाली है।
